कहीं सौ करोड़ की जमीन का राज, कहीं मोनू का मायाजाल… और कहीं कुर्सी गई, पर भौकाल बरकरार!

Harish Divekar | Sootr Creatives | Published:
वरिष्ठ पत्रकार हरीश दिवे​कर का लोकप्रिय कॉलम बोल हरि बोल।​
Whispers in MP corridors of power over Indore 100 crore land deal Gwalior betting network and IAS officer VIP convoy
सत्ता के गलियारों में इन दिनों बड़े गजब के किस्से तैर रहे हैं। कहीं जमीन के कागजों पर नाम किसी का है और चर्चाओं में रसूख किसी और का, तो कहीं एक मोनू भाई के कथित जलवे के आगे बड़े-बड़े रसूखदारों के नाम लिए जा रहे हैं। उधर अपने एक आईएएस साहब हैं, जिनकी कलेक्टरी भले छिन गई हो, मगर ठसक है कि टस से मस होने को तैयार नहीं!

राजधानी में कानाफूसी का बाजार गर्म है। कहीं करोड़ों के सौदे के पीछे छिपे नाम की खोज है, कहीं सट्टे के कथित साम्राज्य के किस्से हैं, तो कहीं गाड़ियों के काफिले से पुराने रुतबे को जिंदा रखने की चर्चा। इन किस्सों की हकीकत अपनी जगह, लेकिन सत्ता के गलियारों में सवाल खूब उठ रहे हैं। तो आइए इस हफ्ते फिर झांकते हैं उन गलियारों में, जहां दीवारों के भी कान हैं और खामोशी के भी अपने मायने!



इंदौर में सौ करोड़ की जमीन, चर्चा में मैडम कलेक्टर!

जमीन रिश्तेदार की, हिस्सेदारी कारोबारी की… और चर्चाओं में नाम किसी और का!



इंदौर की जमीनें वैसे ही सोना उगल रही हैं, लेकिन इन दिनों एक बेशकीमती जमीन ने नौकरशाही के गलियारों का पारा कुछ ज्यादा ही चढ़ा रखा है। चर्चा है कि एक महिला कलेक्टर का नाम करीब दो लाख वर्गफीट कमर्शियल जमीन के सौदे से जोड़ा जा रहा है। जमीन मुख्य सड़क से लगी बताई जाती है और बाजार में इसकी कीमत सौ करोड़ रुपए से भी ज्यादा आंकी जा रही है।



किस्से में दिलचस्प मोड़ यह है कि जमीन के कागजों में कथित तौर पर एक रिश्तेदार का नाम है और सौदे में एक रियल एस्टेट कारोबारी की साझेदारी की भी चर्चा है। सब कुछ खामोशी से चल रहा था, मगर जमीन को लेकर हुआ एक छोटा-सा विवाद बड़ी कानाफूसी की वजह बन गया। बताते हैं कि दूसरे पक्ष पर रौब जमाने के चक्कर में कुछ बिचौलियों ने एक बड़े नाम का हवाला दे दिया। फिर क्या था, जो बात चारदीवारी के भीतर थी, वह बाजार की चौपाल तक पहुंच गई।



हरि बोल! जमीन के कागज कुछ कहते हैं, बाजार की जुबान कुछ और। अब सच क्या है, यह तो दस्तावेजों की पड़ताल ही बताएगी।



ग्वालियर में मोनू सटोरिया का ऐसा जलवा, सबको पीछे छोड़ा!

