कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की सीएम मोहन यादव, मंत्री विजयवर्गीय, और महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर विवादित टिप्पणी

Sanjay Gupta | Oct 28, 2026, 17:35 IST
इंदौर में जीतू पटवारी का बीजेपी पर तीखा हमला
MP Congress Chief Jitu Patwari Sparks Row With Controversial Comments
INDORE. मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को इंदौर के गांधी भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर हमला बोला। पटवारी ने सीएम डॉ. मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित कई बीजेपी नेताओं पर विवादित टिप्पणियां कीं।

पटवारी ने बोला तीखा हमला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को गांधी भवन में तीखे अंदाज में भाषण दिया। वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी भी मौजूद थे। जीतू पटवारी के निशाने पर सीएम डॉ. मोहन यादव के साथ ही नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव और अन्य बीजेपी नेता रहे।



सीएम और मंत्री के लिए यह बोले

पटवारी ने कहा कि इंदौर के प्रभारी मंत्री खुद सीएम हैं, लेकिन उनके और नगरीय प्रशासन मंत्री के बीच उठापटक चल रही है। दोनों एक-दूसरे को पद से हटाने की कोशिश में लगे हैं। रोज इसकी तैयारी होती है। मंत्री ने जलसंकट को लेकर बैठक बुलाई तो उनकी ही पार्टी का कोई विधायक नहीं पहुंचा।



पटवारी ने कहा कि बीजेपी नेता और विधायक अहंकार में आ गए हैं। उन्हें लगता है कि अब कोई उन्हें हरा ही नहीं सकता। वहीं, उन्होंने सीएम के लगातार इंदौर दौरे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि सीएम बार-बार इंदौर क्यों आते हैं?



पटवारी बोले- चोरी कर रहे हैं सब

पटवारी ने कहा कि बीजेपी पार्षद रोज चोरी करते हैं। यहां अधिकारी चोरी करने के लिए इंदौर आते हैं। सभी को भ्रष्टाचार का खून लग गया है। सब चोरों की मंडली है। पटवारी ने इंदौर के प्रभारी मंत्री को इस कथित चोरों की मंडली का मुखिया बताया। उन्होंने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को भी इसमें शामिल बताते हुए विवादित टिप्पणी की।



महापौर को लेकर भी टिप्पणी

पटवारी ने इंदौर नगर निगम (Indore Municipal Corporation) में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव को भी घेरा। उन्होंने कहा कि इतना निकृष्ट महापौर कभी नहीं देखा। दुनिया में भी ऐसा महापौर नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यकाल में नगर निगम में जितना भ्रष्टाचार हुआ है, उतना पहले कभी नहीं हुआ।



जिला कांग्रेस की बड़ी बैठक संपन्न

​आगामी एक नवंबर को होने वाले कांग्रेस के 'दिल्ली चलो' जन मार्च और महारैली की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस की एक अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, इस कार्यक्रम के प्रभारी बनाये गए महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री अरिफ खान,और प्रभारी उषा नायडू उपस्थित रहे। ​बैठक की शुरुआत में, जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और कार्यक्रम प्रभारी अरिफ खान का ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया गया।



जिला कांग्रेस की बड़ी बैठक संपन्न
MP Congress Chief Jitu Patwari Sparks

इस बैठक में आगामी 31 अक्टूबर को दिल्ली कूच करने की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। योजना के अनुसार, जिला कांग्रेस द्वारा लगभग 150 गाड़ियों का काफिला दिल्ली लेकर जाया जाएगा। जिसमे सभी लोगों के रुकने की व्यवस्था जिला कांग्रेस द्वारा की गयी है। ​जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने इस दौरान जोश भरते हुए कहा, दिल्ली जाने के लिए जिला कांग्रेस पूरी तरह तैयार और सशक्त है। हम कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं। पार्टी हमें सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि बॉर्डर पर भी खड़ा कर देगी, तो हम पीछे नहीं हटेंगे।

Tags:
  • जीतू पटवारी
  • मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
  • सीएम मोहन यादव
  • कैलाश विजयवर्गीय
  • महापौर इंदौर पुष्यमित्र भार्गव
  • इंदौर नगर निगम
  • Indore Municipal Corporation