मॉडल, एक्टर कपिल खादीवाला का वीडियो, बोले- Shame on Indore Police, आप इतने घूसखोर हो

Sanjay Gupta | Published:
इंदौर पुलिस की कार्यशैली पर मॉडल और एक्टर कपिल खादीवाला ने उठाए सवाल, वीडियो जारी कर लगाए गंभीर आरोप।
मॉडल व एक्टर कपिल खादीवाला द्वारा जारी एक वीडियो में इंदौर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उनके द्वारा जारी 4.46 मिनट के वीडियो में पुलिस पर परेशान करने और रुपए मांगने के आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने इस मामले में कहा है कि इसकी जांच की जा रही है, जिसकी गलती होगी, कार्रवाई की जाएगी।

खादीवाला यहां वेब सीरीज की शूटिंग के लिए आए थे

इंदौर पुलिस की खाकी पर दाग लगा है। यह दाग इंदौर के ही मॉडल व एक्टर कपिल खादीवाला के 4.46 मिनट के वीडियो से लगा है। खादीवाला यहां वेब सीरीज की शूटिंग के लिए आए थे। लेकिन वे अब शूटिंग बंद कर चुके हैं और इसका कारण उन्होंने इंदौर पुलिस द्वारा परेशान करना बताया है। वीडियो में ऊपर उन्होंने लिखा है- Shame on Indore Police. वहीं पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।



वीडियो में यह बोले कपिल खादीवाला

कपिल खादीवाला ने वीडियो में कहा है कि मैं मॉडल व एक्टर हूं और मूल रूप से इंदौर से ही हूं। मुझे मजबूरी में वीडियो बनाना पड़ रहा है। मैं चाहता हूं कि यह वीडियो मुख्यमंत्री जी, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जी, सांसद लालवानी जी, महापौर जी और कलेक्टर, एसपी सभी देखें। मप्र सरकार कहती है कि शूटिंग करने आएंगे तो काफी सुविधा मिलेगी। पहले भी शूटिंग को लेकर मैं बहुत परेशान हुआ। तब मंत्री तुलसी सिलावट की मदद से शूटिंग हुई। अभी वेब सीरीज कर रहा था, यह दिल्ली में होनी थी, तब मैंने कहा कि इंदौर में शूट किया जाए।



पुलिस पर ये लगाए आरोप

खादीवाला ने कहा कि जब हम पुलिस से मंजूरी लेने गए तो हमें बहुत परेशान किया गया, चाहे सीपी ऑफिस हो, एससीपी, टीआई ऑफिस हो। इतने सवाल, जैसे कोई चोरी करने आए हों। मंजूरी मिल गई तो कनाडिया एरिया में कैफे पर रात 11-11.30 बजे शूटिंग कर रहे थे। तब पुलिस आ गई, परेशान किया। कहा, शूटिंग नहीं कर सकते हैं। अप्रत्यक्ष तौर पर रिश्वत मांगी, प्रोडक्शन वालों से सीधे कितनी बार पैसे मांगे, फिर साइड में ले जाकर पैसे मांग रहे थे। पूरी टीम शूटिंग बंद कर मुंबई लौट गई। अब किसी और सिटी में शूटिंग का प्लान कर रहे हैं। यह शर्मनाक बात है कि इंदौर पुलिस इस तरह से व्यवहार करती है।



पुलिस कमिश्नर पर भी आरोप

इसके बाद कमिश्नर साहब से मिलने की कोशिश की। ऐसा लगता है कि सलमान खान से ज्यादा एटीट्यूड है उनका। पता नहीं, पब्लिक सर्वेंट हैं या राजा हैं किसी देश के। पता नहीं ऐसा क्यों है। जितनी पुलिस है इंदौर की, शेम ऑन यू, शेम ऑन यू इंदौर पुलिस। आप इतने घूसखोर हो, इतना लालच है पैसों का। आपको बिल्कुल तमीज नहीं है बात करने की। थैंक यू सो मच। मैंने तो हाथ जोड़े इंदौर में शूटिंग करने से। जय हिंद।



क्या बोले पुलिस कमिश्नर?

वहीं इस मामले में पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने कहा कि एक व्यक्ति ने इस तरह का वीडियो डाला है। हमारी सोशल मॉनिटरिंग सेल है, वह इसका परीक्षण कर रही है। यदि पुलिस की ओर से गलती हुई तो उन पर कार्रवाई होगी और यदि छवि खराब करने के लिए बिना तथ्य परीक्षण के यह वीडियो डाला गया तो संबंधित पर उसी हिसाब से वैधानिक कार्रवाई होगी।

Tags:
  • इंदौर पुलिस
  • Kapil Khadiwala
  • कपिल खादीवाला
  • Indore Police
  • इंदौर पुलिस पर घूस के आरोप
  • पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह
  • Indore police
  • इंदौर वेब सीरीज शूटिंग
  • Indore police bribe video
  • शेम ऑन इंदौर पुलिस