इंदौर के कृष्णबाग में 42 मकान टूटने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी बोले-कांग्रेस लड़ेगी कानूनी लड़ाई

Sanjay Gupta | Sootr Creatives | Published:
इंदौर के कृष्णबाग में 42 मकान टूटने के बाद पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका दर्द सुनते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और अन्य नेता।
Madhya Pradesh Congress President Jitu Patwari meets affected families in Indore Krishnabagh colony after 42 houses were demolished in an encroachment drive
इंदौर के एमआर-10 स्थित कृष्णबाग में सोमवार सुबह प्रशासन और नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। हाईकोर्ट के फैसले के बाद यहां 42 मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें तोड़ दिया गया। फिलहाल करीब 19 मकान बचे हैं जिन्हें कोर्ट से स्टे मिला हुआ है। इस कार्रवाई के 24 घंटे बाद मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत कांग्रेस के कई नेता मौके पर पहुंचे।

पटवारी के साथ जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े, शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे और अन्य नेता भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी परेशानी सुनी। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इन लोगों की कानूनी लड़ाई लड़ेगी। वहीं, बेघर हुए परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को अपनी पीड़ा बताई।




जीतू पटवारी यह बोले...

जीतू पटवारी ने कहा कि गरीब लोगों ने घरों और दुकानों में मेहनत करके पैसे जोड़े और यहां जमीन खरीदकर अपने मकान बनाए। वहीं उनके घर एक ही झटके में तोड़ दिए गए। दूसरी ओर अवैध कॉलोनियां काटने वाले भूमाफियाओं पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।



उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन पीड़ितों की कानूनी लड़ाई हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेगी और इसका पूरा खर्च भी उठाएगी। इसके अलावा, कांग्रेस 15 हजार लोगों के साथ कलेक्ट्रेट ऑफिस का घेराव करेगी। पटवारी ने कहा कि यह सरकार भूमाफियाओं के दबाव में काम कर रही है।



जीतू पटवारी ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोर्ट के सैकड़ों आदेशों पर कार्रवाई नहीं होती, लेकिन इस मामले में अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई कर दी। वे इस मामले में कलेक्टर से भी मुलाकात करेंगे।



बीजेपी से कोई नेता नहीं गया

पटवारी ने कहा कि इंदौर में मंत्री, सांसद और विधायक सभी बीजेपी के हैं। नगर निगम और महापौर भी बीजेपी के ही हैं। इसके बावजूद किसी ने पीड़ित परिवारों का दर्द नहीं समझा और न ही उनकी मदद के लिए कोई कदम उठाया।



इंदौर कृष्णबाग में 42 मकान टूटने के बाद जीतू पटवारी

साल 2003 से चल रहा विवाद

इंदौर के ग्राम खजराना स्थित कृष्णबाग कॉलोनी की 0.720 हेक्टेयर जमीन को लेकर साल 2003 से विवाद चल रहा है। यह जमीन सर्वे नंबर 66/2(क) में आती है, जिसे श्रीराम बिल्डर ने 2003 में खरीदा था। बाद में इस पर अतिक्रमण हुआ और 72 लोगों ने मकान बना लिए।



जमीन को लेकर मामला तहसीलदार, एसडीएम और राजस्व बोर्ड से होते हुए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। सभी जगह कब्जाधारियों को अतिक्रमणकारी माना गया। हाईकोर्ट ने भी सुनवाई के बाद 45 दिन के भीतर कब्जे हटाने का आदेश दिया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके बाद श्रीराम बिल्डर ने तत्कालीन अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की। इस पर जस्टिस संदीप एन. भट्ट ने 30 दिन के भीतर कब्जा हटाने का आदेश दिया।



हाईकोर्ट ने शुक्रवार को यह दिए थे आदेश

हाईकोर्ट में जस्टिस विनय सराफ और जस्टिस आलोक अवस्थी की बेंच ने शुक्रवार को 19 लोगों की याचिका पर सुनवाई करते हुए आदेश दिया था। कोर्ट ने अंतरिम राहत देते हुए कहा कि इन 19 लोगों को फिलहाल जमीन से बेदखल न किया जाए।



हालांकि यह राहत सिर्फ याचिकाकर्ताओं को ही मिलेगी। बाकी 62 लोगों के खिलाफ अधिकारी बेदखली की कार्रवाई कर सकते हैं, क्योंकि उनके मामलों में सुप्रीम कोर्ट तक से बेदखली के आदेश अंतिम हो चुके हैं। इस मामले में अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद होगी।



इंदौर कृष्णबाग में 42 मकान टूटे

कलेक्टर ने कार्रवाई आदेश में यह लिखा था...

कलेक्टर के आदेश में लिखा था कि सुप्रीम कोर्ट और इंदौर हाईकोर्ट के आदेश के तहत सर्वे नंबर 66/2/1 की जमीन 0.720 हेक्टेयर से रिमूवल कार्रवाई होना है। यह कार्रवाई 23 नवंबर को सुबह होगी। इसके लिए सुबह 6 बजे से इन सभी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। इनके साथ ही राजस्व निरीक्षक, पटवारी व ग्राम कोटवार भी मौजूद रहेंगे।

Tags:
  • इंदौर कृष्णबाग में 42 मकान टूटे
  • प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी
  • जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े
  • शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे
  • सुप्रीम कोर्ट
  • जस्टिस विनय सराफ
  • इंदौर हाईकोर्ट
  • जस्टिस संदीप एन. भट्ट
  • कृष्णबाग कॉलोनी इंदौर