नेता हों या अफसर, हर जगह एक ही नाम की गूंज… आखिर कौन है ये मोनू भाई? ग्वालियर अंचल में इन दिनों एक नाम खूब हवा में तैर रहा है… मोनू सटोरिया! चर्चा ऐसी कि अच्छे-अच्छे रसूखदारों का रसूख भी इसके आगे फीका बताया जा रहा है। सियासी गलियारों में तो कानाफूसी यहां तक है कि क्या भाजपा, क्या कांग्रेस और क्या बड़े अफसर, मोनू के कथित संपर्कों की कहानी हर महफिल में सुनाई जा रही है।


कहने वाले कहते हैं कि ऑनलाइन से लेकर ऑफलाइन सट्टे के कथित नेटवर्क में मोनू का नाम तेजी से उभरा है। इस नेटवर्क के तार मुंबई और दुबई तक जुड़े होने की बातें भी की जा रही हैं। कुछ लोग तो इसकी तुलना महादेव ऐप जैसे बड़े सट्टा नेटवर्क से करने लगे हैं।


सबसे दिलचस्प सवाल यह है कि अगर चर्चाओं में रत्तीभर भी दम है तो जिम्मेदार एजेंसियों तक इसकी भनक क्यों नहीं पहुंची?


हरि बोल! ग्वालियर में मोनू के नाम का शोर तो खूब है, लेकिन शोर और सच के बीच का फासला जांच ही तय करेगी।



कलेक्टरी गई, मगर साहब का भौकाल नहीं गया!

कुर्सी बदली, दफ्तर बदला… लेकिन कमिश्नरी वाला रुतबा बरकरार!



कुछ अफसरों को कुर्सी से मोह होता है, कुछ को काम से। मगर अपने एक आईएएस साहब का मामला जरा हटकर बताया जाता है। इन्हें कुर्सी से ज्यादा उस कुर्सी के आसपास दिखने वाला तामझाम पसंद है। आगे-पीछे गाड़ियां, प्रोटोकॉल का जलवा, लाव-लश्कर और साहब के आने से पहले ही माहौल में हलचल, बस यही तो है असली भौकाल!


जब तक साहब कलेक्टर रहे, शौक पूरे ठाठ से चलता रहा। फिर वक्त ने करवट ली और कलेक्टरी से विदाई हो गई। नई तैनाती में न वैसा रुतबा, न वैसा काफिला। सीधी भाषा में बोले तो शुद्ध लूप लाइन। मगर साहब भी कहां हार मानने वालों में से हैं!



इन दिनों साहब के एक पॉश कॉलोनी वाले बंगले को लेकर बड़ी दिलचस्प चर्चा है। बताया जाता है कि बंगले के बाहर सात-आठ गाड़ियों की कतार दिखाई देती है। इन गाड़ियों पर नंबर प्लेट के अंकों से ज्यादा बड़े अक्षरों में लिखा ‘कमिश्नर’ शब्द लोगों का ध्यान खींचता है। अब यह व्यवस्था कितनी आधिकारिक है और कितनी दिखावे की, यह तो संबंधित विभाग ही स्पष्ट कर सकता है।


वैसे साहब का नाता उत्तर प्रदेश से बताया जाता है। लिहाजा नौकरशाही में चुटकी लेने वाले कह रहे हैं कि यूपी वाला भौकाल मध्य प्रदेश में भी कायम रखने की कोशिश है।



हरि बोल! पद बदलने से सरकारी प्रोटोकॉल तो बदल जाता है, लेकिन ठसक का क्या करें? वह तो साहब के व्यक्तित्व में ऐसी रची-बसी है कि कुर्सी चली जाए, पर काफिले का मोह नहीं जाता!



चलते-चलते…



सत्ता के गलियारों में किस्सों की कमी नहीं। कहीं जमीन के सौदे की फुसफुसाहट है, कहीं रसूख के दावे हैं तो कहीं सरकारी ठाठ-बाट की नुमाइश। कौन-सी चर्चा में कितना दम है, इसका फैसला तथ्यों से होगा। हम तो बस गलियारों में उठते सवाल आपके सामने रख रहे हैं।



बोल हरि बोल! अगले हफ्ते फिर मिलेंगे, सत्ता की गलियों से कुछ नए किस्से लेकर।



Tags:
  • वरिष्ठ पत्रकार हरीश दिवेकर
  • हरीश दिवेकर
  • बोल हरि बोल
  • मोनू सटोरिया
  • महादेव सट्टा एप