SDM कार्यालय में इनोवा से आने वाले बाबू मनीष पर लोकायुक्त में केस, मांगी थी 2.50 लाख की रिश्वत

Sanjay Gupta | Published:
​इंदौर का सांवेर SDM कार्यालय, जहां पदस्थ रहे बाबू मनीष श्रीवास्तव पर जमीन सीमांकन के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगा है।​
Another stamp on corruption in Indore Collectorate, case against Babu
इंदौर कलेक्टोरेट में राजस्व कामों में भ्रष्टाचार की लगातार आ रही शिकायतों पर एक और मुहर लग गई। लोकायुक्त इंदौर ने सांवेर SDM कार्यालय में पदस्थ रहे मनीष श्रीवास्तव बाबू पर ढाई लाख की रिश्वत मांगने पर भ्रष्टाचार एक्ट में केस किया है। मनीष बाबू पहले उज्जैन में पदस्थ था और करीब डेढ़ साल पहले इंदौर आया था।

पहले भी हो चुकी है मनीष के खिलाफ शिकायत

इंदौर लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत में शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। सांवेर SDM कार्यालय में पदस्थ रहे बाबू मनीष श्रीवास्तव पर केस दर्ज किया गया है। बताया जाता है कि अभी मनीष श्रीवास्तव क्षिप्रा तहसील में पदस्थ हैं। मनीष श्रीवास्तव पर पहले भी कई शिकायतें हो चुकी हैं। उसे भनक थी कि लोकायुक्त में मामला गया है और इसलिए पहले 15 दिन छुट्टी लेकर ऑफिस से गायब रहा और फिर जोड़-तोड़ करते हुए शिप्रा तहसील में ट्रांसफर ले लिया था।



इनोवा से चलता है बाबू, ड्राइवर रखा

मनीष बाबू पहले उज्जैन में पदस्थ था और करीब डेढ़ साल पहले इंदौर आया था। उसकी पहले भी कई शिकायतें हुई हैं। हालत यह थी कि मनीष इनोवा कार में चलता है और उसने ड्राइवर भी रखा है। जबकि मनीष का वेतन 50 हजार प्रति माह से ज्यादा नहीं है। लेकिन शौक रईसों से भी ज्यादा बड़े थे।



आवेदक से मांगे थे ढाई लाख

शिकायतकर्ता राहुल कुमावत पिता स्व. रतनलाल कुमावत, निवासी ग्राम उजालिया, तह. देपालपुर, जिला इंदौर ने लोकायुक्त SP राजेश सहाय को शिकायती आवेदन दिया था। उनकी ग्राम हरियाखेड़ी, तह. सांवेर, जिला इंदौर में खसरा नंबर 129/1/1/1 रकबा 1.368 हेक्टेयर जमीन है, जो आवेदक के पिताजी की मृत्यु होने के बाद से मां कमलाबाई कुमावत के नाम से है। इस पर सीमांकन कराने और अवैध कब्जे हटाने का आवेदन दिया था। इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आवेदक 31 अगस्त को दोपहर में SDM कार्यालय सांवेर गया। वहां मनीष बाबू मिला और काम कराने के लिए ढाई लाख मांगे।



शिकायत सही पाए जाने पर केस

शिकायत प्राप्त होने पर लोकायुक्त SP इंदौर राजेश सहाय के द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया। शिकायत सत्यापन के उपरांत शिकायत सही पाए जाने पर 27 नवंबर को आरोपी मनीष बाबू, SDM कार्यालय सांवेर, जिला इंदौर के खिलाफ धारा 7 (क) भ्रष्टाचार निवारण संशोधित अधिनियम 2018 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया।



लोकायुक्त को यहां कर सकते हैं शिकायत

महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। आमजन रिश्वत मांगने के मामले में लोकायुक्त को शिकायत कर सकते हैं। पता है- कार्यालय पुलिस अधीक्षक, विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय इंदौर संभाग, इंदौर, पता- मोती बंगला, एम.जी. रोड, इंदौर 452007



टेलीफोन नंबर - 0731-2533160, 2430100

Tags:
  • इंदौर लोकायुक्त
  • SDM Office Clerk Bribe Case
  • एसडीएम कार्यालय क्लर्क रिश्वत
  • Corruption Allegation Indore
  • इंदौर लोकायुक्त कार्रवाई
  • Lokayukta Action Madhya Pradesh
  • Indore Lokayukta
  • लोकायुक्त में शिकायत कैसे करें
  • इंदौर कलेक्टोरेट भ्रष्टाचार