इंदौर में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज टी 20 मैच के लिए अहम निर्देश जारी, फर्जी टिकट खरीद से भी रहें सावधान

Sanjay Gupta | Oct 11, 2026, 14:13 IST
इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत बनाम वेस्टइंडीज टी20 मैच की तैयारियां
इंदौर में आज 11 अक्टूबर को टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच में टी20 सीरीज का तीसरा अहम मैच होने जा रहा है। 27 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम के सभी टिकट महज दो घंटे के भीतर ऑनलाइन बिक चुके हैं। मैच के दौरान शहर में भीड़ को संभालने के लिए पुलिस ने नया ट्रैफिक डायवर्सन, पार्किंग स्थल और प्रतिबंधित रास्तों का प्लान लागू किया है।

इंडिया VS वेस्टइंडीज टी 20 मैच

इंदौर के होलकर स्टेडियम में टी20 में रन उत्सव की दावत आज रविवार (11 अक्टूबर) को होने जा रही है। दोनों टीमें (India Vs West Indies) शनिवार दोपहर में ही इंदौर पहुंच गई थीं। यहां की पिच हमेशा से ही रन उगलती रही है।



वहीं स्टेडियम की क्षमता 27 हजार है जो फुल है। सभी टिकट दो घंटे में ही ऑनलाइन बिक गए थे। एमपीसीए ने मैच देखने आने वालों के लिए अहम निर्देश दिए हैं। वहीं क्राइम ब्रांच ने सतर्क किया है कि दर्शक फर्जी वेबसाइट से टिकट खरीद से बचें। एपीके फाइल डाउनलोड न करें।



बारकोड का रखें ध्यान, खराब न हो

एमपीसीए ने टिकट और पास रखने वालों के लिए कुछ नियम जारी किए हैं। इसके मुताबिक, टिकट या पास संभालकर रखने की जिम्मेदारी धारक की होगी। अगर उस पर छपा बारकोड खराब हो गया, तो स्टेडियम में एंट्री नहीं मिलेगी।



तीन साल से ज्यादा उम्र के बच्चों के लिए भी अलग टिकट लेना होगा। इससे छोटे बच्चों का टिकट नहीं लगेगा, लेकिन उन्हें बैठने के लिए अलग कुर्सी नहीं मिलेगी।



स्टेडियम में एक बार प्रवेश करने के बाद बाहर निकलने पर दोबारा एंट्री नहीं मिलेगी। दर्शकों को अपनी तय सीट पर ही बैठना होगा। उन्हें अलग से कुर्सी नहीं दी जाएगी।



बिना अनुमति झंडे, बैनर, कपड़े या टोपी के जरिए विज्ञापन करना मना है। दर्शकों को किसी के खिलाफ आपत्तिजनक या नस्लभेदी (Racist) भाषा का इस्तेमाल नहीं करना होगा। किसी भी विवाद की स्थिति में आयोजकों और पुलिस का फैसला मानना जरूरी होगा।



स्टेडियम में यह लेकर न जाएं

स्टेडियम में रेडियो, कैमरा, लैपटॉप, इंजेक्शन, हेलमेट और पटाखे ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा शीशे की चीजें, बोतल, टिफिन, डिब्बे, बड़े बैग, चाकू, माचिस, पावर बैंक और सेल्फी स्टिक भी नहीं ले जा सकेंगे। शराब, नशीले पदार्थ, पानी के पाउच और प्लास्टिक की थैलियां भी प्रतिबंधित रहेंगी।



हालांकि, दर्शक अपने साथ मोबाइल, चाबी, हेडफोन, टिकट या पास, दवाई, वॉलेट, सिक्के, मध्यम आकार का बैग और आईडी कार्ड ले जा सकेंगे।



ट्रैफिक डायवर्सन प्लान जारी

वहीं पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है।



● पार्किंग पासधारी वाहनों के लिए आवश्यक निर्देश



मैच (IND vs WI 3rd T20I) के दौरान आमंत्रित अतिथियों को पार्किंग पास दिया जाएगा। पासधारकों को इसे अपनी गाड़ी की विंडस्क्रीन पर साफ-साफ लगाना होगा। साथ ही, पार्किंग पास पर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर भी स्पष्ट रूप से लिखा होना जरूरी है।



