द सूत्र के खुलासे से हड़कंप, कलेक्टर ने SDM को सौंपी जांच, कांग्रेस ने मल्हार आश्रम स्कूल को घेरा
बच्चों ने बनाया वीडियो
इंदौर के मल्हार आश्रम स्कूल में प्रिंसिपल देवेंद्र कुमार का वीडियो आया। यह वीडियो वहीं के बच्चों ने गुपचुप तरीके से बनाया था। इसमें प्रिंसिपल पांच मिनट तक बच्चों को धमकी दे रहे हैं। दरअसल बच्चों ने हाल ही में सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी। यहां पर शौचालय गंदे हैं, पानी की समस्या है। द सूत्र ने शनिवार सुबह इसका खुलासा किया। इस पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने तत्काल एसडीएम निधि वर्मा को मौके पर जांच के लिए भेजा। यहां पर कई सारी अनियमितताएं सामने आईं।
एसडीएम ने जांच में यह पाया
एसडीएम ने जांच में पाया कि यहां पर कई सारी अनियमितताएं हैं। गंदगी के बीच में मैस का संचालन हो रहा है। चावल में कई बार कंकड़ आने की शिकायत भी बच्चों ने की है। शौचालय भी गंदे हैं। सफाई की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। एसडीएम ने कहा कि जांच रिपोर्ट कलेक्टर को दे रहे हैं। एसडीएम के साथ जिला शिक्षा अधिकारी शौर्य मल्होत्रा भी थे। वहीं कलेक्टर ने कहा कि इसमें सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस तरह से बच्चों को धमकाया नहीं जा सकता है।
कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल, ब्लॉक अध्यक्ष शैलू सेन, ब्लॉक अध्यक्ष गिरीश जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे। मल्हार आश्रम विद्यालय के हॉस्टल में बदहाल व्यवस्थाओं और छात्रों को घटिया भोजन परोसे जाने के मामले में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। प्रिंसिपल देवेंद्र कुमार का घेराव किया। इस पर देवेंद्र कुमार ने अपने कृत्य पर माफी मांगी। कांग्रेस नेताओं ने मेस मैनेजर को छात्रों के बीच खड़ा कर भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था पर जवाब मांगा। छात्रों ने कहा मेन्यू के हिसाब से भोजन और नाश्ता नहीं मिलता।
कीड़े वाली दाल मिलती है
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों ने बताया कि यहां पर खाने में कीड़े वाली दाल और पत्थर जैसी सख्त रोटियां परोसी जा रही हैं। करीब 150 छात्रों के लिए महज दो शौचालय चालू हैं, बाकी बंद पड़े हैं। दीवारों में पीपल के पौधे उग आए हैं और जगह-जगह गंदगी का अंबार है। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि आखिर सरकारी हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा और सुविधा देने के बजाय ऐसी यातनापूर्ण परिस्थितियों में क्यों रखा जा रहा है? कांग्रेस नेताओं के कहने पर प्रिंसिपल देवेंद्र कुमार ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर वर्तमान मेस बंद करने और नए टेंडर की प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान देवेंद्र सिंह यादव, रोहित जोशी, प्रतीक मित्तल और आकाश निजामपुरकर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रिंसिपल ने दी थी फेल करने की धमकी
प्रिंसिपल के इस पांच मिनट के वीडियो में बच्चों को फेल करने की खुली धमकी दी गई। साफ कहा गया कि आजकल बच्चों को कंट्रोल करने के लिए हमारे पास इंटरनल नंबर देने की व्यवस्था है। इसमें हम जीरो दे देंगे, तो मुख्य परीक्षा में अधिक नंबर भी ले आओगे तो भी पास नहीं हो सकोगे। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की है तो उसका खामियाजा भुगतने की धमकी दी गई।
यह बोले प्रिंसिपल
बच्चे- सर कमरे में समस्या, लाइट की।
प्रिंसिपल- मुझे बताया है, मेरे पास आया क्या, फिर शिकायत कर दी, अब मैं क्या करूं बताऊं, तुम्हें।
प्रिंसिपल- मैं भी करूं तुम्हारी शिकायत, एक बार तुमने की अब मैं करता हूं।
(फिर मोबाइल पर एक मैसेज टाइप करते हैं और एक बच्चे से कहते हैं यह पढ़कर सुना दो सभी को।)
बच्चा- बिना सूचना दिए सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की है, इन्हें प्रैक्टिकल के नंबर जीरो देना है। कॉपी सख्ती से चेक करना है। वार्षिक परीक्षा में फेल होना चाहिए।
प्रिंसिपल- इसके नंबर जुड़ते हैं। यदि 50 नंबर भी आ गए तो भी फेल हो जाएंगे। हम ऐसा कर दें। तुमने भी शिकायत की, अब हमें भी क्या करना चाहिए। पता है कितने इंटरनल, एक्सटर्नल नंबर के होते हैं। प्रैक्टिकल के 25 नंबर हमारे पास हैं। हम जीरो दे दें तो फेल हो जाओगे। क्या करूं रहने दो या डिलीट करूं?
बच्चे- सर डिलीट कर दो।
प्रिंसिपल- तुमने सीएम हेल्पलाइन डिलीट की क्या। फिर कंप्लेन क्यों की, बिना पूछे क्यों की। हम डिलीट भी कर दें तो भी फिर करोगे शिकायत।
बच्चे- सर डिलीट कर दीजिए, अब कंप्लेन नहीं करेंगे।
प्रिंसिपल- नहीं तुम तो कमरा खाली कर दो, चले जाओ, तुमसे डर लगने लगा है। कुछ गलत हो गया तो मेरे नाम से जिंदगी भर रोएगा।
बच्चे- नहीं सर नहीं करेंगे कंप्लेन।
प्रिंसिपल- नहीं भाई मर-मरा गया तो मैं क्या करूंगा।
प्रिंसिपल बोले हां, भाषा गलत थी, अब जेन जी जमाना
इस मामले में प्रिंसिपल ने कहा कि वीडियो सच है लेकिन यह बोलने की बात रहती है, अनुशासन बनाए रखने के लिए यह करना होता है। क्योंकि बच्चों को मार नहीं सकते हैं। सीएम हेल्पलाइन वाली बात नहीं है। शिकायत के एक दिन पहले की बात है कि पंखा बंद हो गया। बच्चे को आकर बताना चाहिए था, मैं सुधरवाता। यही बात मैंने कही थी कि मुझे बताना चाहिए था, समस्या पहले मुझे बताना चाहिए था। मैं किसी का बुरा नहीं करना चाहता। दिन भर की ड्यूटी से थक जाते हैं, भाषा में कुछ हो सकता है लेकिन बुरा करने का उद्देश्य नहीं होता है। टीचर कभी बच्चों का बुरा नहीं करते हैं। अनुशासन के लिए डराना होता है। भाषा में कुछ गलती हुई है, वह आगे से ध्यान रखेंगे। जेन जी है, कुछ कहना उचित नहीं है। अब पुराना जमाना नहीं रहा कि शिक्षक मारते थे तो भी हम कुछ नहीं बोलते थे, लेकिन अब हम पिछड़ गए हैं, बच्चे जेन जी हो गए थे।