मंत्री पुत्र आकाश बोले- बाणगंगा में बिक रहा नशा, मंत्री TI को बोल चुके नशा कारोबारियों को उल्टा लटका देना
दो साल पहले उन्होंने बाणगंगा के टीआई को नशा कारोबारियों पर कार्रवाई करने के लिए खुली छूट भी दी थी, लेकिन इसके बावजूद हालात नहीं बदले।
खास बात यह है कि कैलाश विजयवर्गीय के अपने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 में ही नशे की बिक्री बंद नहीं हो पा रही है। अब उनके बेटे और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा दिए हैं। आकाश का कहना है कि नशे के खिलाफ कार्रवाई करने में पुलिस नाकाम रही है। इसे लेकर उन्होंने पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह को बाकायदा पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
यह लिखा आकाश ने पत्र में
आकाश ने सीपी सिंह को पत्र में लिखा है कि बाणगंगा थाना एरिया में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री की बहुत ज्यादा शिकायतें आ रही हैं। जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बाद भी इस पर रोक नहीं लग पा रही है। कृपया इस संबंध में सख्त कार्रवाई कर जल्द से जल्द मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर रोक सुनिश्चित करें।
इसी एरिया के टीआई को यह बोले थे मंत्री
इसी एरिया के टीआई पद पर सियाराम गुर्जर की दो साल पहले नियुक्ति हुई थी। सितंबर 2024 में वार्ड 10 में सदस्यता अभियान के दौरान मंच से मंत्री विजयवर्गीय ने कहा था कि टीआई साहब ध्यान रखना जरा, मैं नशे के बहुत खिलाफ हूं। ये नशा करने वालों को उल्टा लटका देना। नशा बिल्कुल बंद होना चाहिए।
महिलाएं पहले भी कर चुकी हैं यहां की शिकायतें
उल्लेखनीय है कि दो साल पहले ही मंत्री द्वारा भागीरथपुरा में विकास कामों का निरीक्षण करने के दौरान महिलाओं ने उनसे शिकायत की थी। क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों के बिकने की शिकायत की थी। उनकी बात सुन विजयवर्गीय ने बाणगंगा पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा था कि तीन दिन में नशे के धंधे बंद होना चाहिए। अगर तीन दिन में ये सब बंद नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई करेंगे। उसके बाद टीआई का तबादला हो गया था और गुर्जर पदस्थ हुए थे।
इसी पर उन्होंने टीआई सियाराम गुर्जर से कहा था कि सियाराम जी ध्यान रखना जरा, ये नशा-वशा करने वाले लोगों को उल्टा लटका देना। नशा बिल्कुल बंद होना चाहिए क्योंकि सबसे ज्यादा परेशान हमारी माताएं और बहनें होती हैं। नशा करने के बाद लोग बेटियों को छेड़ते हैं। मेरा तो दिल पसीज जाता है।
सीएम के सामने मंच से भी बोल चुके हैं मंत्री
वहीं अक्टूबर 2024 में भी ब्रिज उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान भी मंत्री विजयवर्गीय ने नशे को लेकर अहम बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि मैं खुले मंच से कह रहा हूं, मुख्यमंत्री जी यह सब ड्रग्स वगैरह राजस्थान के प्रतापगढ़ से सप्लाई हो रहे हैं। इसे रोकने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस को राजस्थान की पुलिस से संपर्क करना पड़ेगा और आपके निर्देश पर भोपाल के अधिकारियों को पहल करनी होगी। मुझे तो ड्रग्स कारोबारियों के नाम भी पता हैं। यह भी पता है कि इस धंधे में कौन-कौन लोग हैं। यदि आपने ऐसे लोगों को जेल की सलाखों के अंदर नहीं डाला तो ये लोग हमारे मध्य प्रदेश की तरुणाई को बर्बाद कर देंगे।
विजयवर्गीय ने कहा था कि आप मुख्यमंत्री हैं और इंदौर के प्रभारी मंत्री भी हैं। इसलिए आपके निर्देश की यहां सख्त आवश्यकता है। हमें मालूम है कि आप नशे के सख्त विरोधी हैं और आपने जो संकल्प किया है, उसे पूरा करके ही दम लिया है। यह अहिल्या माता की नगरी है। यहां संस्कार हैं, संस्कृति है और महिलाओं के प्रति सम्मान भी है। कई बार नशा करने वाले लोग शहर को बदनाम करते हैं। इसलिए इनके खिलाफ बहुत सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता है। मुझे उम्मीद है आप नशे के खिलाफ और सख्त निर्देश देंगे।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह दे चुके हैं डेडलाइन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भोपाल में एक कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की हुई है कि 31 दिसंबर 2029 तक मध्य प्रदेश को पूरी तरह से नशामुक्त (नारकोटिक्स मुक्त) कर दिया जाएगा। इसके बाद मध्य प्रदेश में नशे के लिए कोई स्थान नहीं रहेगा। उन्होंने प्रदेश के माता-पिता और अभिभावकों को आश्वस्त किया कि सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए एक ठोस और सूक्ष्म योजना (बारीक प्लानिंग) पर काम कर रही है।