इंदौर के कृष्णबाग उजड़ने से पहले सहकारिता, नगर निगम, प्रशासन और पुलिस ने क्या किया?

Sanjay Gupta | Published:
इंदौर के कृष्णबाग सेक्टर-सी में 42 मकान तोड़े जाने के बाद मलबे में तब्दील हुई कॉलोनी। कॉलोनी बसने से लेकर उजड़ने तक के घटनाक्रम में सरकारी विभागों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
The demolition of 42 houses in Indore's Krishnabagh Sector C has left the colony in ruins, raising questions about the role and accountability of government departments.
इंदौर में कृष्णबाग सेक्टर सी में 42 मकान तोड़ दिए गए हैं। परिवार उजड़ चुके हैं और वे अपना मलबा समेट रहे हैं। सभी अधिकारी सुप्रीम और हाईकोर्ट के फैसलों का हवाला दे रहे हैं और इसे मजबूरी वाली कार्रवाई बता रहे हैं। लेकिन साल 2003 से 2026 तक सभी विभागों और उनके अधिकारियों ने इस पूरे खेल में आंखें मूंद कर रखीं।

विभाग आंखें मूंदे रहे और अवैध सौदे होते रहे

इंदौर एमआर 10 स्थित कृष्णबाग सेक्टर सी की 0.720 हेक्टेयर जमीन पर 62 मकान बने हैं। यह जमीन श्रीराम बिल्डर्स तर्फे शशिभूषण खंडेलवाल की है। लेकिन यह जमीन जब उनके द्वारा ली गई, तभी यह सौदा विवादित था। लेकिन इसके बाद एक के बाद एक सभी विभाग आंखें मूंदे रहे और अवैध सौदे होते रहे, कॉलोनी बसती गई।



कृष्णबाग बसाने और उजाड़ने का दोषी कौन?

सौदा पूरा विवादित, सहकारिता ने मंजूरी दे दी

यह पूरा सौदा ही विवादित है। यह जमीन सर्वे नंबर 66/2 पहले अली मोहम्मद की थी। इसका पहला सौदा देवी अहिल्या श्रमिक संस्था के साथ (साढ़े चार एकड़ का) साल 1985 में हुआ। लेकिन धारा 20 के तहत स्टांप ड्यूटी में छूट नहीं मिलने से सौदा पूरा नहीं हुआ। इसके बाद जमीन न्याय विभाग गृह निर्माण संस्था के पास गई। यहां संस्था अध्यक्ष चंपालाल सिद्ध ने अपने रिश्तेदार बालमुकुंद के जरिए सौदा करते हुए यह जमीन मार्च 2003 में श्रीराम बिल्डर्स को बेच दी। संस्था की जमीन बेचने के लिए सहकारिता विभाग की मंजूरी लगती है, विभाग ने फरवरी 2003 में यह मंजूरी दे दी थी। जबकि इस जमीन पर न्याय विभाग संस्था के 136 प्लॉटधारकों का हक था। यहां उनके प्लॉट थे।



जिला प्रशासन ने किया नामांतरण

जमीन श्रीराम बिल्डर्स के पास जाने के बाद जिला प्रशासन ने इस जमीन का नामांतरण मई 2006 में कर दिया।



कृष्णबाग बसाने और उजाड़ने का दोषी कौन?

फिर आईडीए से चला जमीन का विवाद

इसी दौरान साल 2006 में आईडीए की यहां 132 स्कीम में जमीन चली गई। आईडीए की यह स्कीम लैप्स हुई तो फिर यहां 171 स्कीम लग गई। मप्र शासन ने भी श्रीराम बिल्डर्स पर रहमदिली दिखाई और दो बार आईडीए को एनओसी देने के आदेश दिए। आखिरकार हाईकोर्ट के आदेश से श्रीराम बिल्डर्स को आईडीए से सितंबर 2019 में एनओसी मिल गई। गौरतलब है कि आज दिनांक तक इसी स्कीम 171 से 6 हजार प्लॉटधारकों को (13 संस्थाओं के) आईडीए से एनओसी नहीं मिली है।



इन्होंने बसा दी कृष्णबाग

आईडीए और श्रीराम बिल्डर्स के बीच चले विवाद के दौरान सुरेश सिलावट और अशोक सिंह ने यहां पर जमीन के सौदे कराए और कृष्णबाग सेक्टर सी बसा दिया। इसमें राजेश राठौर ने पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए रजिस्ट्री भी कराई और जमीन के सौदे नोटरी पर भी कराए। ये सौदे मोटे तौर पर 2003-04 से 2015 के बीच हुए। कई जमीनें तो एक से ज्यादा बार बिकीं।



नगर निगम ने लिया टैक्स

श्रीराम बिल्डर्स ने कराई नपती , लगाया केस

इधर, श्रीराम बिल्डर्स के आवेदन पर जिला प्रशासन ने पटवारी को भेजकर दिसंबर 2016 में नपती कराई। जनवरी 2017 की रिपोर्ट में आया कि यहां पर कब्जे हो गए और मकान बन गए। इसके बाद बिल्डर्स ने तहसीलदार और फिर एसडीएम के यहां कब्जा हटाने का आवेदन लगाया, जिस पर साल 2017 व 2018 के दौरान बिल्डर्स के पक्ष में आदेश हो गए। इसके बाद कब्जे हटाने को लेकर हाईकोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक केस पर केस लगे। आखिर में हाईकोर्ट ने सभी 62 लोगों को कब्जाधारी मानते हुए 30 दिन में कब्जा हटाने और श्रीराम बिल्डर्स को कब्जा सौंपने का आदेश दिया। इसमें रिट अपील में 19 लोगों को अंतरिम राहत मिली और वहीं 23 नवंबर को 42 के कब्जे हटा दिए गए।



निगम ने टैक्स लिया, पंजीयन ड्यूटी लगी, बिजली कनेक्शन हुआ

वहीं, आश्चर्यजनक रूप से देखिए, सभी विभागों ने इस अवैध कॉलोनी और कब्जाधारकों से अपने हिस्से का शुल्क वसूला। बैंकों ने बिना सर्च रिपोर्ट और स्वामित्व देखे ही लोन भी दिया और लोगों ने निर्माण किया। निगम साल 2003-04 से यहां पर मकानों से संपत्ति कर वसूल रहा है। बिजली कंपनी ने कनेक्शन दिए और वह भी बिजली बिल वसूल रही है। वहीं, जब जमीन पर अवैध कब्जे, सौदे हुए तो पुलिस ने भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। यानी सभी विभाग आंखें मूंदे रहे।



निगमायुक्त पाल ने किया था बिल्डर्स के खिलाफ आदेश

श्रीराम बिल्डर्स की जमीन को लेकर निगम से मंजूरी भी जारी हुई थी। लेकिन तत्कालीन निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने अगस्त 2021 में यह मंजूरी निरस्त कर दी थी। वजह थी कि बिल्डर्स की जमीन के सौदे गलत थे। ये सौदे कृषि की जमीन बताकर किए गए और इसमें स्टांप ड्यूटी भी चोरी की गई। लेकिन इसके बाद मामला ठंडा हो गया। इसमें बिल्डर्स ने हाईकोर्ट से स्टे ले लिया था।

Tags:
  • कृष्णबाग इंदौर
  • Krishnabagh Encroachment Indore
  • इंदौर कृष्णबाग अतिक्रमण
  • Illegal Colony Development Indore
  • अवैध कॉलोनी विकास इंदौर
  • कृष्णबाग सेक्टर सी
  • आईडीए स्कीम 171
  • Krishnabagh Indore
  • IDA scheme 171
  • Indore illegal colony