इंदौर में नशेड़ी पुलिसकर्मी ने नाइट गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मियों को मारी टक्कर, एक की हालत गंभीर
इंदौर में डीआरपी लाइन में तैनात पुलिसकर्मी विजय चौहान ने नशे में धुत होकर अपनी कार से एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर पुलिसकर्मी भूरालाल और प्रमोद रात्रिगश्त कर रहे थे।
इस हादसे में दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक पुलिसकर्मी गंभीर हालत में है और उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।
इस तरह हुई घटना
बताया जा रहा है कि रोड एक्सीडेंट (सड़क हादसा) करने वाला डीआरपी लाइन में तैनात पुलिसकर्मी विजय चौहान नशे में धुत था। ये घटना राजेंद्र नगर के आनंद नगर इलाके में हुई। पुलिस जवान भूरालाल जामले और प्रमोद त्यागी अपनी बाइक से रूटीन गश्त पर थे, तभी विजय चौहान अपनी कार लेकर वहां पहुंचा।
नशे में धुत विजय ने अपनी कार पर नियंत्रण खो दिया और सीधा पेट्रोलिंग टीम की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों जवान सड़क पर दूर जा गिरे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहीं, विजय चौहान मौके से फरार हो गया।
पहले भी चौहान के खिलाफ शिकायतें
सूत्रों के अनुसार आरोपी विजय चौहान पहले भी शराब पीकर हंगामा करने और लापरवाही के मामलों में घिर चुका है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है।
इस घटना की एडिशनल डीसीपी प्रियंका डोडवे ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि डीआरपी लाइन में पदस्थ आरक्षक की कार से रात्रिगश्त कर रहे पुलिसकर्मियों की बाइक को टक्कर मारी गई है। दोनों घायल हैं और इलाज जारी है। वहीं एक पुलिसकर्मी आईसीयू में है।
ये खबरें भी पढ़िए...
बरगी डैम हादसा: पर्यटकों की जान बचाने वालों को 51-51 हजार देगी सरकार
महंगी गाड़ियों के दिखाए नकली एक्सीडेंट, करोड़ों का घोटाला उजागर
इंदौर में रहकर पीएससी, ईएसबी की तैयारी करना महंगा, गैस सिलेंडर लेकर छात्रों का प्रदर्शन
एमपी न्यूज: निगम-मंडलों की लंबित सूची साफ: देर रात नियुक्तियों की बारिश