स्मार्ट सिटी की 352 करोड़ की जमीन के टेंडर में बिल्डर मालपानी को झटका, हाईकोर्ट से याचिका खारिज
इस कार्रवाई के खिलाफ दायर याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है।
उधर, स्मार्ट सिटी कंपनी ने विवादों के बाद इस जमीन को लेकर दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें एक बार फिर 53 हजार वर्गमीटर जमीन के लिए बेस प्राइज 352 करोड़ रुपए रखा गया है। टेंडर भरने के लिए 30 दिन का समय दिया गया है। एक बार फिर सभी दावेदार आवेदन कर सकते हैं।
हाईकोर्ट ने आदेश में यह कहा
हाईकोर्ट के जस्टिस सुबोध अभ्यंकर और जस्टिस पवन कुमार द्विवेदी की बेंच ने गुरुवार शाम इस मामले में फैसला सुनाया। याचिकाकर्ता (नीलेश मालपानी) ने खुद माना है कि उनसे अनजाने में ही टेंडर की तकनीकी बोली खुलने से पहले वित्तीय बोली का खुलासा हो गया था। उनका तर्क था कि इसके आधार पर उन्हें टेंडर प्रक्रिया से बाहर नहीं किया जा सकता है। हालांकि, न्यायालय की राय में यह अनुबंध (Contract) देने की प्रक्रिया में हस्तक्षेप का आधार नहीं बनता है। ऐसे मामलों में न्यायिक हस्तक्षेप का दायरा बहुत सीमित होता है।
चूंकि प्रतिवादी/निगम की ओर से कोई दुर्भावना (Malafide) या अक्षमता नहीं दिखी है और याचिकाकर्ता ने भी 'कारण बताओ नोटिस' (Show Cause Notice) के जवाब में स्पष्ट रूप से स्वीकार किया है कि उसने अनजाने में तकनीकी बोली के साथ ही अपनी वित्तीय पेशकश का खुलासा कर दिया था, इसलिए न्यायालय को वर्तमान याचिका में कोई ठोस आधार (Merits) नहीं नजर आता है और इसे खारिज किया जाता है।
क्या गलती की मालपानी ने?
टेंडर प्रक्रिया के तहत हर आवेदक को तीन लिफाफे जमा करने थे। लिफाफा-A, लिफाफा-B और लिफाफा-C। इसमें लिफाफा-A में EMD की रसीद, लिफाफा-B में तकनीकी बोली (Technical Bid) और लिफाफा-C में वित्तीय बोली (Financial Bid) होनी चाहिए थी। मालपानी की ओर से लिफाफा-B और लिफाफा-C एक साथ ही दे दिए गए, जिससे वित्तीय बोली का खुलासा हो गया।
जमीन के लिए रखी गई 352 करोड़ की कीमत
इस 53 हजार वर्गमीटर जमीन की बिक्री के लिए स्मार्ट सिटी ने बेस प्राइज 352 करोड़ रुपए रखा था। इसके लिए बोलियां बुलाई गई थीं। चार कंपनियों ने बोली लगाई थी। इनमें से एक बोली शुभ लाभ रियलिटी की थी। इसके अलावा राजकमल बिल्डर्स, विजय जैन और एसजीएस जैन की भी बोलियां थीं।
मालपानी की कंपनी शुभ लाभ की बोली 406 करोड़ रुपए थी, वहीं राजकमल की बोली 400 करोड़ रुपए की थी। लेकिन मालपानी के टेंडर में तकनीकी चूक के कारण इसे बाहर कर दिया गया। यानी टेंडर राजकमल के खाते में जाता। इसके विरोध में मालपानी हाईकोर्ट चले गए थे।
टेंडर के लिए चली थी दबाव की राजनीति
इसके बाद ही मामले में दबाव की राजनीति शुरू हो गई। पहले बिडर मालपानी की ओर से भी हर जगह अपनी बात रखी गई और अधिकारियों से मुलाकात की गई। वहीं, उच्च स्तर से फोन भी किए गए कि टेंडर में उनका सहयोग किया जाए।इसी तरह दूसरे बिडर को जब यह बात पता चली तो वह अपने करीबी विधायक के पास पहुंचे। इन विधायक के जरिए अधिकारियों को फोन करवाए गए। इसमें राजकमल के समर्थन के लिए कहा गया और बात रखी गई कि यदि उनका टेंडर वैध है तो उन्हें ही दिया जाए।
दोनों पक्षों की ओर से लगातार फोन किए गए और अधिकारियों से संपर्क किया गया। इसके बाद कलेक्टर शिवम वर्मा, जो स्मार्ट सिटी बोर्ड के प्रेसिडेंट हैं, और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल, जो बोर्ड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं, की बैठक हुई। इसमें दोबारा टेंडर करने का फैसला लिया गया।
पहले गोपीकान ने 454 करोड़ में ली थी यह जमीन
इससे पहले स्मार्ट सिटी ने पूरी 70 हजार वर्गमीटर से ज्यादा जमीन का टेंडर एक साथ किया था। तब विवादित कंपनी तीर्थ गोपीकान ने 454 करोड़ रुपए में यह जमीन हासिल की थी। लेकिन बाद में जल निगम में 184 करोड़ रुपए की फर्जी बैंक गारंटी देने के मामले में कंपनी फंस गई।
द सूत्र ने ही खुलासा किया था कि सीबीआई जांच में सामने आया है कि कंपनी ने स्मार्ट सिटी इंदौर को भी फर्जी बैंक गारंटी देकर काम हासिल किया है। इस खुलासे के बाद स्मार्ट सिटी ने गोपीकान के साथ किया गया अपना करार रद्द कर दिया। इसके बाद अब फिर से यह जमीन बेची जा रही है।