दिव्यांग बच्चों के नाम रही जीतू पटवारी की दिवाली! 100 से ज्यादा को फाइव स्टार होटल में खिलाया पसंदीदा खाना
पत्नी रेणुका पटवारी और परिवार के साथ उन्होंने इंदौर के पांच सितारा होटल रेडिसन में 100 से ज्यादा बच्चों के लिए विशेष आयोजन किया। यहां महेश दृष्टिहीन कल्याण संघ, विजयनगर के बच्चों को उनकी पसंद का भोजन कराया गया। खास बात यह रही कि पटवारी परिवार ने खुद अपने हाथों से बच्चों को खाना परोसा और उनके साथ बैठकर वक्त बिताया। इस आयोजन में सियासी हलचल से अलग अपनापन और खुशियां बांटने की तस्वीर देखने को मिली।
कई सालों से दिव्यांग बच्चों के साथ मना रहे दिवाली
पटवारी परिवार पिछले कई सालों से दिवाली के मौके पर इन बच्चों को फाइव स्टार होटल में ले जाकर उनके साथ त्योहार मनाता आ रहा है। इस बार भी परिवार ने अपनी पुरानी परंपरा को जारी रखा। कार्यक्रम में जीतू पटवारी और उनकी पत्नी के साथ उनके नाती-पोते भी पहुंचे थे। परिवार के सभी सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें भोजन परोसा। इस दौरान होटल में बच्चों के लिए खास इंतजाम किए गए थे।
बच्चों के लिए खास डिस का इंतजाम
होटल में बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए Special Menu तैयार किया गया था। इसमें नूडल्स, मंचूरियन और छोले-कुलचे सहित कई व्यंजन शामिल थे। बच्चों ने अपनी पसंद का खाना खाया और आइसक्रीम का भी आनंद लिया। भोजन के दौरान पटवारी परिवार के सदस्य बच्चों से बातचीत करते रहे। उन्होंने बच्चों से उनकी पसंद-नापसंद के बारे में भी पूछा। परिवार के साथ समय बिताकर बच्चे काफी खुश नजर आए।
बच्चों ने कहा- हर साल रहता है बुलावे का इंतजार
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने जीतू पटवारी से कहा कि उन्हें हर साल दिवाली पर उनके बुलावे का इंतजार रहता है। यह उनके लिए साल का खास दिन होता है, जब वे पटवारी परिवार के साथ त्योहार मना पाते हैं। बच्चों की बातें सुनकर जीतू पटवारी और उनकी पत्नी रेणुका पटवारी भावुक हो गए। उन्होंने बच्चों के साथ इस रिश्ते को आगे भी बनाए रखने की बात कही।
कांग्रेस के कई नेता भी कार्यक्रम में हुए शामिल
इस दिवाली मिलन कार्यक्रम में कांग्रेस के कई नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें कांग्रेस व्यापारिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद बागड़ी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, किसान कांग्रेस अध्यक्ष जीतू ठाकुर और पार्षद कुणाल सोलंकी सहित अन्य लोग शामिल थे। पटवारी परिवार के लिए यह आयोजन अब एक खास परंपरा बन चुका है। पिछले कई सालों से परिवार इन बच्चों के साथ दिवाली मना रहा है। इस बार भी होटल रेडिसन में आयोजित Diwali Celebration में बच्चों और पटवारी परिवार ने एक साथ त्योहार की खुशियां बांटीं।