इंदौर में IAS के फार्महाउस पर कुख्यात आरोपी कूबड़ा चला रहा था संगठित जुआ अड्डा
News in Short
- इंदौर में IAS वंदना वैद्य के फार्महाउस पर पुलिस ने बड़ा जुआ पकड़ा।
- मौके से 18 जुआरी गिरफ्तार हुए और 13.67 लाख रुपये नकद बरामद किए।
- राजगढ़ का कुख्यात सरगना जगदीश कूबड़ा इस संगठित जुआ गिरोह का मास्टरमाइंड है।
- IAS के परिवार ने सफाई में कहा कि अज्ञात लोगों ने अवैध घुसपैठ की है।
- पुलिस अब फरार मास्टरमाइंड कूबड़ा की तलाश कर रही है।
News in Detail
INDORE. इंदौर के मानपुर थाना एरिया में अवलीपुरा में मप्र वित्त निगम की एमडी आईएएस वंदना वैद्य व सहकारिता के पूर्व उपायुक्त जगदीश वैद्य के फार्महाउस पर जुआ पकड़ा गया। इस जुआ कांड में अभी तक 18 आरोपी पकड़ाए हैं और वहीं 5 आरोपी फरार है। इसमें 4 जुआ से जुड़े हुए हैं और एक आरोपी फार्महाउस का केयर केटर रणजीत जाट है। जाट की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। जानकारी मिल रही है कि जाट घटना के बाद से ही फोन बंद करके भाग गया है।
कुख्यात कूबड़ा मुख्य आरोपी
इस कांड के पीछे मुख्य आरोपी जगदीश राठौड़ उर्फ जगदीश कूबड़ा का नाम सामने आया है। यह राजगढ़ का बड़ा सरगना है जो जुआ अड्डे संचालित करता है। यह राजगढ़ का रहने वाला है। इस एरिया में वह लंबे समय से जुआ का संचालन करा रहा है। इसके पहले भी इसी एरिया में अन्य बंगले पर भी जुआ पकड़ाया था। घटना के बाद से ही यह फरार बताया गया है।
बिजनेसमैन खेलने आए थे जुआ
पुलिस की पकड़ में आए 18 जुआरी कई जिलों से आए हुए थे। यह मुख्य तौर पर बिजनेसमैन, छोटे व्यापारी है। इसमें इंदौर के साथ ही धार, खरगोन, देवास अलीराजपुर, उज्जैन, ब़ड़वानी, झाबुआ के साथ ही गुजरात के भी लोग थे। बताया जा रहा है कि ऐसे कई ग्राहकों के लिए जगदीश कूबड़ा ही जुआ अड्डों का संचालन कर रहा था। इसी में आईएएस का फार्महाउस भी एक अड्डा था।
छापे में मिले 13 लाख 67 हजार रुपए
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 18 जुआरियों को पकड़ा है। मौके से पुलिस ने 13 लाख 67 हजार 971 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, 30 मोबाइल फोन, 10 नई ताश की गड्डियां जब्त किया। वहीं जुआरी जिन दा कारों से आए थे वह भी जब्त की हैं। जब्त सभी सामग्री और नकदी कीमत 28 लाख 67 हजार 971 रुपए है।
इधर आईएएस की ओर से जारी की गई सफाई-
इस संबंध में आईएएस वैद्य के परिवार से सफाई जारी की गई है। उन्होंने पुलिस को भी इस संबंध में जानकारी दी है। इसमें कहा है कि कुछ अज्ञात लोगों द्वारा कल रात हमारी मालिकी के मानपुर स्थित कृषि भूमि पर बने हुए फार्म हाउस मे जुआं एवं सट्टे जैसी अनैतिक एवं आपराधिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा था। सुबह पुलिस द्वारा जांच करते वक्त कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध गिरफ़्तारी एवं जब्ती की कार्रवाई की गई है।
यह कृषि भूमि एवं फार्म हाउस हमारी निजी एवं सरकार मे घोषित संपत्ति है, जो की हमारी कुलदेवी पूजन एवं पूर्वजों को समर्पित है। यहां हमारे द्वारा पेड़ - पौधों का संरक्षण एवं रोपण किया जाता है। कृषि भूमि का मेन गेट सिर्फ परिवार के लोगों द्वारा ही कभी कभी महीनों मे धार्मिक प्रयोजनों के लिए खोला जाता है। परिवार के सदस्यों की अनुपस्थिति मे लॉक रहता है। मानपुर स्थित कृषि भूमि के लिए केयरटेकर रंजीत चौधरी नामक व्यक्ति को देखरेख करने हेतु नियुक्त किया गया था। इससे घटना के बाद से कोई भी संपर्क नही हो पा रहा है ।
आईएएस को फार्म हाउस पर चोरी की आशंका
परिवार ने पुलिस को भी जानकारी देते हुए कहा है कि इन आरोपियों को हम नहीं जानते हैं और ना ही हमारा उनसे कोई लेना देना है। इन अज्ञात लोगों द्वारा कब और कैसे यह घटना की गई इसके विषय मे हमें कोई जानकारी नहीं हैं । मुख्य गेट बाहर से बंद था और इन अज्ञात लोगों ने किस रास्ते से हमारे फार्म हाउस मे अवैध घुसपैठ एवं चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों को कारित करने की कोशिश की है, इसका हमे कोई संज्ञान नही है। हमारा यह अनुमान है कि, इन अज्ञात लोगों द्वारा हमारे फार्म हाउस मे चोरी भी की गई होगी। अतः इस अवैध घुसपैठ के चलते इन लोगों पर आपराधिक मामला दर्ज कर कार्रवाई करने का कष्ट करें।
यह खबरें भी पढ़ें...
इंदौर में आईएएस वंदना वैद्य के फार्महाउस में चल रहा था जुआ, पुलिस ने छापा मार 18 जुआरी पकड़े
लोकसभा चुनाव इंदौर में अक्षय बम की नाम वापसी फिर चर्चा में, सीसीटीवी के वो 44 सेकंड
देश में इंदौर, भोपाल सहित 46 शहरों के 62 रेस्टोरेंट में IT सर्वे में मिली 408 करोड़ की टैक्स चोरी, आयकर विभाग की चेतावनी
इंदौर में जिला आपूर्ति अधिकारी बोले कमर्शियल सिलेंडर होल्ड कर दिए हैं, विकल्प पर जाने की सलाह