निगमकर्मी को थप्पड़ मारने वाली सोनिला मिमरोट बाहर, प्रह्लाद पांडे जेल में, आज लगी याचिका

Sanjay Gupta | Published:
निगमकर्मी थप्पड़ कांड में नया मोड़ सामने आया है। निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट रिहा हो गई हैं। वहीं, प्रहलाद पांडे जेल में हैं।
Sonila Mimrot, who slapped a municipal worker, is out; Prahlad Pandey is in jail—petition filed today.
इंदौर में सब्जी मंडी से शुरू हुआ विवाद अब सियासी मुद्दा बन गया है। निगमकर्मी को थप्पड़ मारने के आरोप में जेल पहुंचीं नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट को जिला कोर्ट से राहत मिल गई है। कोर्ट ने मिमरोट समेत चार महिलाओं की जमानत मंजूर कर ली है। हालांकि, इसी मामले में गिरफ्तार राजनीतिक एक्टिविस्ट प्रह्लाद पांडे अभी भी जेल में हैं।

बता दें कि बुधवार 25 नवंबर को सब्जी मंडी में हुए हंगामे के बाद निगमकर्मी सचिन बमनेरे की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ शासकीय काम में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। आरोपियों में सब्जी विक्रेता रक्षा गोडके, गायत्री खोटे, अमित माटेजा, अतुल दावरे और सोना चौधरी भी शामिल हैं



इन चार को मिली जमानत

सोनिला मिमरोट समेत अन्य आरोपियों को बुधवार, 25 नवंबर को कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। अगले दिन 26 नवंबर को मिमरोट के साथ सब्जी विक्रेता गायत्री पति अंकित, सोना चौधरी और रक्षा गोडके ने जमानत के लिए आवेदन लगाया। कोर्ट ने चारों महिलाओं की जमानत मंजूर कर ली। इसके बाद गुरुवार शाम यानी 26 नवंबर को चारों जेल से बाहर आ गईं।



प्रह्लाद पांडे के मामले में क्या हुआ?

प्रह्लाद पांडे की पत्नी संगीता पांडे ने बताया कि उन्हें 25 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी थप्पड़ कांड से पहले हुई थी। संगीता के मुताबिक, प्रह्लाद गांधीवादी तरीके से आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने किसी के साथ मारपीट भी नहीं की थी। संगीता ने बताया कि जब वे थाने पहुंचीं, तो पुलिस ने शाम तक छोड़ने की बात कही। प्रह्लाद के साथ कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया था। बाद में कुछ लोगों को छोड़ दिया गया, लेकिन प्रह्लाद को नहीं छोड़ा।



इसके बाद संगीता पांडे 26 नवंबर को द्वारिकापुरी थाने पहुंचीं। वहां पुलिस ने उन्हें कोर्ट जाने की बात कही। पुलिस ने बताया कि प्रह्लाद को कोर्ट में पेश किया जाएगा। संगीता ने कोर्ट में जमानत याचिका लगाई। उन्होंने वीडियो के जरिए बताया कि प्रह्लाद ने कुछ नहीं किया। हालांकि, रहवासी संघ की ओर से जमानत पर आपत्ति जताई गई।



इसके बाद उन्हें जमानत याचिका वापस लेने की सलाह दी गई। उन्हें बताया गया कि याचिका खारिज होने पर दो दिन तक परेशानी हो सकती है। इसलिए उन्होंने याचिका वापस ले ली। इसके बाद प्रह्लाद को जेल भेज दिया गया। संगीता पांडे के मुताबिक, उन्होंने आज फिर जमानत याचिका लगाई है। उनका आरोप है कि प्रह्लाद पर सरकारी काम में बाधा जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। जबकि, पूरे आंदोलन में उन्होंने गांधीवादी तरीके से विरोध किया था।



टीआई ने क्या कहा?

द्वारिकापुरी टीआई अजय नायर से जब पांडे पर शासकीय काम में बाधा का केस दर्ज करने को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने बताया कि पांडे आंदोलन में मौजूद थे। टीआई के मुताबिक, पांडे थप्पड़ मारने की घटना में शामिल नहीं थे। हालांकि, वे आंदोलन में सक्रिय रहे थे। इसी आधार पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।



इसके एक दिन पहले घर पहुंची थी पुलिस

बुधवार, 25 नवंबर को सब्जी मंडी आंदोलन से पहले पुलिस सुबह करीब 4 बजे प्रह्लाद पांडे के घर पहुंची थी। पांडे और उनकी पत्नी ने वीडियो जारी कर पुलिस पर यह आरोप लगाया था। जारी वीडियो में घर के बाहर दो पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के बाद से ही पांडे को गिरफ्तारी का अंदेशा था। बाद में सुबह करीब 11 बजे वे सब्जी मंडी आंदोलन में पहुंचे। वहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।