इंडिया VS वेस्टइंडीज टी 20 मैच
  • पासधारी वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग व्यवस्था
  • P1 से P4 पार्किंग पासधारी वाहन: सांची पॉइंट होते हुए स्टेडियम के उषाराजे गेट से प्रवेश करेंगे।
  • P5 पार्किंग पासधारी वाहन: इंदौर टेनिस क्लब रोड साइड पार्क होंगे।
  • P6 पार्किंग पासधारी वाहन: अभय प्रशाल रोड साइड पार्किंग में पार्क होंगे।
  • P7 पार्किंग पासधारी वाहन: इंदौर टेनिस क्लब पार्किंग में पार्क होंगे।
  • P8 पार्किंग पासधारी वाहन: अभय प्रशाल पार्किंग में पार्क होंगे।
  • P9 पार्किंग पासधारी वाहन एवं मीडिया दो पहिया वाहन: बास्केटबॉल परिसर में पार्क होंगे।
  • P10 पार्किंग पासधारी वाहन एवं प्रशासनिक/पुलिस अधिकारियों के वाहन: विवेकानंद स्कूल ग्राउंड में पार्क होंगे।

टिकटधारी दर्शकों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था

मैच देखने आने वाले दर्शकों के वाहनों की पार्किंग के लिए पंचम की फैल, SGSITS मैदान और बाल विनय मंदिर स्कूल मैदान तय किए गए हैं।



विजयनगर और मालवा मिल की ओर से आने वाले दर्शक: अपने वाहन पंचम की फैल पार्किंग में खड़े करें। यहां से पैदल स्टेडियम पहुंचना होगा।



राजवाड़ा और मरीमाता की ओर से आने वाले दर्शक: राजकुमार ब्रिज और SGSITS तिराहे की ओर से तय रास्ते का इस्तेमाल करें। अपने वाहन SGSITS मैदान या बाल विनय मंदिर स्कूल मैदान में पार्क करें।



पलासिया और भंवरकुआं की ओर से आने वाले दर्शक: मधुमिलन, रीगल और शास्त्री ब्रिज के नीचे से तय रास्ते पर जाएं। इसके बाद SGSITS मैदान या बाल विनय मंदिर स्कूल मैदान में वाहन खड़े करें।



दर्शकों से खास अपील: स्टेडियम के आसपास पार्किंग की जगह बहुत कम है। इसलिए दर्शक सिटी बस या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।



स्टेडियम तक पहुंचने का पैदल रास्ता: हुकुमचंद घंटाघर और पंचम की फैल की ओर से आने वाले दर्शकों को जंजीरवाला चौराहे से प्रवेश मिलेगा। वहीं, लालटेन (लेंटर्न) की ओर से आने वाले दर्शक पैदल स्टेडियम पहुंच सकते हैं।



इंडिया VS वेस्टइंडीज टी 20 मैच

मैच के दौरान प्रतिबंधित मार्ग -

(केवल पासधारी वाहनों / इमरजेंसी वाहनों को छोड़कर) अन्य सभी वाहनों के लिए बंद रहेगा-



● लालटेन (लेंटर्न) चौराहा से जंजीरवाला चौराहा, इंडस्ट्रीज तक



● घंटाघर से जंजीरवाला चौराहा, लालटेन (लेंटर्न) चौराहा तक



● पलासिया, घंटाघर से हाई कोर्ट, लालटेन (लेंटर्न) चौराहा तक



फर्जी तरीके से बिक रहे टिकट

वहीं क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि बड़े मैचों का फायदा उठाकर ठग फर्जी प्रोफाइल और वेबसाइटें बना लेते हैं। इनसे बचें और टिकट नहीं लें। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन कोलकाता और पश्चिम बंगाल से मिले हैं।



क्राइम ब्रांच ने 22 फर्जी प्लेटफॉर्म्स को ब्लॉक कराने के लिए मेटा (Meta) को पत्र भी लिखा है। दर्शक ध्यान रखें कि ठग अक्सर 20 से 25% एडवांस मांगते हैं और फर्जी ई-मेल या व्हाट्सएप लिंक भेजकर गायब हो जाते हैं।



इसलिए किसी तरह की एडवांस राशि नहीं दें। वहीं APK फाइल डाउनलोड न करें। टिकटों से जुड़ी सही जानकारी केवल MPCA की आधिकारिक वेबसाइट या District App पर ही देखें।



Tags:
  • इंडिया VS वेस्टइंडीज टी 20 मैच
  • होलकर स्टेडियम में टी20
  • एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया
  • MPCA
  • IND vs WI 3rd T20I
  • India Vs West Indies
  • इंडिया VS वेस्टइंडीज