इंदौर हाईकोर्ट का उज्जैन के 6 तहसीलदारों पर 60 हजार का अर्थदंड, 5 साल से नहीं दिया जवाब...

Sanjay Gupta | Sootr Creatives | Published:
5 साल तक जवाब न देने पर इंदौर हाईकोर्ट ने उज्जैन के 6 तहसीलदारों पर 60 हजार का जुर्माना लगाया।
Indore High Court fines six Ujjain Tehsildars 60000 rupees for failing to file a reply for five years in an illegal land encroachment case
इंदौर हाईकोर्ट ने एक बार फिर अधिकारियों के काम करने के तरीके पर नाराजगी जताई है। इस बार कोर्ट ने उज्जैन में पांच साल तक पदस्थ रहे 6 तहसीलदारों पर 60 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। मामला साल 2021 से हाईकोर्ट में चल रहा है। इतने साल बीतने के बाद भी इन अधिकारियों ने कोर्ट में अपना जवाब पेश नहीं किया था।

दरअसल इंदौर हाईकोर्ट में साल 2021 से उज्जैन की राजस्व कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी समिति से जुड़ा एक मामला चल रहा है। इसमें मध्य प्रदेश शासन के साथ उज्जैन कलेक्टर, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी हल्का नंबर 64 को पक्षकार बनाया गया है।



मामला जमीन पर कब्जे को लेकर है। हाईकोर्ट इस मामले में पिछले कई सालों से शासन से जवाब मांग रहा है, लेकिन अब तक जवाब पेश नहीं किया गया। संस्था की ओर से अधिवक्ता गौरव कुमार वर्मा ने पैरवी की। उन्होंने शासन की ओर से बार-बार जवाब पेश करने के लिए समय मांगने पर आपत्ति जताई। इसके बाद हाईकोर्ट ने आदेश जारी किए।



इंदौर हाईकोर्ट का उज्जैन के 6 तहसीलदारों पर 60 हजार का अर्थदंड

तहसीलदार मुकेश सोनी पेश हुए, माफी मांगी

इस मामले में हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को संबंधित तहसीलदार को कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए थे। इसके बाद जस्टिस संदीप भट्ट की कोर्ट में तहसीलदार मुकेश सोनी पेश हुए। उन्होंने बताया कि उन्होंने मार्च 2026 में पद संभाला है। उनसे पहले 2021 से 2026 के बीच 5-6 अधिकारी इस पद पर रह चुके हैं। तहसीलदार ने कोर्ट से बिना शर्त माफी भी मांगी।



हाईकोर्ट ने कहा कि पांच साल में जवाब नहीं दिया

बेंच ने अपने लिखित आदेश में कहा कि पांच साल बीतने के बाद भी इस मामले में शासन की ओर से कोई जवाब पेश नहीं किया गया। इस दौरान इस पद पर किसी भी अधिकारी ने जवाब दाखिल कराने की जिम्मेदारी नहीं निभाई। कोर्ट का मानना है कि अधिकारियों की इस लापरवाही के कारण न्याय मिलने की प्रक्रिया में भी देरी हुई है।



इंदौर हाईकोर्ट का 6 तहसीलदारों पर 60 हजार का अर्थदंड

60 हजार रुपए वसूले जाएं

बेंच ने आगे कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए जा सकते हैं। हालांकि कोर्ट में पेश हुए तहसीलदार की बिना शर्त माफी को देखते हुए संबंधित विभाग को 60 हजार रुपए जमा कराने का आदेश दिया गया है।



यह राशि राज्य सरकार 2021 से 2026 के बीच इस पद पर रहे 5-6 अधिकारियों से बराबर वसूल सकती है। यह रकम सात दिनों के भीतर मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण में जमा करनी होगी। इसके बाद ही शासन का जवाब स्वीकार किया जाएगा।



साथ ही शासन के वकील को अगली सुनवाई यानी 3 दिसंबर को 60 हजार रुपए जमा करने की रसीद भी पेश करनी होगी। हाईकोर्ट ने यह भी कहा है कि उसकी इस टिप्पणी की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जाए।



इसके पहले 17 नवंबर को हाईकोर्ट ने यह कहा था

बता दें कि इससे पहले 17 नवंबर को भी हाईकोर्ट ने अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताई थी। उस दिन शासकीय अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि प्रशासन को जवाब देने के लिए सूचना भेजी गई थी, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं आया।



इस पर बेंच ने कहा कि जब अधिकारी राज्य के वकील की सूचना का भी जवाब नहीं दे रहे हैं, तो कोर्ट के लिए मामले में आगे बढ़ना मुश्किल हो जाता है। कोर्ट ने साफ कहा कि अगर राज्य की ओर से सहयोग नहीं मिलता है, तो उसके पास अधिकारियों के खिलाफ सख्त आदेश देने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचता।



एजी को दिए गए निर्देश

बेंच ने एडवोकेट जनरल के कार्यालय को यह भी निर्देश दिए कि वह संबंधित अधिकारियों, खासकर प्रशासन और विधि एवं न्याय विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इस मामले की जानकारी दे। कोर्ट ने कहा कि ऐसा इसलिए जरूरी है, ताकि जवाब दाखिल करने में बेवजह देरी न हो और इस तरह की लापरवाही रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें।



जमीन पर कब्जे का है मामला

यह मामला संबंधित संस्था ने हाईकोर्ट में लगाया है। संस्था की ओर से अधिवक्ता गौरव कुमार वर्मा ने कोर्ट को बताया कि प्रशासन जमीन से अवैध कब्जे नहीं हटा रहा है। जबकि तहसीलदार पहले ही कब्जे हटाने का आदेश दे चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस पर कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी रिकॉर्ड के साथ पेश होने के आदेश दिए।



साथ ही कोर्ट ने कहा कि संबंधित अधिकारी को एक शपथ-पत्र भी दाखिल करना होगा। इसमें बताना होगा कि 2021 में याचिका दायर होने के बाद से अब तक क्या कार्रवाई की गई है। साथ ही यह भी बताना होगा कि पिछले पांच साल से कोर्ट में जवाब क्यों नहीं दिया गया। कोर्ट ने चेतावनी दी कि अगर अधिकारियों का जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो उन पर कम से कम 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जा सकता है।



Tags:
  • इंदौर हाईकोर्ट
  • उज्जैन के तहसीलदारों पर अर्थदंड
  • राजस्व कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी समिति
  • अधिवक्ता गौरव कुमार वर्मा
  • इंदौर
  • जस्टिस संदीप भट्ट