इंदौर में खाद्य आपूर्ति अधिकारी की सुस्ती, अफवाह ने पेट्रोल-डीजल पर फैलाया पैनिक, सुबह 70 टैंकर पहुंचे
Indore. केंद्र और मध्य प्रदेश शासन के लगातार अलर्ट रहने के संदेश और आदेश के बाद भी इंदौर में जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अधिकारी एमएल मारू की सुस्ती भारी पड़ गई। मंगलवार शाम से ही पेट्रोल पंप पर भीड़ उमड़ने लगी थी।
अफवाह चलने लगी कि पेट्रोल-डीजल की किल्लत होगी। इसके चलते सभी टैंक फुल कराने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचने लगे। जब पंप की भीड़ के वीडियो वायरल होने लगे तब जाकर अधिकारी जागे।
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने सख्त नाराजगी जाहिर की और मारू को फटकारा। इसके बाद मंगलवार रात सवा नौ बजे खंडन जारी हुआ और बताया गया कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है।
उधर जांच करने के लिए आपूर्ति अधिकारी मारू बुधवार सुबह डिपो पर पहुंचे और फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर डलवाई और दिखाया कि वह ड्यूटी कर रहे हैं।
कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर ने दिखाई सख्ती
मारू की लापरवाही भारी पड़ने के बाद प्रशासन और पुलिस अधिकारी हरकत में आए। इसी बीच, भीड़ के कारण पंपों पर झगड़े की खबरें आने लगीं और अत्यधिक मांग से पंप ड्राई होने लगे। इंदौर की ये खबरें प्रदेश के अन्य जिलों में फैलने से वहां भी हालात बिगड़ गए। यानी इंदौर की सुस्ती ने पूरे प्रदेश को हिला दिया।
इसके बाद कलेक्टर शिवम वर्मा और एडीएम रोशन राय ने दौरा शुरू कर तेल कंपनियों से चर्चा की। वहीं, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने सभी अधिकारियों को तत्काल मैदान में उतरने, पंपों पर जाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए, तब जाकर देर रात स्थिति सुधरी।
बुधवार सुबह भी सीपी सिंह ने जानकारी ली, जबकि कलेक्टर वर्मा और एडीएम रोशन राय ने जमीनी हालात देख पंप संचालकों व तेल कंपनियों के साथ बैठक की। अब इनकी एक और विस्तृत बैठक बुलाई जा रही है।
इंदौर में दोपहर तीन बजे तक पंप फुल हो जाएंगे
इंदौर में हर दिन औसतन 120 टैंकर (एक टैंकर 20 हजार लीटर) से पंपों पर पेट्रोल-डीजल की सप्लाई होती है। बुधवार को सुबह तक करीब 70 टैंकर पहुंच चुके और 50 टैंकर और डिपो से निकलने की तैयारी में हैं।
पेट्रोल-डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र बसु ने बताया कि दोपहर तीन बजे तक सभी पंप फुल हो जाएंगे। सप्लाई में कोई कमी नहीं, केवल अधिक भीड़ के चलते ही कुछ पंप में तेल खत्म हुआ था जो सुबह भर दिए गए हैं। इंदौर में हर दिन 10 लाख लीटर पेट्रोल और 15 लाख लीटर डीजल की खपत होती है।
इंदौर में कमी वाली कोई बात ही नहीं
इंदौर के आयल डिपो में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई सीधे मुंबई से पाइपलाइन के जरिए होती है। ऐसे में यहां पर तेल की कोई कमी नहीं होती है क्योंकि सप्लाई बाधित नहीं होती है। यह लगातार मुंबई से सप्लाई होती है और डिपो से टैंकर के जरिए हर दिन इंदौर के पंपों पर तेल पहुंचता है। इसलिए इंदौर में लोगों को चिंता की जरूरत नहीं है।
रात को नेता हुए सक्रिय, वीडियो डाले
रात को इंदौर का माहौल पैनिक होने के बाद अधिकारियों के बाद नेता भी जागे। कलेक्टर का वीडियो जारी होने के बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव, बीजेपी नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा और फिर विधायक गोलू शुक्ला ने वीडियो बनाकर डाले।
इसमें अपील की गई कि अफवाह से बचें और इंदौर में तेल की कमी नहीं है। कुछ नेताओं द्वारा टिव्ट किया गया और सोशल मीडिया पर संदेश डाले गए। हालांकि मैदान में कोई नजर नहीं आया।
ये खबरें भी पढ़ें....
एमपी एजुकेशन लोन में 45% छात्रों के आवेदन रिजेक्ट, हर दूसरे छात्र को बैंक ने किया निराश
5वीं और 8वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 25 मार्च को, विद्यार्थी वेब पोर्टल पर देख सकेंगे परिणाम
इंदौर खजराना मंदिर के पुजारी पर पत्नी ने लगाए प्रताड़ना के आरोप: एक करोड़ और फॉर्च्यूनर कार की मांग