एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी बोले- एक फैसले से खत्म हो जाएंगे शराब माफिया, सीएम मुझे बुलाएं
पटवारी ने सरकार पर बोला हमला
देवास और सागर में पहले जहरीली शराब से हुई मौतों और फिर देवास में ही खातेगांव के टीआई दिलीप पुरी की अवैध शराब रोकने पर हुई मौत ने प्रदेश को हिला दिया है। वहीं, शराबबंदी वाले प्रदेश गुजरात में लगातार जा रही शराब की भी फिर पोल खुल गई है। इस मामले में एक बार फिर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर में सरकार पर हमला बोला।
शराब माफिया कोई रॉकेट साइंस नहीं
जीतू पटवारी ने कहा कि मैंने सीएम को चिट्ठी लिखी थी कि वह मुझे बुलाएं। प्रदेश में 52 तरह के माफिया हैं, हम 30 दिन में 50 फीसदी माफिया खत्म कर देंगे। शराब माफिया का भी कोई बहुत बड़ा रॉकेट साइंस नहीं है। डिस्टिलरी से शराब दुकान पर आती है और फिर यहां से अवैध डायरियों पर बिकती है। प्रशासन बिकवाता है। पुलिस बिकवाती है। एसपी, कमिश्नर के संरक्षण में टीआई काम करते हैं।
सरकार भी इसमें जुड़ी है
पटवारी ने आरोप लगाए कि जब इस तरह रोज 400 ट्रक गुजरात जा रहे हैं और पुलिस, प्रशासन इसमें लगे हैं तो सरकार तो जुड़ी रहती है। इन्हीं दुकानों से सरकार की मंजूरी के बिना तो शराब जाती नहीं है। सरकार की नीयत इनसे निपटने की होनी चाहिए।
केवल यह कर दे सरकार तो माफिया खत्म
वहीं, पटवारी ने कहा कि सरकार केवल एक फैसला कर दे तो माफिया खत्म हो जाएंगे। सरकार केवल यह करे कि जिस थाना क्षेत्र में अवैध शराब, जहरीली शराब बिके, अवैध नशा बिके तो वहां के टीआई को एक साल के लिए सस्पेंड कर दे। अपने आप इन माफिया पर 50 फीसदी कंट्रोल हो जाएगा। सरकार जनता को गुमराह कर रही है। हमारी सरकार आई तो माफिया को जड़ से खत्म कर देंगे।