इंदौर के यशवंत क्लब में सीएम मोहन यादव के आयोजन में छिड़ा विवाद, आयोजकों का मंच पर मंत्री, विधायक को बैठाने से इंकार

Sanjay Gupta | Sootr Creatives | Published:
इंदौर के यशवंत क्लब में स्नूकर चैंपियनशिप के शुभारंभ से पहले मंच पर बैठने को लेकर प्रोटोकॉल विवाद हुआ, जिसे सीएम हाउस के दखल के बाद सुलझाया गया।
Protocol controversy erupts over stage seating before CM Mohan Yadav inaugurates World Snooker Championship 2026 at Yashwant Club in Indore 
16 नवंबर की रात सीएम डॉ. मोहन यादव यशवंत क्लब में खेलों को बढ़ावा देने के लिए पहुंचे थे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही प्रोटोकॉल को लेकर विवाद शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ा कि अधिकारियों को सख्त चेतावनी देनी पड़ी। बात सीएम हाउस तक पहुंची, तब जाकर आयोजकों ने प्रोटोकॉल का पालन किया।

बता दें कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को इंदौर के यशवंत क्लब में वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप-2026 के शुभारंभ समारोह में हिस्सा लिया था। यह आयोजन भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (BSFI) के शताब्दी वर्ष के मौके पर किया गया था। हालांकि कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही प्रोटोकॉल व्यवस्था को लेकर आयोजकों और अधिकारियों के बीच विवाद हो गया।



मंत्री, विधायक नहीं बैठेंगे

आयोजकों ने मंच पर सिर्फ 10 कुर्सियों की व्यवस्था की थी। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि मंच पर सीएम डॉ. मोहन यादव, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और क्लब के पदाधिकारी ही बैठेंगे। बाकी मंत्री, विधायक और अन्य गणमान्य लोगों के बैठने की व्यवस्था मंच के नीचे की जाएगी।



इस पर अधिकारियों ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह प्रोटोकॉल के खिलाफ है। ऐसा नहीं हो सकता। इसलिए मंच की व्यवस्था में बदलाव करना होगा। मामला सीएम हाउस तक पहुंचा। वहां से भी आयोजकों को साफ निर्देश दिए गए कि प्रशासनिक अधिकारी प्रोटोकॉल के मुताबिक जो कह रहे हैं, उसका पालन किया जाए।



फिर मंच पर इन्हें बैठाया

लंबी बहस के बाद आयोजकों ने फिर मंच व्यवस्था बदली। मंच पर सीएम के साथ महापौर, विधायक रमेश मेंदोला, नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा की व्यवस्था की गई। साथ ही आयोजक व अन्य को बैठाया गया।



सीएम ने कहा खेल के लिए पूरी मदद

कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के 100 साल पूरे होना देश के लिए बड़ी उपलब्धि है। राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित करने के लिए हर संभव मदद करेगी।



सीएम ने कहा कि किसी भी खेल की अकादमी खोलने के लिए जमीन की जरूरत होगी तो सरकार उपलब्ध कराएगी। प्रदेश में हर खेल को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



आयोजन में 150 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

बता दें कि इंदौर में आयोजित इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में लगभग 35 देशों के 150 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। सीएम ने कहा कि 19 नवंबर को मध्यप्रदेश में महिला हॉकी की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता भी आयोजित होने जा रही है। यह प्रदेश में खेल गतिविधियों के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के बढ़ते अवसरों का प्रमाण है।



कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्नूकर खिलाड़ी पंकज आडवाणी के साथ बिलियर्ड्स टेबल पर हाथ आजमाया। इस मौके पर भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (BSFI) के सुनील बजाज और बाला सुब्रमण्यम, मध्यप्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर संघ के भोलू मेहता और अश्विन पुराणिक मौजूद रहे।



इसके अलावा यशवंत क्लब के विजय कस्तूरी और जीतू जैन, अंतरराष्ट्रीय स्नूकर खिलाड़ी गीत सेठी, पंकज आडवाणी और अंतरराष्ट्रीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के जिम लेसी सहित अन्य अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।



FAQ



1. इंदौर के यशवंत क्लब में प्रोटोकॉल विवाद किस बात को लेकर हुआ था?



यशवंत क्लब में आयोजित वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप के शुभारंभ समारोह से पहले आयोजकों ने मंच पर केवल 10 कुर्सियां लगाई थीं। आयोजक सिर्फ सीएम, महापौर और क्लब पदाधिकारियों को मंच पर बैठाना चाहते थे, जबकि मंत्रियों और विधायकों को नीचे बैठाने की व्यवस्था की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने इसे प्रोटोकॉल के खिलाफ बताते हुए विरोध जताया, जिससे यह विवाद शुरू हुआ था।

Tags:
  • मुख्यमंत्री मोहन यादव
  • यशवंत क्लब इंदौर
  • वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप-2026
  • भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ
  • महापौर पुष्यमित्र भार्गव
  • विधायक रमेश मेंदोला
  • महिला हॉकी की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता
  • विजय कस्तूरी