इंदौर के स्वच्छता अवार्ड पर कहीं जश्न, कहीं गुस्सा, शहर पूछ रहा कहां गया हमारा नंबर 1 का ताज

Sanjay Gupta | Sootr Creatives | Nov 12, 2026, 13:28 IST
स्वच्छता अवार्ड लेकर इंदौर लौटे महापौर का समर्थकों ने जश्न मनाया, वहीं नंबर 1 का ताज न दिखने और दूषित पानी के मुद्दे पर शहर में सवाल भी उठे।
Indore Mayor celebrates winning second place in Clean City Jodi award amid public questions over missing number one cleanliness rank
सफाई में नंबर वन रहने वाले इंदौर का यह तमगा आखिर कहां चला गया? यह सवाल अब पूरा शहर पूछ रहा है। वहीं जिम्मेदारों के पास इसका कोई ठोस जवाब ही नहीं है। इसके बजाय देपालपुर की दूसरी रैंक, वन सिटी वन अवॉर्ड और सबसे ज्यादा अंक मिलने जैसी बातें गिनाई जा रही हैं।

अवॉर्ड लेकर लौटे नेता और अधिकारी खुश हैं, लेकिन कई जगह गुस्सा साफ नजर आ रहा है।



अवार्ड लेकर इंदौर पहुंचे महापौर

इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव स्वच्छता अवार्ड (साफ शहर जोड़ी में दूसरा स्थान) लेकर गुरुवार, 12 नवंबर की सुबह इंदौर पहुंचे। यहां एमआईसी सदस्यों ने उन्हें कंधे पर बैठाकर जश्न मनाया। राजवाड़ा पर सफाई मित्रों ने भी जश्न मनाया। साथ ही मिठाई बांटी और पटाखे फोड़े।



उधर इस जश्न के बीच में भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौत वाले घरों के पीड़ित एयरपोर्ट पर काली तख्तियां लेकर पहुंचे। उन्होंने सवाल पूछा किजश्न किस बात का,हमें अभी तक न्याय नहीं मिला है। वहीं शहर पूछ रहा है कि हमारा नंबर वन ताज का क्या हुआ।



इंदौर में स्वच्छता अवार्ड पर विवाद

साल 2017 से जारी नंबर 1 का सफर क्या थम गया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर साल स्वच्छता अवार्ड की नींव रखी। इंदौर को पहले साल 2016 में 25वीं रैंक मिली। इसके बाद साल 2017 में वह पहले नंबर पर आया। इसके बाद यह दौर सतत चलता रहा और नंबर वन का ताज बना रहा। साल 2017 से 22 तक लगातार छह बार नंबर वन रहा। फिर 2023 में सूरत के साथ संयुक्त तौर पर नंबर वन रहा।



इसके बाद केंद्र सरकार ने सुपर स्वच्छ लीग शुरू की और साल 2024 में यहां भी नंबर वन आया, लेकिन इस बार इंदौर अलग से कहीं भी अवार्ड में नहीं दिखा।



इंदौर के स्वच्छता अवार्ड पर

इंदौर इस बार स्वच्छ शहर लीग में भी नहीं दिखा

सवाल इसलिए उठ रहे हैं कि अभी तक यही माना जा रहा था कि हमें स्वच्छ शहर लीग में अवार्ड दिया जाएगा। इसमें नंबर वन पर नवी मुंबई, फिर सूरत को दूसरा और विजयवाड़ा को तीसरा पुरस्कार मिला। इंदौर कहीं नहीं था।



यहां भी दूसरा नंबर

वहीं केंद्र ने इस बार बड़े शहर को एक साथी छोटे शहर को सफाई में आगे करने का जिम्मा दिया। इसके साथ स्वच्छ शहर जोड़ी का अवार्ड शुरू हुआ। यहां भी अहमदाबाद-साणंद की जोड़ी को पहला और फिर इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को दूसरा स्थान मिला।



महापौर क्या बोल रहे हैं?

