सीएम डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के जलसंकट पर ली बैठक, महापौर ने 110 करोड़ मांगे, यशवंत सागर भरेंगे

Sanjay Gupta | Published:
इंदौर में संभावित जलसंकट से निपटने के लिए मुख्यमंत्री के सामने कार्ययोजना रखी गई।
Mayor Demands Rs 110 Crore, Yashwant Sagar To Be Filled
इंदौर में संभावित जलसंकट को लेकर सीएम मोहन यादव ने सोमवार शाम को अहम बैठक ली। यह बैठक उन्होंने भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंगके जरिए ली। सीएम के साथ भोपाल में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी थे। इसमें महापौर ने 110 करोड़ की सहायता मांगी है।

इंदौर में मानसून सीजन में कम बारिश

इंदौर में इस मानसून सीजन में करीब 40 फीसदी बारिश कम हुई है। अभी से तालाब खाली होने लगे हैं। इसी को देखते हुए अभी से जल उपलब्धता की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल अभी से वार्डवार प्लान की तैयारी कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर सीएम डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में अहम बैठक ली। इस बैठक में महापौर भार्गव भी उनके साथ थे। सीएस अशोक वर्णवाल, एसीएस नीरज मंडलोई के साथ ही इंदौर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, मालिनी गौड़, एमआईसी में जल प्रभारी बबलू शर्मा व अन्य जुड़े थे। साथ ही कलेक्टर शिवम वर्मा, निगमायुक्त भी उपस्थित थे।



इंदौर के जलसंकट पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने ली बैठक

निगम की ओर से महापौर ने यह रखी मांग

इस बैठक में महापौर भार्गव ने 110 करोड़ की सहायता की मांग रखी। इस राशि से होने वाले कामों की जानकारी भी सीएम को दी। इसमें बताया गया कि सौ नए टैंकर लिए जाएंगे। इसमें करीब 25 करोड़ का खर्च होगा। नवीन ट्यूबवेल खनन में करीब 15 करोड़ खर्च होंगे। नवीनसम्पवेलके लिए 10 करोड़ का खर्चा होगा। राऊ-बिलावली जलप्रदाय व्यवस्था के विकास के लिए 20 करोड़ की राशि लगेगी और टैंकर से जलप्रदाय व्यवस्था में करीब 40 करोड़ का खर्च होगा।



यशवंत सागर भरने की मिली मंजूरी

वहीं सीएम डॉ. मोहन यादव ने यशवंत सागर को नर्मदा से भरने की मंजूरी दी है। यशवंत सागर में इस बार पानी कम भरा है। यहां से पश्चिम इंदौर में करीब डेढ़ लाख घरों को वाटर सप्लाई होती है। इसे नर्मदा पानी से भरने के लिए नगर निगम ने नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण को भेजा हुआ है। सीएम ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देने की बात कही है। बबलू शर्मा ने कहा कि अगली गर्मी को लेकर जलसंकट पर सीएम ने बैठक ली है। इंदौर की सभी संभावनाओं पर बात की है। जिससे अधिक से अधिक जल की उपलब्धता हो सके। सभी विषयों पर सीएम ने चर्चा की है। इसमें यशवंत सागर को भरने, टैंकर से जल परिवहन जैसे मुद्दे शामिल रहे।



मुख्यमंत्री ने दिए यह निर्देश

कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री जी के द्वारा इंदौर के जल प्रबंधन को लेकर वीसी आयोजित की गई। सख्त निर्देश दिए कि जल प्रबंधन उचित प्रकार से हो, नागरिकों को किसी प्रकार की दिक्कत न आए। साथ ही ट्रीटेड जल का ज्यादा से ज्यादा उपयोग हो। भविष्य की प्लानिंग भी कर लें, जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में कौन से बोर सूख रहे हैं, इसकी पहले से तैयारी कर ली जाए। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत भी कार्य प्रारंभ करने को कहा है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि जल का उचित उपयोग करें, व्यर्थ न करें। ट्रीटेड पानी का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करें और अमृत के कार्यों को नगर निगम तेजी से पूर्ण करे। विधायक मालिनी गौड़ ने कहा कि इस वर्ष वर्षा कम हुई है, इसको देखते हुए मुख्यमंत्री जी ने पूरे प्रदेश के सभी जिलों की बैठक ली है। पानी की चिंता करते हुए सभी लोगों ने कई सारे सुझाव दिए।

Tags:
  • सीएम डॉ. मोहन यादव
  • Indore water crisis
  • इंदौर जलसंकट
  • CM Mohan Yadav meeting
  • मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
  • विधायक महेंद्र हार्डिया
  • नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण
  • इंदौर नगर निगम
  • महापौर पुष्यमित्र भार्गव
  • कलेक्टर शिवम वर्मा