जबलपुर डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में धमाके से हड़कंप, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

Neel Tiwari | Mar 16, 2026, 19:42 IST
Photograph: (the sootr)
जबलपुर डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में सोमवार को धमाका हो गया। इस धमाके के बाद सुरक्षा में चूक को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विस्फोट के बाद वकीलों ने कड़ी सुरक्षा उपायों की मांग की है।

News in short

  • जिला न्यायालय परिसर में कोर्ट नंबर-2 के सामने तेज धमाके से मचा हड़कंप
  • मौके पर मिले बम जैसे अवशेष, पुलिस और प्रशासन जांच में जुटा
  • सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे, वकीलों ने सख्त कदम उठाने की मांग की।
  • सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है, संदिग्ध की पहचान की कोशिश।

News in Detail

JABALPUR. जबलपुर के जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब कोर्ट नंबर-2 के सामने स्थित खुले परिसर में अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद अधिवक्ता, कर्मचारी और अपने मामलों की सुनवाई के लिए आए फरियादी घबरा गए। कुछ ही पलों में बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और पूरे परिसर में घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई।



घटनास्थल से मिले संदिग्ध अवशेष

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह विस्फोट कोर्ट रूम के बाहर उस क्षेत्र में हुआ जहां अधिवक्ताओं के चेंबर स्थित हैं। घटनास्थल से बम जैसे अवशेष मिलने की भी बात सामने आई है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह सुतली बम था, सूअर मार बम था या किसी अन्य प्रकार का विस्फोटक पदार्थ। राहत की बात यह रही कि धमाका खुले स्थान पर हुआ, जिससे किसी के घायल होने की खबर नहीं है।



यह खबरें भी पढ़ें...



सोम डिस्टिलरी केस बन रहा 'नो बेंच केस'! सुप्रीम कोर्ट पहुंचते ही हाईकोर्ट से वापस ली अपील



“गरीबों को कमाने खाने दो…” मैकेनिक की दुकानों पर लगी PIL पर हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी



पुलिस और न्यायालय प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पूरे मामले की तकनीकी जांच की जा रही है। वहीं न्यायालय प्रशासन भी सक्रिय हो गया है और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमाके के पीछे कौन जिम्मेदार है और विस्फोटक सामग्री अदालत परिसर तक कैसे पहुंची।



सुरक्षा व्यवस्था पर उठने लगे सवाल

जिला अदालत जैसे संवेदनशील परिसर में इस प्रकार की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अधिवक्ताओं और न्यायालय से जुड़े लोगों का कहना है कि अदालत परिसर में प्रवेश के समय सुरक्षा जांच की व्यवस्था रहती है, ऐसे में विस्फोटक सामग्री अंदर पहुंचना जांच का महत्वपूर्ण विषय है। इस घटना के बाद अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग भी उठने लगी है।



अदालत के गलियारों में एक और चर्चा भी तेज

इस घटना के बाद जिला अदालत के गलियारों में एक चर्चा यह भी तेज हो गई है कि कई मामलों में अधिवक्ताओं के कुछ आपराधिक पृष्ठभूमि वाले क्लाइंट अदालत में अपने साथ बड़ी संख्या में लोगों को लेकर पहुंचते हैं। चर्चा यह भी है कि कई बार इन लोगों की सख्ती से जांच न करने के लिए सुरक्षाकर्मियों पर दबाव भी बनाया जाता है। हालांकि यह बातें अभी केवल अदालत परिसर में चल रही चर्चाओं तक ही सीमित हैं, लेकिन इस घटना ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और उसके व्यावहारिक क्रियान्वयन पर नई बहस जरूर खड़ी कर दी है।



यह खबरें भी पढ़ें...



धार भोजशाला देखने जाएगी हाईकोर्ट की बेंच, इसके बाद दो अप्रैल से करेगी फाइनल सुनवाई



शाजापुर कलेक्टर ऋजु बाफना को हाईकोर्ट से झटका, DEO को सस्पेंड करने से पहले ही प्रभार बदलने पर उठे सवाल



बड़ा सवाल-सुरक्षा में चूक या व्यवस्था में खामी

जबलपुर जिला न्यायालय परिसर में हुए इस धमाके ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या यह केवल सुरक्षा व्यवस्था में चूक है या फिर अदालत परिसर की व्यवस्था में मौजूद कई कमजोरियों का परिणाम। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग उठ रही है।



Tags:
  • जबलपुर
  • जबलपुर जिला न्यायालय
  • जिला न्यायालय
  • सुरक्षा व्यवस्था
  • अफरा-तफरी
  • धमाका