जबलपुर में धर्मांतरण के आरोप पर बवाल: चर्च में हिंदू संगठनों का विरोध, पुलिस कर रही पूछताछ

Neel Tiwari | May 31, 2026, 22:07 IST
Photograph: (the sootr)
जबलपुर के सेंट मैरी स्कूल परिसर में रविवार को कथित धर्मांतरण की खबर से हड़कंप मच गया। हिंदू संगठनों के भारी विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर कानूनी जांच शुरू कर दी है।

समझें पूरा मामला...

  • सेंट मैरी स्कूल परिसर में कथित धर्मांतरण की सूचना पर हिंदू संगठन पहुंचे।
  • चर्च में चल रही प्रार्थना सभा को लेकर जताई गई आपत्ति।
  • दो महिलाओं और एक पुरुष को पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
  • बजरंग दल और विहिप ने प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप लगाए।
  • पुलिस ने शिकायत और वीडियो के आधार पर जांच शुरू की।

जबलपुर के सुहागी स्थित सेंट मैरी स्कूल परिसर में धर्मांतरण की शिकायत को लेकर रविवार को हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने चर्च में चल रही प्रार्थना सभा पर सवाल उठाते हुए पुलिस को शिकायत सौंपी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तीन लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।



बड़ी संख्या में चर्च परिसर में पहुंचे हिंदू संगठन

जबलपुर के सुहागी क्षेत्र स्थित सेंट मैरी स्कूल परिसर रविवार को उस समय चर्चा का केंद्र बन गया, जब कथित धर्मांतरण की सूचना मिलने पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि स्कूल परिसर में बने चर्च में एक प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी, जिसमें ईसाई समुदाय के लोगों के साथ अन्य समुदायों के लोग भी शामिल थे। सूचना मिलते ही संगठन के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।



प्रार्थना सभा में शामिल लोगों से की गई पूछताछ

मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत के दौरान कई व्यक्तियों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से यहां प्रार्थना सभा में शामिल होते रहे हैं। हिंदू संगठनों का कहना है कि सभा में मौजूद कुछ लोगों ने यह भी बताया कि उन्हें संस्था द्वारा विभिन्न प्रकार की सहायता और सहयोग मिला था, जिसके बाद उनका चर्च से संपर्क बढ़ा। इसी आधार पर संगठनों ने आरोप लगाया कि आर्थिक सहायता और अन्य प्रलोभनों के माध्यम से लोगों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।



तीन लोगों को पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने बुलाया

महाराजपुर और आधारताल क्षेत्र में सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हुई। जानकारी के अनुसार मौके से दो महिलाओं और एक पुरुष को पूछताछ के लिए आधारताल थाने लाया गया, जहां उनके बयान दर्ज किए गए। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित पक्षों से जानकारी लेने के साथ-साथ शिकायतकर्ताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो और अन्य तथ्यों की भी जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।



बजरंग दल और विहिप ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई

बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जाए। संगठनों का कहना है कि यदि जांच में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने या धर्मांतरण संबंधी किसी भी अवैध गतिविधि के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। संगठन ने यह भी कहा कि सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।



शिकायत मिली है, तथ्यों की जांच जारी - पुलिस

आधारताल थाना पुलिस के अनुसार उन्हें इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं तथा उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला केवल प्रार्थना सभा तक सीमित था या फिर आरोपों में कोई तथ्यात्मक आधार मौजूद है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।



यह खबरें भी पढ़ें...



जबलपुर क्रूज हादसा: द सूत्र की खबर पर लगी मुहर, गोपनीय पत्र बना जांच का अहम सबूत



56 लाख खर्च... फिर भी जबलपुर का एक भी संजीवनी क्लिनिक सर्टिफाइड नहीं



जबलपुर में करोड़ों की पैतृक जमीन पर बड़ा खेल: भाई ने फर्जी नक्शे से बहन का नाम हटाया, EOW भोपाल ने दर्ज की FIR



जबलपुर NCC कैंप में 50 से अधिक कैडेट्स बीमार, सात ICU में भर्ती, 43 डिग्री में चल रही थी ट्रेनिंग



प्रार्थना सभा धर्मांतरण



Tags:
  • जबलपुर
  • बजरंग दल
  • विश्व हिंदू परिषद
  • प्रार्थना सभा धर्मांतरण
  • धर्मांतरण