मंत्री चेतन्य काश्यप पहुंचे बीजेपी दफ्तर, कैलाश विजयवर्गीय बोले- सीएम के व्यस्त रहने से समय नहीं मिलता था
चेतन्य काश्यप का बीजेपी कार्यालय पर स्वागत
इंदौर के प्रभारी मंत्री चेतन्य काश्यप का रविवार को बीजेपी कार्यालय पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव जी ने जो विश्वास व्यक्त किया है, उनके विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। वरिष्ठ नेताओं के आशीर्वाद एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से इंदौर के विकास को आगे ले जाने का काम करेंगे।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय यह बोले
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मुख्यमंत्री किसी को प्रभार सौंपे तो वह भी भारी व्यक्ति ही होंगे। व्यस्तताओं के कारण मुख्यमंत्री जी कई बार बैठक नहीं ले पाते थे, हम जो चाहते थे वह नहीं हो पाता था। चेतन्य जी पूरा समय देंगे। हम सभी की भावना की कद्र करके मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में इंदौर के विकास को और गति देंगे। हम सभी उनके साथ मिलकर काम करेंगे।
काश्यप ने यह भी कहा
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि इंदौर विकास की दहलीज पर खड़ा है। शहर में विकास की अपार संभावनाएं हैं। इंदौर का इकोसिस्टम देशभर के उद्योगों और निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। इंदौर के आसपास मेडिकल और टूरिज्म की संभावना है। मुख्यमंत्री ने उन सबको मिलाकर इंदौर मेट्रोपॉलिटन की कल्पना की है, वो मालवा-निमाड़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। इंदौर के विकास को बेंगलुरु और हैदराबाद से आगे ले जाने का प्रयास करेंगे।
ये सभी रहे उपस्थित
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि इंदौर प्रदेश की आर्थिक राजधानी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर हो रहा है। इंदौर भी विकास के नए मापदंड स्थापित कर रहा है। बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, गोपीकृष्ण नेमा, सुदर्शन गुप्ता, जीतू जिराती, आकाश विजयवर्गीय, कैलाश शर्मा उपस्थित रहे। साथ ही बैठक में प्रदेश सह कोषाध्यक्ष दीपक जैन टीनू व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने भी यह कहा था
हेमंत खंडेलवाल ने भी हाल ही में इंदौर दौरे में सीएम के प्रभार बदलने पर कहा था कि यह तो एक व्यवस्था है। अभी भी यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। कई जिलों में कभी किसी का प्रभार बदलेगा, कभी किसी का होगा। मुख्यमंत्री की व्यवस्थाएं और जो उनकी व्यस्तताएं हैं, उसके अनुसार वह निर्णय लेते हैं। वह लगातार इंदौर आते भी रहेंगे और इंदौर के काम भी करते रहेंगे। लेकिन मुख्यमंत्री अकेले इंदौर के नहीं, पूरे प्रदेश के हैं। उन्हें पूरे प्रदेश का विकास करना है। उनकी अपनी व्यस्तताएं हैं।
मुख्यमंत्री 2 दिसंबर को डबल लेयर ब्रिज की दूसरी भुजा का करेंगे लोकार्पण
इंदौर जिले के नवनियुक्त प्रभारी मंत्री तथा मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने आज रेसीडेंसी कोठी में जनप्रतिनिधियों और उच्च अधिकारियों के साथ संक्षिप्त बैठक की। बैठक में लवकुश चौराहे पर बने डबल लेयर ओवरब्रिज की दूसरी भुजा के लोकार्पण और 4 दिसंबर को टंट्या मामा के बलिदान दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा तय की। उन्होंने कहा कि इंदौर में तैयार हुए डबल लेयर ब्रिज की दूसरी भुजा का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 2 दिसंबर को लोकार्पण करेंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर को टंट्या मामा के बलिदान दिवस पर भव्य व गरिमामय कार्यक्रम आयोजित होगा।
काश्यप ने इस बैठक में इंदौर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रबंधन के विषय पर भी अधिकारियों से चर्चा की। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि शहर के ऐसे क्षेत्र जहां नर्मदा पाइपलाइन नहीं पहुंची, उन स्थानों पर जलप्रदाय के लिए योजना बनाई जा रही है, जिस पर जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा। इसके लिए नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के साथ रूपरेखा तैयार की गई है। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने वर्तमान में जलप्रदाय व्यवस्थाओं के बारे में अवगत कराया।