इंदौर की ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी के रोमियो लेन के किचन में खाने में कीड़े मिले, फूड लाइसेंस भी नहीं है
इंदौर में बड़े फाइव स्टार होटल के साथ ही नाम और बड़े रेस्टारेंट, होटल पर जांच जारी है। वहीं लगातार इनके किचन में गंदगी, कीड़े और अनियमितताएं मिल रही है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्य प्रदेश, भोपाल के निर्देशन में तथा कलेक्टर जिला इंदौर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में मंगलवार को फिर दो प्रतिष्ठानों पर महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई।
रोमियो लेन में यह सारी खामियां मिली
इसी कड़ी में मंगलवार को हाई स्ट्रीट अपोलो, एबी रोड, निपानिया स्थित ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी यानी रोमियो लेन (Romeo Lane Restaurant Indore ) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किचन परिसर में कई खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितताएं पाई गईं।
किचन के फ्रीजर में शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए। खाद्य पदार्थों की टैगिंग उचित रूप से नहीं की गई थी। खसखस एवं मशरूम पुराने थे और कीड़े लगे हुए थे। इन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। परिसर में पानी की जांच रिपोर्ट एवं खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए।
टीम ने लिए सैंपल, लाइसेंस नहीं मिला
मौके से पनीर, दही, मूंगफली दाना, खड़ा धनिया एवं ग्लास वर्मीसेली के कुल 05 नमूने जांच हेतु लिए गए, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान परिसर का खाद्य लाइसेंस की अवधि समाप्त पाई गई। इसके कारण किचन परिसर में खाद्य पदार्थों के निर्माण को तत्काल रोक दिया गया है।
मोमोज वाले के यहां भी जांच
खातीवाला टैंक स्थित बैराठी कॉलोनी के गोस्वामी मोमोज का शिकायत के आधार पर औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर मोमोज का निर्माण कर दुकान से विक्रय करने के साथ-साथ अन्य मोमोज विक्रेताओं को भी सप्लाई किया जाना पाया गया। विक्रेता पंकज गिरी के पास खाद्य पदार्थों के निर्माण हेतु वैध मंजूरी नहीं पाई गई। किचन कक्ष के बाहर एवं बैक लाइन क्षेत्र में अत्यधिक गंदगी पाई गई। आवश्यक दस्तावेज भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए।
यहां से भी जांच में लिए सैंपल
मौके से पनीर मोमोज एवं चीज मोमोज के नमूने जांच हेतु लिए गए, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान पानी की जांच रिपोर्ट, परिसर का पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र एवं खाद्य कारोबारकर्ता का मेडिकल प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं पाया गया। मोमोज के निर्माण को बंद कराया गया है।
इसके पहले भी चूके, काकरोच सब मिल चुके
इसके पहले भी प्रशासन की जांच में सयाजी होटल में चूहे और काकरोच की गंदगी के बीच खाद्य पाए गए थे। इसके साथ ही कई अन्य रेस्टारेंट में वेज और नानवेज को एक साथ स्टोर करना पाया गया है। इसके साथ ही एक्सपायर्ड सामग्री का भी उपयोग करना पाया गया है।
- इंदौर में खाद्य सुरक्षा संबंधित जांच का मुख्य कारण क्या था?
इंदौर में बड़े फाइव स्टार होटल और रेस्टोरेंट में किचन में गंदगी, कीड़े और अनियमितताएं पाई गईं, जिसके कारण खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जांच शुरू की। - रोमियो लेन के हाई स्ट्रीट अपोलो में क्या अनियमितताएं पाई गईं?
हाई स्ट्रीट अपोलो के निरीक्षण में पाया गया कि किचन के फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे गए, खाद्य पदार्थों की टैगिंग उचित नहीं थी, और पुराने खाद्य पदार्थों में कीड़े पाए गए। - क्या गोस्वामी मोमोज का विक्रेता वैध था?
गोस्वामी मोमोज के विक्रेता पंकज गिरी के पास खाद्य पदार्थों के निर्माण हेतु वैध मंजूरी नहीं थी, और निरीक्षण के दौरान अत्यधिक गंदगी भी पाई गई।