इंदौर में पूर्व विधायक अश्विन जोशी के पहले मालू, शर्मा, सलूजा भी हार्ट अटैक से खो चुके जान
News In Short
- कांग्रेस के पूर्व विधायक अश्विन जोशी का 66 साल की उम्र में निधन हुआ।
- निधन की मुख्य वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई है।
- इंदौर के कई नेता पहले भी हार्ट अटैक से जान गंवा चुके हैं।
- समय पर उपचार मिलने से कुछ नेताओं की ही जान बच सकी।
- डॉक्टर नियमित Exercise और सतर्कता की सलाह दे रहे हैं।
News In Detail
इंदौर विधानसभा तीन के लगातार तीन बार विधायक रह चुके कांग्रेस के मैदानी नेता अश्विन जोशी का शुक्रवार 8 मई सुबह निधन हो गया है। कारण पुरानी बीमारियों के साथ ही मुख्य वजह अचानक आया कार्डियक अरेस्ट रहा। उन्हें संभलने का भी मौका नहीं मिला और अस्पताल पहुंचते-पहुंचते ही निधन हो गया।
डॉक्टरों ने उपचार कर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो गई थी। जोशी को पहले भी हार्ट की समस्याएं हुई थीं और स्टेंट डले थे। इंदौर इसके पहले भी अपने कई नेताओं को इसी तरह कार्डियक अरेस्ट या हार्ट अटैक में खो चुका है।
नरेंद्र सलूजा - 30 अप्रैल 2025, उम्र 55 साल
कांग्रेस के तेजतर्रार प्रवक्ता रहे नरेंद्र सलूजा बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे। बीजेपी में आते ही कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते थे। इंदौर में 30 अप्रैल 2025 को दोपहर में वह घर गए। तबीयत ठीक नहीं लगी तो परिजन अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां पहुंचने के पहले ही मौत हो गई थी। वजह बनी हार्ट अटैक। उम्र केवल 55 साल थी।
गोविंद मालू - 8 मई 2024, उम्र 67 साल
बीजेपी के वरिष्ठ नेता गोविंद मालू प्रदेश प्रवक्ता पद पर रहे और खनिज निगम में उपाध्यक्ष भी रहे थे। अपने व्यवहार के लिए वे सभी के करीबी थे। लेकिन 8 मई 2024 की रात को वह खाना खाकर अपने कमरे में बैठे ही थे कि सीने में दर्द हुआ। परिजन अस्पताल ले गए, लेकिन जान नहीं बच सकी। उम्र 67 साल थी।
उमेश शर्मा का निधन- 11 सितंबर 2022, उम्र 56 साल
बीजेपी के तेजतर्रार नेता उमेश शर्मा अपने भाषण के लिए खासे प्रसिद्ध थे। उन्हें 11 सितंबर 2022 को सीने में तकलीफ हुई तो वह अस्पताल में दिखाने गए। सब कुछ ठीक निकला, लेकिन जब वह अस्पताल के बाथरूम में गए तो वहीं गिर गए और फिर नहीं उठ सके। उम्र केवल 56 साल थी।
विधायक मधु वर्मा और पिंटू जोशी बाल-बाल बचे
बीजेपी के राऊ विधायक मधु वर्मा को सितंबर 2024 में हार्ट अटैक आया था। उनके ड्यूटी पीएसओ ने सतर्कता दिखाई और सीपीआर देकर उनकी जान बचाई। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था। समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बच गई। बाद में बायपास हुआ और अब वह स्वस्थ हैं।
पिंटू जोशी भी समय पर उपचार से बचे
अश्विन जोशी के रिश्ते में भाई लगने वाले पिंटू जोशी भी नवंबर 2025 में बाल-बाल बचे थे। मात्र 43 साल की उम्र में उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। वह समय पर अस्पताल पहुंच गए। वहां डॉक्टरों ने सीपीआर देकर उनकी जान बचाई और बाद में स्टेंट डाला गया।
कार्डियक अरेस्ट और हार्ट अटैक में अंतर
हार्ट अटैक एक सर्कुलेशन यानी खून के बहाव की समस्या है। इसमें दिल की मांसपेशियों तक खून पहुंचना बंद हो जाता है। कार्डियक अरेस्ट में दिल अचानक धड़कना बंद कर देता है। इससे सांस और रक्त संचार तुरंत रुक जाता है।
क्या करना चाहिए
सीने में हल्के दर्द को भी हल्के में नहीं लेना चाहिए। थोड़ा भी अजीब लगने पर तत्काल डॉक्टर को दिखाना चाहिए। समय पर उपचार मिलने पर जान बचाई जा सकती है। डॉक्टरों का कहना है कि दैनिक व्यायाम और सही जीवनशैली से स्वस्थ रहा जा सकता है।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय देते हैं सीख
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय लगातार अपने जन्मदिन के मौके पर वर्कआउट का वीडियो डालते हैं। साथ ही सभी से अपील करते हैं कि वे रोजाना नियमित व्यायाम करें और फिट रहें।
ये खबरें भी पढ़िए...
कांग्रेस के पूर्व विधायक अश्विन जोशी का हार्ट अटैक से निधन
इंदौर में कांग्रेस की किसान आंदोलन में फजीहत, ट्रैक्टर पर आप कार्यकर्ता भीड़ की लगाई फोटो
इंदौर एयरपोर्ट डायरेक्टर अधिकारियों से करते हैं बदतमीजी, पीएमओ में शिकायत, जांच शुरू
इंदौर विजयनगर पुलिस ने ड्रग तस्कर को पकड़ा, 5 स्टार होटल में रखा, 5 लाख वसूलकर छोड़ा