पति से अफेयर के शक में पड़ोसन की चाकू मारकर हत्या, सहेली गंभीर

Neel Tiwari | Dec 18, 2024, 19:06 IST
jabalpur-wife-murder-neighbor-knife-attack-illicit-relationship
मध्य प्रदेश के जबलपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी ने अपने पति के अवैध संबंध के शक में पड़ोसी महिला पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली घायल हो गई।

मध्य प्रदेश के जबलपुर में पति के अवैध संबंध के शक में पत्नी ने पड़ोस में रहने वाली महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी। चाकू के ताबड़तोड़ हमले में महिला की सहेली गंभीर घायल हो गई। यह सनसनीखेज वारदात माढ़ोताल थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी में हुई। बताया जा रहा है अवैध संबंध का संदेह होने पर महिला अपने पति को रंगे हाथों पकड़ने पहुंची थी। इस दौरान महिला ने पड़ोस में रहने वाली महिला और उसकी सहेली पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।



पति के अवैध संबंध के शक से बढ़ा विवाद

पुलिस जांच में यह सामने आया है कि शिखा मिश्रा नाम की महिला को लंबे समय से शक था कि उसके पति का पड़ोस में रहने वाली एक महिला अनिका मिश्रा के साथ प्रेम संबंध है। यह शक इतना गहरा हो गया कि शिखा ने बुधवार को अपने पति को रंगे हाथ पकड़ने का फैसला किया। शिखा को जानकारी मिली थी कि उसका पति अनिका से मिलने के लिए उसकी सहेली सोनम रजक के घर गया है। अपने संदेह की पुष्टि के लिए शिखा वहां पहुंची, जहां उसका सामना अनिका और सोनम से हुआ।



पर्स में निकाला चाकू और कर दिया हमला

शिखा और अनिका के बीच बहस शुरू हो गई। शिखा ने अनिका पर अपने घर को बर्बाद करने का आरोप लगाया, जबकि अनिका ने इसे पूरी तरह नकार दिया। बहस इतनी बढ़ गई कि शिखा ने गुस्से में अपने पर्स में रखा चाकू निकाल लिया और अनिका पर वार कर दिया। यह हमला पेट पर किया गया, जिससे अनिका गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान अनिका की मौत हो गई।



सहेली पर भी चाकू से हमला

जब अनिका की सहेली सोनम रजक ने झगड़े को रोकने की कोशिश की और शिखा को शांत करने का प्रयास किया, तो शिखा ने उस पर भी हमला कर दिया। उसने सोनम की गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से वार किए। घटना इतनी तेजी से हुई कि कोई कुछ समझ नहीं पाया। इसके बाद शिखा मौके से फरार हो गई, जबकि स्थानीय लोगों ने घायल महिलाओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।



सहेली की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

घायल महिलाओं को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अनिका मिश्रा की हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन उसने रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। दूसरी महिला सोनम रजक की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उसे कई गंभीर चोटें आई हैं और उसकी जान बचाने की हर संभव कोशिश की जा रही है।



आरोपी महिला की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी माढ़ोताल विपिन ताम्रकार ने बताया कि हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी महिला शिखा मिश्रा की तलाश में छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि शिखा लंबे समय से अपने पति पर नजर रख रही थी और उसे संदेह था कि उसके वैवाहिक जीवन में दरार का कारण उसकी पड़ोसन है।



thesootr links

द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें



Tags:
  • Jabalpur News
  • जबलपुर क्राइम न्यूज
  • murder
  • हत्या
  • अवैध संबंधों का शक
  • अवैध संबंधों में हत्या
  • अवैध संबंध
  • प्रेम प्रसंग में मर्डर
  • चाकू से हमला
  • प्रेम प्रसंग
  • माढ़ोताल थाना पुलिस