वहीं महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर फिर बना सिरमौर, सर्वाधिक प्रेरणादायी शहर के रूप में इंदौर सबसे ज्यादा अंक के साथ नंबर वन है। वन सिटी वन अवार्ड के तहत इंदौर को स्वच्छ शहर जोड़ी में 25 हजार की जनसंख्या कैटेगरी में पहला स्थान मिला है। सभी कैटेगरी में मिलाकर देश भर में दूसरा स्थान मिला है। इसलिए अलग से अवार्ड नहीं दिया गया।



उन्होंने आगे कहा कि इंदौर के सफाई मित्रों का, जनता का, देपालपुर की जनता और सफाईमित्रों का सभी का धन्यवाद करता हूं। केंद्रीय मंत्री मनोहर खट्टर ने भी सबसे प्रेरणादायी शहर इंदौर को कहा है।



इंदौर के स्वच्छता अवार्ड पर

सफाई की बादशाहत क्यों छिन गई, कहां गया ताज

वहीं कांग्रेस के शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने निगम को घेरा है। उन्होंने कहा कि यह निगम एमआईसी सबसे नकारा साबित हुई है। अब तो नंबर वन का ताज भी चला गया। इंदौर नगर निगम केवल भ्रष्टाचार में नंबर वन रह गया है।



इसी तरह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी इंदौर निगम को घेरा। उन्होंने कहा कि केवल भ्रष्टाचार, अवैध वसूली, कागजी नवाचार, विवादों, विज्ञापन के जरिए विकास दिखाने और जनता से टैक्स वसूली में आगे हैं।



इंदौर ने बीजेपी को सभी विधायक, सांसद, महापौर, निगम दिए लेकिन शहर पूछ रहा है कि यह सब होने के बाद भी सफाई की बादशाहत क्यों छिन गई।



मंत्री, एसीएस क्या बोल रहे हैं

वहीं नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि एमपी को सफाई में नौ अवार्ड मिले हैं जो देश भर में सबसे ज्यादा हैं। यह सब पीएम नरेंद्र मोदी के विजन के कारण हुआ। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सफाई में प्रदेश आगे रहा है। देपालपुर की पहले रैंक 1710 थी। अब इंदौर निगम और महापौर पुष्यमित्र भार्गव की टीम के कारण यह जोड़ी में नंबर टू और अपनी कैटेगरी में नंबर वन पर पहुंच गया है।



एक शहर एक अवार्ड नीति के कारण किसी शहर को दो अवार्ड नहीं दिए गए। वहीं एसीएस संजय दुबे ने कहा कि शहरों के क्रम में इस बार भी इंदौर के ही अंक सबसे ज्यादा हैं। एक-दो दिन में यह स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। वहीं निगमायुक्त क्षितिज सिंघल का भी कहना है कि इंदौर सफाई में नंबर वन है।



इंदौर सबसे प्रेरणादायी शहर- केंद्रीय मंत्री

वहीं अवार्ड समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर खट्टर ने कहा कि इंदौर देश का सबसे प्रेरणादायक शहर है। उसे स्वच्छता की पाठशाला मानते हुए मोस्ट इंस्पायरिंग सिटी में रखा गया है।



क्या हॉल ऑफ फेम में रखा है इंदौर को

वहीं कुछ जानकारों ने बताया कि बीते साल ही जब स्वच्छ लीग में इंदौर सिरमौर बना, इसके बाद भी इंदौर को कहा गया था कि अब अवार्ड नहीं देंगे। आपको हॉल ऑफ फेम में रखा जाएगा, जो अन्य शहरों को प्रेरणा देगा। दूसरी ओर इसकी अभी तक औपचारिक जानकारी कहीं भी डिस्प्ले नहीं हुई है।



वहीं सभी शहरों के नंबर भी अभी तक सामने नहीं आए हैं। इसी पर महापौर और एसीएस दुबे कह रहे हैं कि सभी शहरों के अंक में भी इंदौर के सबसे ज्यादा हैं। जब यह अंक सामने आएंगे तभी और स्थिति साफ होगी। अभी तक किसी भी डिस्प्ले, अवार्ड में इंदौर का नाम नहीं आया है। केवल स्वच्छ शहर जोड़ी में ही नंबर दो के अवार्ड की घोषणा मंच से हुई और अवार्ड दिया गया।



Tags:
  • इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव
  • पुष्यमित्र भार्गव
  • स्वच्छता अवार्ड
  • सुपर स्वच्छ लीग
  • चिंटू चौकसे
  • इंदौर नगर निगम
  • जीतू पटवारी
  • कैलाश विजयवर्गीय
  • मुख्यमंत्री मोहन यादव
  • एसीएस संजय दुबे