स्वच्छ सर्वेक्षण के अंक सात दिन बाद भी गायब, कांग्रेस ने इंदौर के महापौर को घेरा, अंकों से सामने आएगा सच

Sanjay Gupta | Published:
स्वच्छ सर्वेक्षण के अंक सात दिन बाद भी जारी नहीं हुए, कांग्रेस ने इंदौर महापौर पर सवाल उठाए।
Congress questions Indore Mayor as Swachh Survekshan 2025-26 scores remain unreleased seven days after the awards.
स्वच्छ सर्वेक्षण में इस बार अवॉर्ड समारोह के बाद पूरे देश में चर्चा हो रही है कि क्या इंदौर का ताज चला गया है। इस संबंध में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल पहले ही बयान जारी कर चुके हैं। केंद्र के जारी प्रेस नोट में भी काफी स्थिति साफ की गई थी।

लेकिन सात दिन बाद भी अंक सामने नहीं आए हैं। इससे अधिकारियों के साथ शहरवासी भी बेचैन हैं। वहीं, कांग्रेस ने एक बार फिर महापौर और नगर निगम को घेरा है।



सात दिन बाद भी जारी नहीं हुए अंक

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 पुरस्कार समारोह में भारत के सबसे स्वच्छ शहरों को सम्मानित किया। यह सबसे बड़े शहरी स्वच्छता सर्वेक्षण 'स्वच्छ सर्वेक्षण' का 10वां अवॉर्ड था।



इसमें मध्यप्रदेश के नौ शहरों को अलग-अलग कैटेगरी में अवॉर्ड मिले। वहीं, सफाई में साल 2017 से लगातार सिरमौर रहे इंदौर को स्वच्छ शहर जोड़ी में दूसरा स्थान मिला। स्वच्छ शहर लीग में इंदौर को शामिल नहीं किया गया।



इसके बाद से ही चर्चा चल रही थी कि क्या इंदौर सफाई की रैंकिंग से बाहर हो गया है। मंच से केंद्रीय मंत्री मनोहर खट्टर ने भी कहा था कि दो-तीन दिन में अंक जारी होंगे, लेकिन सात दिन बीतने के बाद भी अंक सामने नहीं आए हैं।



चिंटू चौकसे और सोनिला मिमरोट ने घेरा

इस मामले में गुरुवार, 19 नवंबर को कांग्रेस शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे और निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर आरोप लगाया कि वह झूठ बोल रहे हैं। कहा गया था कि दो-तीन दिन में डैशबोर्ड आ जाएगा और अंक सामने आ जाएंगे। इंदौर नंबर वन है, लेकिन अभी तक अंक जारी नहीं हुए हैं।



कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नंबर वन का ताज जाना कोई बड़ी बात नहीं थी। गलती होती तो सुधार ली जाती, लेकिन झूठ बोला जा रहा है। मिमरोट ने कहा कि महापौर घोषणावीर हैं और केवल बातें कर रहे हैं। शहर के हालात खराब हैं। जलसंकट अभी से आ गया है, लेकिन कोई तैयारी नहीं है। सफाई का ताज भी चला गया है।



कर्मचारियों को नहीं किया जा रहा नियमित

वहीं, चिंटू चौकसे ने कहा कि सफाई का ताज जाने के चलते ही महापौर ने घोषणा कर दी कि दस साल से काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह उनके हाथ में है ही नहीं। सुप्रीम कोर्ट का आदेश केवल 1650 कर्मचारियों के लिए था।



चौकसे ने कहा कि यदि ऐसा है तो महापौर निगमायुक्त का आदेश सार्वजनिक करके बताएं। हम उनका सम्मान करेंगे।



कांग्रेस नेताओं ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

दो अंकों से आगे है इंदौर, फिर नंबर वन होने की खबर

अभी डैशबोर्ड का इंतजार किया जा रहा है। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य और विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने कहा था कि जल्द इसे जारी कर सभी शहरों के अंक बताए जाएंगे। हालांकि, यह अभी सामने नहीं आया है। लेकिन द सूत्र को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस बार 10,500 अंकों के आधार पर रैंकिंग हुई है। इसमें इंदौर को 10,397 अंक मिले हैं, जो सर्वाधिक हैं।



वहीं, अहमदाबाद दूसरे नंबर पर है और उसके अंक 10,395 बताए जा रहे हैं। इसके बाद नवी मुंबई और फिर सूरत का नंबर है। यानी सूत्रों की मानें तो इंदौर अंकों के हिसाब से सफाई में सिरमौर है। हालांकि, जब तक औपचारिक तौर पर केंद्र द्वारा अंक जारी नहीं किए जाते, तब तक इस पर असमंजस बना रहेगा।



केंद्र द्वारा जारी प्रेस नोट में यह कहा गया

केंद्र द्वारा इस अवॉर्ड को लेकर प्रेस नोट जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की थीम स्वच्छता की नई पहल - बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ है। इसमें 10 खंडों में 176 उप-संकेतकों के आधार पर 4,751 शहरी स्थानीय निकायों (ULBs) का मूल्यांकन किया गया।



देशभर से 3,000 से अधिक प्रशिक्षित फील्ड असेसर्स (मूल्यांकनकर्ताओं) ने जाकर जमीनी स्तर पर सर्वेक्षण किया। इसमें रियल-टाइम, GPS आधारित निगरानी का भी उपयोग किया गया। साक्ष्य जमा करने से लेकर सत्यापन तक की पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी है। हर चरण पर इसकी गुणवत्ता की कड़ी जांच की जाती है।



इंदौर को इसलिए स्वच्छ लीग में शामिल नहीं किया गया

इस प्रेस नोट में ही लिखा है कि इस वर्ष सात श्रेणियों के अंतर्गत 60 राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा की गई। इनमें टॉप-3 'स्वच्छ शहर जोड़ी' (SSJ) और टॉप-3 स्वच्छ शहर की श्रेणियां शामिल हैं। स्वच्छ शहर की श्रेणी में वे शहर शामिल नहीं हैं, जिन्हें 'स्वच्छ शहर जोड़ी' के तहत पुरस्कार मिला है।



इसी वजह से इंदौर को टॉप-3 स्वच्छ शहरों में शामिल नहीं किया गया। इस कैटेगरी में नवी मुंबई को पहला, सूरत को दूसरा और विजयवाड़ा को तीसरा स्थान मिला।



इस बार जोड़ी पर सबसे ज्यादा जोर

सफाई अवॉर्ड में इस बार 'स्वच्छ शहर जोड़ी' पहल के तहत सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली तीन शहर जोड़ियों को प्रमुखता दी गई। अवॉर्ड समारोह में भी उन्हें ही सबसे पहले बुलाया गया। स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत शीर्ष तीन पुरस्कार विजेता जोड़ियों का चयन 'मेंटर' (मार्गदर्शक) और 'मेंटी' (सीखने वाले) शहरों के रूप में उनके कुल अंकों के आधार पर किया गया है।



इसमें अहमदाबाद-साणंद की जोड़ी पहले नंबर पर और इंदौर-देपालपुर की जोड़ी दूसरे नंबर पर रही थी।

Tags:
  • Swachh Survekshan 2025-26
  • स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26
  • Indore Cleanliness Ranking
  • इंदौर स्वच्छता रैंकिंग
  • President Droupadi Murmu
  • इंदौर
  • महापौर पुष्यमित्र भार्गव
  • Manohar Lal Khattar
  • स्वच्छ शहर पुरस्कार
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू