इंदौर को अलग से सफाई का अवार्ड क्यों नहीं, महापौर ने बताए कारण, कहा- इंदौर नंबर वन

Sanjay Gupta | Nov 11, 2026, 19:05 IST
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में इंदौर को अलग पुरस्कार नहीं मिलने पर महापौर ने अपनी बात रखी, कहा- इंदौर आज भी नंबर वन है।
Following the absence of a separate award for Indore in the Swachh Survekshan 2025-26, the Mayor shared his perspective, stating that Indore remains number one.
INDORE. स्वच्छता सर्वेक्षण अवार्ड 2025-26 में इस बार इंदौर को अलग से कोई अवार्ड नहीं मिला है। साल 2017 से लगातार पहला पुरस्कार ले रहे इंदौर को बीते साल स्वच्छता लीग में पहला स्थान मिला था। तब भी अलग से पुरस्कृत किया गया था, लेकिन इस बार अलग से अवार्ड नहीं दिया गया। इसे लेकर महापौर ने अपनी बात रखी है।

स्वच्छ शहर जोड़ी में अहमदाबाद-साणंद के बाद इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को दूसरा स्थान मिला है। वहीं स्वच्छ शहर लीग में नवी मुंबई को पहला, सूरत को दूसरा और विजयवाड़ा को तीसरा स्थान मिला। यानी इंदौर को अलग से कोई अवार्ड नहीं दिया गया। इसकी वजह भी खास है।



इस नीति के कारण इंदौर को अलग से अवार्ड नहीं

इंदौर सफाई में लगातार नंबर वन बना हुआ है। जब साल 2016 में पहला अवार्ड हुआ तब वह 25वें पायदान पर था, लेकिन इसके बाद से ही वह नंबर वन रहा। इसके बाद स्वच्छता लीग शुरू की गई तो इसमें भी इंदौर सिरमौर बन गया। बताया जाता है कि बीते साल इंदौर को हॉल ऑफ फेम में रखा गया है, जो अन्य शहरों को प्रेरणा देने का काम करेगा।



दूसरी वजह थी कि एक शहर को एक ही बार मंच पर बुलाकर अवार्ड दिया जाएगा। जोड़ीदार शहर के रूप में इंदौर को देपालपुर के साथ बुलाकर सम्मानित किया गया। इसलिए भी अलग से नहीं बुलाया गया है।



यह बोले महापौर

वहीं महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर फिर बना सिरमौर, सर्वाधिक प्रेरणादायी शहर के रूप में इंदौर सबसे ज्यादा अंक के साथ नंबर वन है। वन सिटी वन अवार्ड के तहत इंदौर को जोड़ी शहर में 25 हजार की जनसंख्या कैटेगरी में पहला स्थान मिला है और सभी कैटेगरी में मिलाकर देश भर में दूसरा स्थान मिला है। इंदौर के सफाई मित्रों का, जनता का, देपालपुर की जनता और सफाईमित्रों का सभी का धन्यवाद करता हूं। केंद्रीय मंत्री मनोहर खट्टर ने भी सबसे प्रेरणादायी शहर इंदौर को कहा है।



MP के पुरस्कृत शहरों के पदाधिकारियों ने की सीएम से मुलाकात

वहीं मध्यप्रदेश के पुरस्कृत शहरों के मेयर, अध्यक्ष, पदाधिकारियों की दिल्ली में मुलाकात हुई है। यहां सीएम ने सभी को बधाई दी है। इसमें महापौर इंदौर के साथ ही एसीएस संजय दुबे, संकेत भोंडवे, अभिलाष मिश्रा व अन्य अधिकारी, पदाधिकारी शामिल हैं।



मध्यप्रदेश के इन शहरों को अवार्ड

स्वच्छ शहर जोड़ी में- इंदौर व देपालपुर को दूसरा स्थान



10 लाख से अधिक आबादी में सबसे साफ शहर में- जबलपुर को दूसरा स्थान



3 से पांच लाख की आबादी में- उज्जैन पहले पायदान पर



50 हजार से तीन लाख की आबादी में- देवास को पहला स्थान, सागर को तीसरा स्थान मिला



20 हजार से कम आबादी वाले साफ शहर में- मध्यप्रदेश से बुधनी तीसरे पायदान पर



वहीं स्वच्छ रिवर फ्रंट सिटी में- रीवा पहले स्थान पर



इंदौर ने देपालपुर को कैसे बनाया स्वच्छ

नंबर वन इंदौर की मेंटरशिप में देपालपुर ने एक साल में ऐसी छलांग लगाई कि 20 हजार आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पहले स्थान पर पहुंच गया। सभी 15 वार्डों में घर-घर कचरा संग्रहण कराया और पुराने कचरे के पहाड़ को साफ किया। इसके चलते देपालपुर 378वीं रैंक से अपनी श्रेणी में पहले स्थान पर पहुंच गया। पिछले सर्वेक्षण में देश के 2030 शहरों में देपालपुर को 1710वीं रैंक मिली थी। इंदौर को 30 सितंबर 2025 को शुरू हुई स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत देपालपुर का मेंटर बनाया गया था।



कचरा उठाने के लिए आठ वाहन, 14 हजार डस्टबिन बांटे

देपालपुर में पहले कचरा संग्रहण की व्यवस्था कमजोर थी। इंदौर ने सीएसआर के माध्यम से चार नए कचरा वाहन उपलब्ध कराए और पुराने वाहनों की मरम्मत भी कराई। अब आठ वाहनों से सभी 15 वार्डों में घर-घर कचरा संग्रहण हो रहा है। घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग रखने के लिए 14 हजार डस्टबिन वितरित किए गए।



यहां 40 लाख रुपए की लागत से मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर और 10 लाख रुपए की लागत से कंपोस्टिंग यूनिट स्थापित की गई। एमआरएफ सेंटर में सूखे कचरे की प्रोसेसिंग हो रही है और गीले कचरे से खाद बनाई जा रही है।



1250 टन कचरा हटाकर बनाया ग्रीन फॉरेस्ट

बनेड़िया रोड स्थित पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड पर पांच साल में 1250 मीट्रिक टन कचरा जमा हो गया था। इंदौर नगर निगम की टीम ने इसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया। इससे 2.2 एकड़ जमीन खाली हुई। इस जमीन पर करीब 300 पौधे लगाकर ग्रीन फॉरेस्ट विकसित किया गया है।

Tags:
  • स्वच्छता सर्वेक्षण अवार्ड 2025-26
  • स्वच्छता सर्वेक्षण अवार्ड
  • महापौर पुष्यमित्र भार्गव
  • केंद्रीय मंत्री मनोहर खट्टर
  • मध्यप्रदेश
  • इंदौर
  • देपालपुर