इंदौर में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की चौथी मंजिल से गिरकर मौत, पिता बोले- डिप्रेशन में थी
इंदौर में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि वह न्यू बर्ग कॉलोनी, खंडवा रोड इलाके में रहती थी और छत से गिरने से उसकी जान चली गई।
हालांकि परिवार का कहना है कि छात्रा पेपर लीक की खबरों को लेकर काफी तनाव में थी और डिप्रेशन में चली गई थी। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
घटना भंवरकुआं थाना क्षेत्र की है। बता दें कि 21 जून को होने वाले री-नीट एग्जाम से पहले यह मामला सामने आया है।
मोबाइल पर बात करते हुए गिरने की बात
पुलिस के अनुसार, मृतका का नाम अवंतिका पिता डॉ. बंशीलाल मोर्य (21) है। अवंतिका अपनी बड़ी बहन के साथ न्यू बर्ग कॉलोनी में एक निजी बिल्डिंग के फ्लैट में रहती थी। गुरुवार रात करीब 11.30 बजे अवंतिका मोबाइल पर किसी से बात करते हुए अपने फ्लैट की बालकनी में टहल रही थी।
इसके बाद वह बात करते-करते ही सीढ़ियों से ऊपर चौथी मंजिल पर चली गई। चौथी मंजिल पर पहुंचने के कुछ ही देर बाद अवंतिका अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में सीधे नीचे कंक्रीट के फर्श पर आ गिरी। भारी आवाज और चीख सुनकर बिल्डिंग के अन्य रहवासी तुरंत फ्लैटों से बाहर दौड़े और परिजनों को सूचित किया।
पिता बोले- बच्ची डिप्रेशन में थी
घटना के समय मृतका के पिता डॉ. बंशीलाल मोर्य भी फ्लैट में ही मौजूद थे। वे धार जिले के रहने वाले हैं और इन दिनों एमवाय अस्पताल में ट्रेनिंग के लिए इंदौर आए हुए थे।
घटना के बाद परिवार वाले छात्रा को तुरंत जूपिटर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उसे एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
छात्रा नीट की तैयारी कर रही थी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह सिर्फ पैर फिसलने से हुआ हादसा है या इसके पीछे कोई मानसिक तनाव या कोई और वजह थी।
पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल व अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें...
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने युवाओं से संवाद और रणनीति के लिए बनाई नई कमेटी
ज्येष्ठ के आखिरी बड़ा मंगल पर रवि योग का महासंयोग, ऐसे करें हनुमान जी को प्रसन्न
भोपाल में पटवारियों का रसूख 24 घंटे में पलटा तबादला आदेश
RAS भर्ती में नया ट्रेंड, डॉक्टर-इंजीनियर आना चाहते हैं प्रशासनिक सेवाओं में