आईपीएस एकेडमी के संचालक अचल चौधरी की जमीन पर अवैध खनन, कलेक्टर के दखल के बाद जागा खनिज विभाग, नोटिस जारी
खनिज विभाग भी कार्रवाई करने में आनाकानी करता नजर आया। लेकिन जब पूरा मामला इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा तक पहुंचा और उन्होंने सख्ती दिखाई, तब जाकर विभाग हरकत में आया और अचल चौधरी को नोटिस जारी किया गया है।
शिकायत हुई तो पटवारी को भेजा
इस मामले में शिकायत हुई तो तहसीलदार सरोज शर्मा ने पटवारी को मौखिक आदेश दिए था। पटवारी प्रभात मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर 13 नवंबर को अवैध खनन को लेकर पंचनामा बनाया था।
13 नवंबर को पंचनामे में यह लिखा गया-
13 नवंबर को जिला प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी और पंचनामा बनाया था। इसमें साफ लिखा है कि तहसीलदार के मौखिक निर्देश पर टीम जांच करने पहुंची थी। टीम ने देखा कि खजराना स्थित आईपीएस ईस्टर्न कैंपस में पोकलेन, जेसीबी, ट्रैक्टर और डंपर लगाकर बिना अनुमति के खुदाई की जा रही थी। जब वहां मौजूद सुरक्षा गार्डों से पूछा गया कि खुदाई कौन करवा रहा है, तो वे भी कोई जवाब नहीं दे पाए। उनका कहना था कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
जिस जमीन पर खुदाई हो रही थी, उसका सर्वे नंबर 1429/1/1/28 है। सरकारी रिकॉर्ड में यह जमीन मेसर्स इंदौर पब्लिक इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड, तर्फे अचल चौधरी के नाम पर दर्ज है। जांच में सामने आया कि इस जमीन पर अलग-अलग जगह 4 से 25 फीट तक गहरी खुदाई की जा चुकी थी।
फिर गया चौधरी को नोटिस
पंचनामे में साफ लिखा था कि मौके पर अवैध खनन हो रहा है। इसके अगले दिन खनिज विभाग के आलोक अग्रवाल मौके पर जांच करने पहुंचे। लेकिन उन्होंने अधिकारियों को बताया कि खुदाई के लिए खनिज विभाग से अनुमति ली गई है या नहीं, यह मौके पर साफ नहीं हो पाया है। इसकी जांच करनी पड़ेगी। इसके बाद मामला जांच में ही उलझा रहा और अवैध खनन का केस दर्ज नहीं हुआ।
जब मामला कलेक्टर शिवम वर्मा तक पहुंचा तो उन्होंने इसकी जानकारी ली। इसके बाद खनिज विभाग हरकत में आया और अचल चौधरी को नोटिस जारी कर पूछा कि उनके पास खुदाई की अनुमति है या नहीं। अब चौधरी के जवाब का इंतजार किया जा रहा है। जवाब मिलने के बाद खुदाई वाली जमीन की नपती होगी और यह देखा जाएगा कि वहां से कितनी मुरम निकाली गई है। इसी आधार पर आगे अवैध खनन का केस बनाया जाएगा।
अधिकारी और अचल चौधरी क्या बोल रहे हैं
इस मामले में खनिज अधिकारी जयदेव नामदेव ने कहा कि खनन को लेकर नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अचल चौधरी का कहना है कि कैंपस के काम के लिए थोड़ी-बहुत खुदाई की गई है। खुदाई से जो मिट्टी निकली है, उसका इस्तेमाल भी कैंपस में ही किया जा रहा है। यहां अवैध खनन जैसी कोई बात नहीं है।