कमलनाथ अपने गढ़ छिंदवाड़ा से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव इस बार नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

Pratibha Rana | Oct 04, 2023, 24:00 IST
कमलनाथ अपने गढ़ छिंदवाड़ा से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव इस बार नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
कांग्रेस के मध्यप्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। अजय सिंह, सुरेश पचौरी, डॉ. गोविंद सिंह, कमलेश्वर पटेल समेत सभी प्रमुख नेता चुनाव मैदान में उतरेंगे।

BHOPAL. मध्य प्रदेश में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। छिंदवाड़ा जिले की बात करें तो इसे पीसीसी प्रमुख कमलनाथ का गढ़ कहा जाता है। कमलनाथ इस जिले की लोकसभा सीट से कई बार सांसद रह चुके हैं। बता दें कि मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में 7 विधानसभा सीटें हैं। सभी सीटों पर कांग्रेस के ही विधायक हैं। प्रदेश की सबसे वीआईपी सीट में से एक छिंदवाड़ा का चुनाव इस बार बेहद रोचक होने वाला है। कमलनाथ छिंदवाड़ा से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। अजय सिंह, सुरेश पचौरी, डॉ. गोविंद सिंह, कमलेश्वर पटेल समेत सभी प्रमुख नेता चुनाव मैदान में उतरेंगे। जबकि पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और विवेक तन्खा को चुनाव नहीं लड़ाया जाएगा।



दिग्विजय- विवेक को छोड़कर मैदान में उतरेंगे सभी दिग्गज



दिल्ली में 3 अक्टबूर मंगलवार को कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। इस बैठक में मध्यप्रदेश चुनाव प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष भंवर जितेंद्र सिंह और सदस्य अजय कुमार लल्लू, सप्तगिरि उल्का, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, सुरेश पचौरी मौजूद रहे। बैठक में फैसला लिया गया है कि पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और विवेक तन्खा को चुनाव नहीं लड़ाया जाएगा। बैठक में विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों की पहली सूची के नामों पर मंथन किया गया। माना जा रहा है कि कांग्रेस अपनी पहली सूची फाइनल कर रही है।



अरुण यादव नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव



सूत्रों के मुताबिक पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने 2018 में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के सामने बुधनी से चुनाव लड़े थे। वह हार गए थे। इस चुनाव में उनका नाम निमाड़ की बड़वाह और मांधाता सीट से चर्चा में था, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया है कि इस बार वह चुनाव नहीं लड़ रहे है।



Tags:
  • Former Chief Minister Kamal Nath
  • MP Assembly Elections 2023
  • Congress Screening Committee decision
  • Kamal Nath contest Assembly elections Chhindwara
  • Arun Yadav not contest Assembly elections