जबलपुर में अकाउंटेंट और उसके साथियों ने किया 8.68 करोड़ का GST घोटाला, फर्जी बिलिंग से हड़पी ITC

Neel Tiwari | Published:
जबलपुर में फर्जी GST बिलिंग और ITC के कथित अवैध हस्तांतरण के मामले में EOW की कार्रवाई।
The Economic Offences Wing (EOW) has registered eight FIRs against five accused, including an accountant, in connection with an alleged ₹8.68 crore GST fraud involving fake billing and manipulation of accounting data in Jabalpur.
जबलपुर में कारोबारियों के अकाउंटिंग डेटा के साथ छेड़छाड़ कर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि अकाउंटेंट और उसके साथियों ने कारोबारियों का भरोसा जीतकर उनके कंप्यूटर और GST से जुड़ी जानकारियों तक पहुंच बनाई। इसके बाद फर्जी बिलिंग के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का खेल किया गया।

आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की जांच में 8 करोड़ 68 लाख 30 हजार 286 रुपए की आर्थिक गड़बड़ी सामने आई है।



स्क्रीन शेयरिंग से हासिल किया अकाउंटिंग डेटा

EOW की जांच के मुताबिक, आरोपियों ने कारोबारियों के कंप्यूटर में स्क्रीन शेयरिंग सॉफ्टवेयर के जरिए पहुंच बनाई। इसके माध्यम से MARG अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर का डेटा अपने कंप्यूटर में हासिल कर लिया। GST रिटर्न भरने के बहाने कारोबारियों के मोबाइल पर आने वाले OTP भी प्राप्त किए जाते थे। इससे आरोपियों को कारोबारियों के अकाउंटिंग और GST रिकॉर्ड में बदलाव करने का मौका मिल गया।



बिना माल खरीदे-बेचे तैयार किए फर्जी बिल

जांच में सामने आया कि मार्च 2022 से दिसंबर 2025 के बीच आरोपियों ने कथित तौर पर बिना किसी वास्तविक खरीद-बिक्री के फर्जी बिलिंग की। कारोबारियों की फर्मों के बिल और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड में अवैध बदलाव किए गए। इसके बाद फर्जी टर्नओवर और इनपुट टैक्स क्रेडिट के आंकड़ों को आरोपियों ने अपने और परिजनों के नाम पर संचालित फर्मों में स्थानांतरित कर दिया। इस पूरे खेल से कारोबारियों को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ।



अकाउंटेंट और परिवार की फर्मों पर आरोप

इस मामले में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें यूनिक ट्रेड एंड कंपनी के प्रोप्राइटर और अकाउंटेंट आशीष कोटवानी, निखिल इंटरप्राइजेज के प्रोप्राइटर निखिल कोटवानी, मधुश्री मेटल के प्रोप्राइटर अशोक कोटवानी और महाकाल मेटल की प्रोप्राइटर जसमीत कोटवानी शामिल हैं। इसके अलावा अकाउंटेंट योगेश साहू का नाम भी जांच में सामने आया है। शिकायत दीपांशु दीक्षित, प्रोप्राइटर महादेव फार्मा और अन्य कारोबारियों की ओर से की गई थी।



GST विभाग की रिपोर्ट से खुला घोटाला

शिकायत मिलने के बाद EOW जबलपुर के उप पुलिस अधीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी ने मामले की जांच की। इस दौरान स्टेट टैक्स (GST) विभाग से मिले जांच प्रतिवेदन और दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। जांच में फर्जी बिलिंग, अकाउंटिंग डेटा में छेड़छाड़ और ITC के कथित अवैध हस्तांतरण से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आईं।



EOW ने दर्ज कीं 8 FIR

जांच के बाद 27 नवंबर 2026 को EOW की जबलपुर इकाई ने आठ अलग-अलग अपराध क्रमांक 119 से 126/2026 के तहत FIR दर्ज की हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 316(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें आपराधिक न्यासभंग, धोखाधड़ी, कॉन्स्पिरेसी, फर्जी इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का इस्तेमाल और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़ी धाराएं शामिल हैं। फिलहाल EOW ने सभी मामलों को विवेचना में लिया है।

Tags:
  • जबलपुर जीएसटी घोटाला
  • GST Scam
  • जीएसटी घोटाला
  • Input Tax Credit Fraud
  • इनपुट टैक्स क्रेडिट
  • Jabalpur GST scam
  • GST fraud MP
  • fake billing scam
  • EOW