इंदौर खजराना मंदिर के पुजारी पर पत्नी ने लगाए प्रताड़ना के आरोप: एक करोड़ और फॉर्च्यूनर कार की मांग

Sanjay Dhiman | Mar 24, 2026, 22:41 IST
Photograph: (the sootr)
इंदौर के खजराना गणेश मंदिर से जुड़े पुजारी की पत्नी इंदिरा भट्ट ने दहेज उत्पीड़न और मानसिक शारीरिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने एक करोड़ रुपए और फॉर्च्यूनर की मांग का आरोप लगाया है।

इंदौर के खजराना गणेश मंदिर से जुड़े एक पुजारी के खिलाफ उनकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। कॉलेज प्रोफेसर इंदिरा भट्ट ने अपने पति पुनीत भट्ट और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक शोषण के आरोप लगाएं हैं। इसको लेकर उन्होंने पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।



इंदिरा के अनुसार उनकी शादी मई 2025 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। यह उनकी और उनके पति की दूसरी शादी थी। संतान की इच्छा के कारण ही विवाह हुआ था। पहले सब कुछ ठीक था, लेकिन जुलाई 2025 के बाद ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। ससुराल के लोग अब दहेज में एक करोड़ रुपए और फॉर्च्यूनर कार की मांग कर रहे हैं।



दहेज की मांग और शारीरिक उत्पीड़न

इंदिरा के अनुसार, जब यह मांग पूरी नहीं हो पाई, तो उन्हें शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। उन्हें लगातार अपमानित किया गया और मारपीट की गई। इस दौरान उनके ससुराल वालों ने उन्हें घर से निकाल दिया।



झूठे आरोपों का सामना

इंदिरा ने कहा कि उनके पति के दत्तक पुत्र उदित ने अपनी पत्नी कुमकुम के मामले में उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए। पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया इसके बाद पुलिस उन्हें बार-बार परेशान करने लगी। उनका कहना है कि खजराना पुलिस ने इस मामले में कोर्ट में चालान पेश किया है। अब वे इसे निरस्त कराने के लिए कानूनी कार्रवाई कर रही हैं।



कुछ ले-देकर मामला खत्म कर दें

इंदिरा का कहना है कि एक पुलिस अधिकारी ने उन्हें यह सलाह दी कि वह इस मामले में उलझने की बजाय कुछ ले-देकर मामला खत्म कर दें। इंदिरा भट्ट के अनुसार, यह उनकी दूसरी शादी थी और पहली शादी 2009 में टूट गई थी। इसके बाद उन्होंने 16 साल अकेले बिताए और फिर परिवार के कहने पर दूसरी शादी की थी।



धर्म की बात करने वाले महिलाओं का सम्मान नहीं करते

इंदिरा भट्ट ने इस मामले में कहा कि जिन लोगों को धर्म की बात करने का हक है, वे अपनी पत्नी का सम्मान नहीं कर पा रहे हैं। यह एक दुखद स्थिति है कि एक शिक्षिका को ऐसे हालात का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया और वह अब कानूनी कार्रवाई के जरिए अपने अधिकारों की रक्षा कर रही हैं।



पुलिस प्रशासन क्या कहता है?

इस पूरे हाई-प्रोफाइल मामले पर एसीपी कुंदन मंडलोई का बयान भी सामने आया है। उन्होंने पुष्टि की है कि पुजारी की पत्नी ने दहेज और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस फिलहाल आवेदन की जांच कर रही है। दूसरी तरफ, पुजारी परिवार ने अभी तक मीडिया के सामने आकर अपनी सफाई नहीं दी है।



यह खबरें भी पढ़ें...



इंदौर कलेक्टर ने आरआई, पटवारी को सस्पेंड किया, उधर तहसीलदार का कांड सामने आया



इंदौर एसीपी के सामने दुष्कर्म पीड़िता बोली, टीआई साहब करते है रात को व्हाट्सएप कॉल



इंदौर वरिष्ठ जिला पंजीयक अंबरेश नायडू फिर गए हाईकोर्ट, ट्रासंफर पर स्टे की मांग



रेप के आरोपी आसाराम और पुत्र नारायण साईं दोनों इंदौर में, साईं की पत्नी ने मांगे हैं 55 लाख



Tags:
  • इंदौर
  • खजराना गणेश मंदिर
  • दहेज प्रताड़ना
  • खजराना पुलिस
  • दहेज