इंदौर में अवैध पोस्टर के खिलाफ अनशन कर रहे पांडे अस्पताल में, कहा महापौर, निगमायुक्त होंगे जिम्मेदार
INDORE. सफाई के सिरमौर इंदौर को नेताओं के अवैध पोस्टर, बैनर बदरंग कर रहे हैं। इसके खिलाफ 16 सितंबर से रीगल तिराहे पर भूख हड़ताल कर रहे राजनीतिक एक्टिविस्ट प्रह्लाद पांडे को आखिरकार प्रशासन ने अस्पताल में भर्ती करा दिया। उनका स्वास्थ्य मंगलवार से ही खराब हो रहा था और प्रशासन ने मेडिकल चेकअप कराया था। लेकिन वह हड़ताल खत्म करने के लिए तैयार नहीं है।
अस्पताल में भी लिखित में किया मना
पांडे को सुपर स्पेशलिएटी अस्पताल ले जाया गया है। लेकिन वहां भी उन्होंने उपचार के लिए लिखित में असहमति दे दी है और मना कर दिया है। उन्होंने लिखा कि पूरे शहर में अवैध पोस्टर, होर्डिंग्स लगे हुए हैं। मैंने जागरूकता का प्रयास किया। नगर निगम को आवेदन दिया। मैं इसी मांग को लेकर 16 सितंबर से सिर्फ जल ग्रहण कर रहा हूं। मेरी मांगे अभी भी पूरी नहीं हुई है। मैं इलाज नहीं करवा रहा हूं।
कुछ हुआ तो महापौर, निगमायुक्त, नेता होंगे जिम्मेदार
पांडे ने आगे लिखा कि मैं इलाज नहीं करवा रहा हूं और यदि मेरे अंगों को कोई क्षति होती है तो इसके लिए समस्त जिम्मेदारी उन सभी कर्मचारी, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की होगी जो प्रत्याक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जिम्मेदार है। जिला कलेक्टर, निगमायुक्त और महापौर व सभी जनप्रतिनिधि इसके जवाबदेह होंगे।
क्या हुआ था घटनाक्रम
पांडे अवैध बैनर के खिलाफ लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उनके साथ पत्नी संगीता भी पूरा साथ दे रही है। लेकिन जब वह मरीमाता चौराहे पर विधायक गोलू शुक्ला के अवैध पोस्टर को दिखा रहे थे, तभी उनके समर्थकों ने मारा और कैमरा छीन लिया। इसके खिलाफ पुलिस में आवेदन भी दिया लेकिन बाणगंगा पुलिस ने कुछ नहीं किया। इसके बाद वह 16 सितंबर से धरने पर बैठे हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है और केवल कोरा आश्वासन मिला है। बुधवार 23 सितंबर को ही उनकी पत्नी संगीता भी निगम के आफिस के बाहर धरने पर बैठ गई।
यह खबरें भी पढ़ें...
भारत-वेस्टइंडीज T20 के लिए सज रहा इंदौर का होलकर स्टेडियम, सामान्य टिकटों की बिक्री 25 सितंबर से शुरू
इंदौर में आज नो यूपीआई पेमेंट डे, क्यूआर कोड पर ढकेंगे काले कपड़े, पेट्रोल पंप शामिल नहीं
इंदौर की अनंत चतुर्दशी झांकी में अखाड़ा निर्णायक समिति में राजनीति, प्रभाव से जुड़ रहे नाम
IIT इंदौर में निकली नई भर्तियां, 27 सितंबर तक ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन