कांग्रेस के पूर्व पार्षद के बेटे सिद्धार्थ यादव पर अवैध शराब मामले में FIR, तलाश में जुटी पुलिस

Sanjay Gupta | Sootr Creatives | Published:
इंदौर से गुजरात जा रही बस में पकड़ी गई सवा दो लाख की अवैध शराब के मामले में पुलिस ने शराब ठेकेदार सिद्धार्थ यादव और दो मैनेजरों को आरोपी बनाया है।
olice take major action in Indore-Gujarat illegal liquor smuggling case, naming liquor contractor Siddharth Yadav and arresting two shop managers
इंदौर से गुजरात भेजी जा रही अवैध शराब के मामले में चंदननगर पुलिस ने लंबे समय बाद बड़ी कार्रवाई की है। पहले इस मामले में ड्राइवर और कंडक्टर पर कार्रवाई की गई थी। अब पुलिस ने शराब ठेकेदार सिद्धार्थ उर्फ बंटी यादव को भी आरोपी बनाया है। मामले में कुछ अन्य शराब ठेकेदारों की मिलीभगत की बात भी सामने आ रही है।

सिद्धार्थ कांग्रेस के पूर्व विधायक भल्लू यादव का भतीजा और दिवंगत पूर्व कांग्रेस पार्षद बंते यादव का बेटा है। बंते यादव पहले कांग्रेस में थे, लेकिन बाद में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। वे सपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके थे। सिद्धार्थ लंबे समय से शराब के कारोबार से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि इंदौर की तीन से चार शराब दुकानों में भी उसकी हिस्सेदारी है।



गुजरात जा रही थी हाई-रेंज शराब

पुलिस को मिली सूचना के आधार पर 8 नवंबर की रात इंदौर से गुजरात जा रही एमआर ट्रेवल्स की बस को रोका गया था। जांच के दौरान बस से हाई-रेंज की 120 बल्क लीटर शराब मिली थी। इसकी कीमत करीब सवा दो लाख रुपए बताई गई थी। शराब जब्त करने के बाद पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ की थी।



इसी दौरान सिद्धार्थ का नाम सामने आया था। पता चला था कि यह शराब कंचनबाग की दुकान से बस में रखी गई थी। इसके बाद पुलिस ने सिद्धार्थ को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया था, लेकिन उस समय पूछताछ के बाद उसे जाने दिया गया था।



शराब दुकान मैनेजर के बाद नामजद आरोपी

पुलिस ने सिद्धार्थ की शराब दुकान के मैनेजर विनोद बोरकर और अजीत श्री से पूछताछ की थी। दोनों के बयान में सिद्धार्थ का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने विनोद और अजीत को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, सिद्धार्थ को भी इस मामले में आरोपी बना दिया गया है लेकिन वह अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।



पुलिस इस मामले में बस ड्राइवर सागर सालट, कंडक्टर सुनील वसुनिया और रतन प्रजापत को भी आरोपी बना चुकी है। चंदननगर टीआई वेदेंद्र कुशवाह ने विनोद और अजीत की गिरफ्तारी के साथ ही सिद्धार्थ को आरोपी बनाए जाने की पुष्टि की है।



कनाडिया पुलिस ने भी दिया था नोटिस

इससे पहले सिद्धार्थ को हाल ही में कनाडिया पुलिस ने भी अवैध शराब से जुड़े एक मामले में नोटिस दिया था। इसमें पूछताछ के बाद मामला शांत हो गया था। हालांकि अभी भी इस केस की जांच चल रही है।



मध्य प्रदेश में शराब को लेकर मचा है बवाल

बता दें कि इन दिनों मध्य प्रदेश में शराब को लेकर मामला बहुत गरमाया हुआ है। पुलिस अवैध शराब के कारोबार और तस्करी से जुड़े लोगों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कुछ की तलाश अभी भी जारी है।ॉ



जांच में शराब की दुकानों से लेकर ठेकेदारों और तस्करी के बड़े नेटवर्क तक की कड़ियां सामने आ रही हैं।



क्या आप जानते हैं कि अचानक शराब को लेकर पुलिस इतनी सख्त क्यों हो गई है?



दरअसल इसके पीछे देवास जिले के खातेगांव में हुई एक घटना है, जिसने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया था। हाल ही में 02 नवंबर की रात खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी पुलिस टीम के साथ इंदौर बैतूल हाईवे पर अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे थे।



पुलिस को सूचना मिली थी कि हरदा से गुजरात की ओर शराब से भरा एक ट्रक जा रहा है। जब पुलिस ने ट्रक को रोकने की कोशिश की तो ड्राइवर ने गाड़ी भगाने लगा। इसी दौरान उसने टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचल दिया। इस हादसे में उनकी मौत हो गई।



इसके बाद पुलिस ने शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच करना शुरू कर दी। मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई। जांच में मध्य प्रदेश से गुजरात तक फैले तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल कई लोगों के नाम सामने आए। जानकारी के अनुसार पुलिस अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

Tags:
  • अवैध शराब का मामला
  • पूर्व कांग्रेस पार्षद बंते यादव
  • पूर्व कांग्रेस पार्षद का बेटा सिद्धार्थ यादव
  • शराब ठेकेदार
  • पूर्व विधायक भल्लू यादव
  • चंदननगर टीआई वेदेंद्र कुशवाह
  • इंदौर