नशे में धुत शिक्षक ने बीड़ी न लाने पर छात्र को पीटा, छात्राओं से की अश्लील हरकतें

Sanjay Dhiman | Jul 03, 2026, 23:49 IST
itarsi-teacher-drunk-student-beaten
इटारसी के एक प्राथमिक स्कूल में शिक्षक गोपाल गिरी गोस्वामी नशे में स्कूल पहुंचे। बीड़ी न लाने पर उन्होंने छात्र को पीटा। छात्राओं ने अभद्रता का आरोप लगा। ग्रामीणों ने हंगामा किया, वीडियो अधिकारियों तक पहुंचा। केसला थाने में मामला दर्ज।

इटारसी के केसला विकासखंड की एक प्राथमिक शाला में गुरुवार को शर्मनाक घटना हुई। शिक्षक गोपाल गिरी गोस्वामी नशे की हालत में स्कूल पहुंचे। बीड़ी न लाने पर उन्होंने एक छात्र को पीटा। कुछ छात्राओं ने उन पर अभद्रता का आरोप लगाया। मामले में केसला थाने में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू हो गई है।



बीड़ी न लाने पर पिटाई

ग्राम रतिबंदर के प्राथमिक स्कूल में यह घटना हुई। पालकों और ग्रामीणों का आरोप है कि नशे में धुत शिक्षक गोपाल गिरी गोस्वामी स्कूल पहुंचे। उनसे ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था। नशे की हालत में उन्होंने एक बच्चे को बीड़ी न लाने पर पीटा। उन्होंने बच्चे को बुलाकर जूता फेंककर मारा। बच्चे ने घर जाकर पूरी बात परिवार को बताई।



ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। शिक्षक की हरकत देखकर उनका गुस्सा फूट पड़ा। स्कूल में जमकर हंगामा हुआ। कुछ छात्राओं ने अपने बयान में शिक्षक पर अश्लील हरकतें करने का आरोप भी लगाया। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।



वीडियो वायरल, हड़कंप

शिक्षक की करतूत का वीडियो संभागायुक्त और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक भेजा गया। वीडियो सामने आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी आशा मौर्य और बीआरसी (BRC – Block Resource Coordinator) रत्ना सोनिया सहित अन्य अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया।



पहले भी थीं शिकायतें

ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक लंबे समय से शराब पीकर स्कूल आता था। वह बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार भी करता रहा था। सूत्रों के अनुसार इससे पहले भी उसकी शिकायतें की जा चुकी थीं। लेकिन समय पर कार्रवाई न होने से उसके हौसले बढ़ गए। इसी का नतीजा गुरुवार की घटना के रूप में सामने आया।



पुलिस में दर्ज हुआ मामला

जिला शिक्षा विभाग के निर्देश पर अधिकारियों ने केसला थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी राहुल रैकवार के अनुसार शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं और बाल संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जांच पर निर्भर करेगी।



ग्रामीणों की चेतावनी

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि अगर शिक्षक को बर्खास्त नहीं किया गया तो वे मुख्यमंत्री तक शिकायत लेकर जाएंगे। विभागीय जांच रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई हो सकती है।



विभाग की सफाई

विकासखंड शिक्षा अधिकारी आशा मौर्य ने बताया कि पालकों और बच्चों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। रिपोर्ट बनाकर जल्द कलेक्टर को भेजी जाएगी। उनके अनुसार बयानों में आरोपों की पुष्टि हुई है। बच्चे भले ही घटना की गंभीरता पूरी तरह न समझते हों, लेकिन तथ्य साफ हैं।



यह खबरें भी पढ़ें...



एमपी में अगले 72 घंटे भारी बारिश की चेतावनी, कई जिलों में रेड अलर्ट



गुजरात-एमपी से जैश के 8 आतंकी गिरफ्तार, पूछताछ शुरू



दिल्ली हाईकोर्ट का अहम फैसला- कमाने वाले पति को भी मिले पत्नी की मौत पर मुआवजा



ईडी इंदौर ने नवभारत गृह सोसाइटी के 4.64 करोड़ घोटाले में किया केस



नशे में धुत शिक्षक का वीडियो वायरल



Tags:
  • शिक्षा विभाग
  • वीडियो वायरल
  • हंगामा
  • इटारसी
  • नशे में धुत शिक्षक का वीडियो वायरल
  • शर्मनाक घटना