इंदौर में अधिकारियों ने बीजेपी से जुड़ी सफाई पंचायतों को साधा, वाल्मीकि सेना पर कार्रवाई की तैयारी

Sanjay Gupta | Published:
इंदौर में सफाई कर्मचारी हड़ताल के बीच नगर निगम और प्रशासन की बैठक
Indore Municipal Corporation and district administration hold high-level meeting with sanitation workers' panchayats amid strike
इंदौर में वाल्मीकि सेना के बैनर तले सफाई कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं। उनसे बात नहीं बनती देख प्रशासन और निगम ने अब बीजेपी से जुड़ी सफाई पंचायतों को साधा है। उधर प्रताप करोसिया और संतोष कल्याणे आमने-सामने हो गए हैं। महापौर बोले कि असामाजिक तत्वों ने जो किया वह सहन नहीं किया जाएगा।

इंदौर नगर निगम और जिला प्रशासन की बैठक

इंदौर में सोमवार से सफाईकर्मियों के आंदोलन के चलते सफाई के हाल-बेहाल हैं। सफाई को लेकर भद पिटने के बाद अब इंदौर नगर निगम और जिला प्रशासन ने बुधवार रात को बैठक कर नई रणनीति बनाई।



इसमें बीजेपी से कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया के साथ बैठक की। इसमें करोसिया के साथ जुड़ी विविध सफाई पंचायतों के पदाधिकारी भी बुलाए गए। इन्हें साथ में लिया गया। उधर आंदोलन कर रही वाल्मीकि सेना को अलग-थलग कर दिया गया। इस सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कल्याणे हैं।



इन सभी को साथ में साधा

रेसीडेंसी कोठी में करोसिया के साथ कलेक्टर शिवम वर्मा, निगमायुक्त क्षितिज सिंघल और अपर आयुक्त प्रखर सिंह भी मौजूद रहे। इनके साथ नगर निगम के कर्मचारी संगठनों और वाल्मीकि समाज की पंचायतों के प्रतिनिधि भी पहुंचे।



इनमें लीलाधर करोसिया, लेखराज नरवाले, बबल वेद, विवेक करोसिया और महेश गोहर सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे। सभी ने एकजुट रहने और हड़ताल से दूर रहने की बात कही।



असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की बात

बैठक में तय किया गया कि अब शहर की साख को धूमिल करने वाले और गंदगी फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्ती होगी। इन पर एफआईआर की जाएगी। इंदौर की चारों पंचायतें एवं कर्मचारी यूनियन संगठन नगर निगम के साथ हैं। यूनियन अथवा समाज का संगठन इस आंदोलन में साथ नहीं है।



निगमायुक्त ने कहा कि इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था को किसी भी परिस्थिति में प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही शहरहित में सभी संबंधित पक्ष अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।



कल्याणे ने लगाए करोसिया पर आरोप

उधर संतोष कल्याणे ने कहा कि बुधवार शाम को हमें चर्चा के लिए बुलाया गया लेकिन अधिकारी हमसे नहीं मिले। साथ ही रेसीडेंसी पर करोसिया के साथ बैठक करने चले गए। करोसिया बीजेपी और सरकार के लिए काम करते हैं। उन्हें वाल्मीकि समाज के लोगों के हितों से कोई लेना-देना नहीं है।



संतोष कल्याणे ने आगे कहा कि वह केवल अपने लोगों का हित देखते हैं। हमारे साथ समाज के 60 फीसदी लोग जुड़े हैं जो आज भी आंदोलन में हैं। यह आंदोलन केवल इंदौर नहीं अन्य शहरों में भी हो रहा है। हमारे संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और सफाई कर्मियों पर दबाव बनाने के लिए उन्हें निकाला जा रहा है। कार्रवाई की धमकी दी जा रही है।



करोसिया ने कहा कल्याणे कांग्रेस, बीएसपी का व्यक्ति

वहीं करोसिया ने कहा कि कल्याणे कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी से जुड़ा व्यक्ति है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह सहित अन्य नेता उनके साथ हड़ताल पर बैठते रहे हैं। उनका वाल्मीकि समाज और उनके लोगों के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। हम शहर का समाज का हित चाहते हैं। इसलिए एकजुट होकर सफाई के काम में आगे बढ़ रहे हैं।



महापौर बोले असामाजिक तत्व कर रहे हैं

वहीं गुरुवार सुबह महापौर पुष्यमित्र भार्गव सफाई व्यवस्था देखने शहर के दौरे पर निकले। उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों की वजह से ही इंदौर नंबर-1 बना रहता है। सफाईकर्मियों ने अपनी कुछ मांगों को लेकर हड़ताल की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि जायज मांगें पूरी करना हमारी जिम्मेदारी है।



महापौर बोले कि कुछ असामाजिक तत्वों ने सफाईकर्मियों को भड़काया। इसके बाद सड़कों पर कचरा फैलाया गया। यह पूरी घटना निंदनीय है। बुधवार को सभी पंचायतों और बस्तियों में जाकर बात की गई। इसके बाद सभी सफाईकर्मी काम पर लौट आए हैं। उन्होंने साफ कहा कि कोई भी भ्रम में न रहे। सभी कर्मचारी काम पर लौट चुके हैं। असामाजिक तत्वों ने जो किया वह सहन नहीं किया जाएगा।



Tags:
  • इंदौर नगर निगम
  • अध्यक्ष प्रताप करोसिया
  • राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कल्याणे
  • कलेक्टर शिवम वर्मा
  • निगमायुक्त क्षितिज सिंघल
  • वाल्मीकि समाज
  • पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह
  • पूर्व मंत्री सज्जन सिंह सहित
  • महापौर पुष्यमित्र भार्गव