इंदौर का प्रभार छोड़ते ही चर्चा में आया सीएम मोहन और कैलाश विजयवर्गीय का पुराना किस्सा, बोले थे- आपके नाम से अधिकारी हमें चमकाते हैं
राज्य शासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री चेतन्य कश्यप को इंदौर जिले का भी प्रभारी मंत्री नियुक्त किया जाता है।
दिसंबर 2025 में हुआ था यह किस्सा
14 दिसंबर 2025 को ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मेट्रो रूट व अन्य मामलों को लेकर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई थी। इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मेट्रो के अधिकारियों से कहा था कि अपने मन से प्रस्ताव मत बदल देना, जो है वही बताना। मंत्री ने सीएम डॉ. मोहन यादव से भी कहा था कि आप इंदौर के प्रभारी मंत्री हैं, इसलिए आपके नाम से अधिकारी हमें चमकाते हैं। इस पर सीएम ने मुस्कराकर कहा था कि जो जिले खाली हैं, उनकी जिम्मेदारी मेरे पास है।
कौन बनते हैं प्रभारी मंत्री?
मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल के सदस्यों को जिलों का प्रभारी मंत्री बनाया जाता है। यह प्रभार मंत्रियों को उनके मूल विभाग के अलावा अतिरिक्त जिम्मेदारी के रूप में दिया जाता है।
क्या करते हैं प्रभारी मंत्री?
जिला योजना समिति की बैठक प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में होती है। प्रभारी मंत्री जिले की विकास परियोजनाओं की प्रगति देखते हैं और समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करते हैं। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन पर नजर रखना भी उनकी जिम्मेदारी होती है।
साथ ही, जिला प्रशासन के साथ तालमेल बनाना और महत्वपूर्ण स्थानीय मुद्दों को राज्य स्तर पर रखना भी उनका काम है। अहम बात यह है कि जिले से जुड़े तबादलों के अनुमोदन और अन्य प्रशासनिक एवं संगठनात्मक कार्यों में भी उनकी भूमिका होती है।