कांग्रेस के पूर्व पार्षद के बेटे सिद्धार्थ यादव अवैध शराब में ऐसे घिरे... ठेकेदार शिवहरे को भी नोटिस
दरअसल इंदौर से बस के जरिए गुजरात ले जाई जा रही शराब के मामले में चंदननगर पुलिस ने शराब ठेकेदार को आरोपी बनाया है। आरोपी सिद्धार्थ कांग्रेस के पूर्व विधायक भल्लू यादव का भतीजा और पूर्व कांग्रेस पार्षद बंते यादव का बेटा है। बंते यादव कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी में चले गए थे। वे सपा के प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके थे।
चंदननगर थाने में दर्ज इस मामले में पुलिस सिद्धार्थ की तलाश कर रही है। वहीं, शराब ठेकेदार आदित्य और मुकेश शिवहरे की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। पुलिस ने दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया है। दूसरी ओर, सिद्धार्थ अग्रिम जमानत लेने की कोशिश में जुटा है। बीच में खबर आई थी कि वह कोर्ट में सरेंडर करेगा। इसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए कोर्ट भी पहुंच गई, लेकिन सिद्धार्थ वहां नहीं पहुंचा।
बंटी ने पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर ले रखे हैं ठेके
बता दें कि सिद्धार्थ उर्फ बंटी यादव ने सीधे तौर पर शराब के ठेके नहीं लिए थे, लेकिन उसने इंदौर की करीब छह दुकानों के ठेके पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर ले रखे थे। इन दुकानों का कामकाज वह अपने मैनेजर विनोद बोरकर और अजीत श्री के जरिए संभाल रहा था। पुलिस इन दोनों को गिरफ्तार कर चुकी है।
3 करोड़ की अवैध शराब से भी लिंक
वहीं यह बात भी सामने आई है कि 27 अक्टूबर को आबकारी विभाग और DGGI ने दो कंटेनरों से करीब 3 करोड़ रुपए की अवैध शराब पकड़ी थी। इस शराब का लिंक भी सिद्धार्थ से जुड़ा था। हालांकि, आबकारी विभाग ने पूरी कार्रवाई कंटेनर मालिक और ड्राइवर तक सीमित रखी और मामला वहीं खत्म कर दिया।
सिद्धार्थ पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर दुकानें लेने के बाद हरियाणा और उत्तराखंड से कम कीमत और कम ड्यूटी वाली शराब मंगवा रहा था। इस शराब को इन दुकानों के जरिए खपाया जा रहा था। साथ ही, इसे गुजरात भी भेजा जा रहा था। यानी एक तरफ प्रदेश में शराब बेची जा रही थी और दूसरी तरफ गुजरात भेजकर भी खेल चल रहा था।
कनाडिया में 50 लाख की शराब में भी नोटिस
कनाड़िया पुलिस ने भी अवैध शराब के मामले में सिद्धार्थ को नोटिस जारी किया है। दरअसल जुलाई में पुलिस ने एक ट्रक पकड़ा था। इसमें करीब 55 लाख रुपए की शराब भरी हुई थी, जिसे गुजरात भेजा जा रहा था। इस मामले में आरोपी जुबानसिंह ने पुलिस को पूछताछ के दौरान सिद्धार्थ उर्फ बंटी का नाम बताया था।
अभी इस मामले में हुई है एफआईआर
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर 8 नवंबर की रात इंदौर से गुजरात जा रही एमआर ट्रेवल्स की बस की जांच की गई थी। बस से हाईरेंज की 120 बल्क लीटर शराब मिली थी। इसकी कीमत करीब सवा दो लाख रुपए बताई गई थी। शराब जब्त करने के बाद पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ की। इसी दौरान सिद्धार्थ का नाम सामने आया था।
जांच में पता चला कि यह शराब कंचनबाग की दुकान से बस में रखी गई थी। इसके बाद पुलिस ने सिद्धार्थ की शराब दुकान के मैनेजर विनोद बोरकर और अजीत श्री से पूछताछ की। दोनों के बयान में भी सिद्धार्थ का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने विनोद और अजीत को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने सिद्धार्थ को भी इस मामले में आरोपी बनाया है, लेकिन वह अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस मामले में बस ड्राइवर सागर सालट, कंडक्टर सुनील वसुनिया और रतन प्रजापत को भी आरोपी बनाया गया है। चंदननगर टीआई वेदेंद्र कुशवाह ने विनोद और अजीत की गिरफ्तारी के साथ ही सिद्धार्थ को आरोपी बनाए जाने की पुष्टि की है।