इंदौर के लालबाग पैलेस में मिली 100 किलो की तिजोरी का रहस्य अब भी बरकरार, सामने आए तीन दावेदार

Sanjay Gupta | Sootr Creatives | Published:
इंदौर के लालबाग पैलेस में खुदाई के दौरान निकली 100 किलो की पुरानी तिजोरी, जिसे खोलने से पहले ही तीन दावेदारों ने इस पर अपना हक जताया है।
100 kg antique safe unearthed during excavation at Indore Lalbagh Palace sparks ownership claims from three parties
इंदौर के ऐतिहासिक लालबाग पैलेस में इन दिनों रिनोवेशन का काम चल रहा है, लेकिन मंगलवार 17 नवंबर को हुई खुदाई ने हर किसी को हैरान कर दिया है। जमीन के नीचे से करीब 100 किलो वजन की एक भारी-भरकम तिजोरी निकली है। इसे दो दिन बीत जाने के बाद भी खोला नहीं जा सका है।

इस रहस्यमयी तिजोरी के अंदर क्या है, यह तो अभी किसी को नहीं पता, लेकिन इसके बाहर आते ही इसे अपना बताने वालों की कतार लग गई है। अब तक इस तिजोरी पर एक महिला, एक ट्रस्ट और राजपरिवार के वंशजों समेत कुल तीन पक्षों ने अपना दावा ठोक दिया है।



महिला ने कहा यह उनकी तिजोरी

महिला वंदना सोनी का दावा है कि यह तिजोरी उनके परिवार की है। उनके मुताबिक, पहले यह गुना में उनके परिवार के पास थी। बाद में पीढ़ी दर पीढ़ी होते हुए उनके पास पहुंची। वर्ष 1982 में जब उनका परिवार इंदौर की गुरु नानक कॉलोनी, लालबाग में रहने आया तब तिजोरी भी यहां लाई गई।



वंदना सोनी ने बताया कि इसे एक मंदिर में रखना था, लेकिन क्रेन फंसने के कारण परिसर में ही छोड़ना पड़ा। हालांकि उनके पास तिजोरी पर मालिकाना हक साबित करने के लिए कोई लिखित दस्तावेज नहीं है।



इंदौर के लालबाग पैलेस में मिली तिजोरी

खासगी ट्रस्ट और होलकर परिवार से यह भी दावा

वहीं, देवी अहिल्याबाई एजुकेशन खासगी ट्रस्ट ने भी तिजोरी पर अपना दावा किया है। ट्रस्ट ने पुरातत्व विभाग को पत्र लिखकर कहा है कि यह होलकर काल की हो सकती है। इसमें कीमती सामान होने की भी संभावना है। ट्रस्ट ने मांग की है कि तिजोरी उनके सामने ही खोली जाए।



होलकर परिवार से इनका भी आया दावा

वहीं, होलकर राजवंश का वारिस होने का दावा करने वाले गौतम राव होलकर और अंशुमन राव होलकर ने भी कलेक्टर को पत्र लिखा है। उन्होंने दावा किया है कि लालबाग परिसर में मिला प्राचीन संदूक होलकर परिवार की संपत्ति है। उनका कहना है कि इसमें परिवार की ऐतिहासिक धरोहर और निजी सामान हो सकता है। दोनों ने मांग की है कि तिजोरी उनके सामने खोली जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से हो।



इंदौर के लालबाग पैलेस में मिली तिजोरी

क्या बोल रहा पुरातत्व विभाग

पुरातत्व विभाग के डिप्टी डायरेक्टर केएल डाबी के मुताबिक, यह तिजोरी 19वीं शताब्दी की हो सकती है। लंबे समय तक मिट्टी में दबे रहने के कारण इसमें जंग लग गई है। तिजोरी में ताला तो लगा है, लेकिन चाबी लगाने की जगह दिखाई नहीं दे रही। दरवाजे पर हैंडल भी नहीं है।



डाबी ने बताया कि पहले केमिकल से इसकी सफाई और उपचार किया जाएगा। इसके बाद तिजोरी पर लिखी जानकारी पढ़ने की कोशिश होगी। जरूरत पड़ी तो इसकी चाबी भी बनवाई जाएगी। इसे खोलने का काम पुरातत्व विभाग के विशेषज्ञ ही करेंगे।



तिजोरी इतनी भारी कि एक दो लोग नहीं खिसका सकते

तिजोरी को लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि इसके अंदर क्या है और यह किसकी है। तिजोरी इतनी भारी है कि इसे एक जगह से दूसरी जगह ले जाना भी आसान नहीं है। फिलहाल इसे लालबाग पैलेस परिसर में ही सुरक्षित रखा गया है।



इंदौर के लालबाग पैलेस में मिली तिजोरी

FAQ



1. इंदौर के लालबाग पैलेस में खुदाई के दौरान क्या मिला है?



इंदौर के लालबाग पैलेस में रिनोवेशन के लिए चल रही खुदाई के दौरान मंगलवार 17 नवंबर को करीब 100 किलो वजन की एक बहुत पुरानी और भारी तिजोरी मिली है, जो 19वीं शताब्दी की बताई जा रही है।



2. लालबाग पैलेस में मिली तिजोरी पर किस-किस ने दावा किया है?



इस तिजोरी पर अब तक तीन पक्षों ने दावा किया है। इनमें गुरु नानक कॉलोनी की रहने वाली वंदना सोनी, देवी अहिल्याबाई एजुकेशन खासगी ट्रस्ट और होलकर राजवंश के वंशज गौतम राव होलकर व अंशुमन राव होलकर शामिल हैं।

Tags:
  • इंदौर के लालबाग पैलेस में मिली तिजोरी
  • देवी अहिल्याबाई एजुकेशन खासगी ट्रस्ट
  • होलकर राजवंश
  • पुरातत्व विभाग
  • लालबाग पैलेस इंदौर
  • इंदौर