इंदौर में भूमाफिया के गुर्गों ने पुलिस पर किया हमला, जवानों के सिर फूटे, मामला दबाया
समझें क्या है पूरा मामला
- इंदौर के कनाडिया इलाके में जमीन विवाद को लेकर रविवार रात भारी बवाल हुआ।
- विवाद की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डायल 100 की टीम पर हमला हुआ।
- नशे में धुत गुंडों ने पुलिस जवानों को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया।
- इतनी बड़ी वारदात होने के बाद भी पुलिस अफसर मामले को छुपा रहे हैं।
इंदौर में खाकी पर गुंडे भारी पड़ गए। कनाडिया थाना एरिया में रविवार रात को यह घटना हुई, जिसे पूरी तरह से दबा दिया गया। जबकि इसमें तीन से चार जवानों को बुरी तरह चोट आई।
सिर पर टांके लगने की बात भी कही जा रही है। लेकिन मामले में पुलिस ने चुप्पी साध ली है और इसे दो पक्षों का विवाद बताकर कन्नी काट रहे हैं।
इस तरह से हुई घटना
डायमंड कॉलोनी में भूमाफियाओं के बीच जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। यहां प्लॉट मालिक अपने कब्जे के लिए आते हैं, जिन्हें रोकने के लिए भूमाफियाओं ने मोहसिन नाम के व्यक्ति को जिम्मेदारी दी है।
मोहसिन जमीन की सुरक्षा कर रहा है। रविवार को जब कुछ लोग वहां पहुंचे, तो मोहसिन और उसके साथियों ने उन्हें पीट दिया। इसके बाद लोगों ने डायल 100 पर सूचित कर पुलिस को बुलाया।
मोहसिन और गुर्गों ने पुलिस को पीटा
मोहसिन और गुर्गों ने पुलिस को भी नहीं बख्शा। बताया जा रहा है कि सभी नशे में थे तो इन्होंने पुलिस को भी जमकर पीटा।
इसमें आशीष शर्मा और विजय सिकरवार के सिर पर गंभीर चोट आई। साथी पुलिसकर्मी उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए। लेकिन इस पूरे मामले को दबा दिया गया है।
क्या बोल रहे हैं टीआई
कनाडिया टीआई सहर्ष यादव ने द सूत्र को बताया कि इस मामले में पुलिस का कोई संबंध नहीं है और न ही किसी ने पुलिस पर हमला किया। यह दो पक्षों का आपसी विवाद था।
पुलिस ने स्थिति को संभाला और विवाद को शांत कराया। बाद में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया, इसलिए कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।
डायमंड गृह निर्माण सोसायटी की जमीन
यह जमीन डायमंड गृह निर्माण सोसायटी की है। यह करीब 17 एकड़ जमीन है जिसकी कीमत 500 करोड़ के करीब है। इसमें से कई टुकड़े करके भूमाफिया जमीन अपने नाम करवा चुके हैं।
मामला कोर्ट केस में भी चल रहा है। इस जमीन को खरीदने वाले कई बड़े लोग है। इन्हीं के द्वारा मिलकर मोहसिन नाम के व्यक्ति को जमीन की रखवाली के लिए रखा गया है। जो गुर्गों के जरिए पूरी जमीन पर सोसायटी के प्लाटधारक व अन्य को आने से रोकता है।
ये भी पढ़ें...
पैसे ले लिए लेकिन नहीं दिए प्लॉट, ऐसी 115 हाउसिंग सोसायटियों पर लगेगा ताला
गुना ट्रिपल मर्डर केस, मां के अवैध संबंध से नाराज बेटे ने की 3 हत्याएं
MP के कॉलेजों में काउंसलर जरूरी: 6 से 8 जुलाई के बीच शिक्षकों को मिलेगी ट्रेनिंग
इंदौर के चर्चित कालरा विवाद में जीतू यादव को क्लीन चिट, बीजेपी में वापसी की उम्मीद