मिमरोट को ऐसे मिली जमानत

जिला कोर्ट में अपर सत्र न्यायाधीश अयाज मोहम्मद के सामने जमानत आवेदन पेश किया गया। मिमरोट और अन्य महिलाओं ने आरोपों को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि मिमरोट जनप्रतिनिधि हैं और जनता की समस्याएं उठाने गई थीं। उन्होंने किसी अपराध से इनकार किया।



वहीं, टीआई अजय नायर और सरकारी वकील ने जमानत का विरोध किया। हालांकि, सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कई बातों पर गौर किया। कोर्ट ने माना कि सभी आरोपी महिलाएं हैं। उनका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं है। मिमरोट जनप्रतिनिधि भी हैं।



आरोपों में केवल एक धारा शासकीय काम में बाधा से जुड़ी है। इस धारा में दो साल से अधिक की सजा का प्रावधान है। किसी भी महिला का मेडिकल नहीं हुआ था। यानी किसी को गंभीर चोट नहीं आई थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए कोर्ट ने महिलाओं के प्रति उदार रवैया अपनाने की बात कही। इसके बाद सभी को जमानत दे दी गई। कोर्ट ने प्रत्येक महिला के लिए 20 हजार रुपए की जमानत राशि तय की।



सोनिला मिमरोट ने कहा- ये सच की लड़ाई है

इसके बाद सभी आरोपी गुरुवार यानी 26 नवंबर देर शाम जेल से बाहर आ गए। इस मौके पर सोनिला मिमरोट ने कहा कि यह सच की लड़ाई है। हक की लड़ाई है। गरीब ठेला व्यापारियों के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा। बड़े दुख की बात है कि निगमकर्मियों ने जिस तरह से रिमूवल में बर्बरता की है उस पर किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की। महिलाओं के साथ अभद्रता और बर्बरता की गई, इसलिए केवल धक्का-मुक्की हमारे द्वारा हुई। यदि निगमकर्मी गलत हरकत कर रहे हैं तो क्या हम अपने सामने होने देते, इनकी रक्षा के लिए हमने रोका तो क्या गलत किया।



फूटी कोठी सब्जी मंडी विवाद में जीतू पटवारी की एंट्री

इंदौर के फूटी कोठी सब्जी मंडी विवाद में अब कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने की तैयारी की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी व्यापारियों के समर्थन में उतरेंगे। उन्होंने शुक्रवार शाम 4 बजे फूटी कोठी पहुंचने का ऐलान किया है। पटवारी फ्लाईओवर के नीचे सब्जी की दुकानें लगवाएंगे।



शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के मुताबिक, नगर निगम ने फूटी कोठी चौराहे के पास लगने वाले सब्जी विक्रेताओं को हटाया है। निगम ने उन्हें चंदन नगर के पास दुकानें लगाने को कहा है। कांग्रेस का आरोप है कि इससे व्यापारियों को काफी दूर जाना पड़ेगा। इससे उनके कारोबार पर भी असर पड़ेगा। चौकसे ने बताया कि कार्रवाई से पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मंडी को फूटी कोठी ब्रिज के नीचे शिफ्ट करने की घोषणा की थी। अब नगर निगम अपने ही फैसले से पीछे हट रहा है।



FAQs



  1. इंदौर में सब्जी मंडी को लेकर क्या विवाद हुआ था?
    इंदौर में 25 नवंबर को सब्जी मंडी में भारी बवाल हुआ, जिसमें निगमकर्मी सचिन बमनेरे को सोनिला मिमरोट ने थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने सोनिला मिमरोट और छह अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
  2. सोनिला मिमरोट को कब जमानत मिली?
    सोनिला मिमरोट और अन्य महिलाओं को 26 नवंबर को जमानत मिली। कोर्ट ने जमानत मंजूर करते समय विचार किया कि सभी आरोपी महिलाएं हैं और उनका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
  3. प्रह्लाद पांडे की गिरफ्तारी के पीछे का कारण क्या था?
    प्रह्लाद पांडे को 25 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी थप्पड़ कांड से पहले हुई थी। पुलिस ने उन पर शासकीय काम में बाधा डालने का आरोप लगाया।
Tags:
  • सोनिला मिमरोट
  • Indore Vegetable Market Dispute
  • इंदौर सब्जी मंडी बवाल
  • Sonila Mimrot Slaps Corporation Worker
  • सोनिला मिमरोट निगमकर्मी को थप्पड़
  • इंदौर थप्पड़ कांड
  • प्रह्लाद पांडे
  • नगर निगम कर्मचारी
  • सोनिला मिमरोट जमानत
  • फूटी कोठी सब्जी मंडी