इंदौर में राजनीतिक खेल : नगर निगम की नाक के नीचे करण औजला शो में 1 करोड़ की टैक्स चोरी
इंदौर में हुए कई बड़े म्यूजिक कॉन्सर्ट में से एक करण सिंह औजला शो में वही हुआ, जो पहले ही अंदेशा था। नगर निगम की नाक के नीचे आयोजक शो करके चले गए और निगम को टैक्स के नाम पर केवल 27 लाख मिले।
इसका मंच तो चार दिन पहले ही सज गया था जब आयोजक व आयोजन से जुड़े कुछ लोग एक नेताजी के यहां मिलने चले गए थे और उन्हें पूरा मान-सम्मान दे दिया था। इसके बाद पूरे मामले में निगम बैकफुट पर रहा। साथ ही, आयोजकों पर कोई ज्यादा जोर नहीं चल सका।
लाखों के संपत्तिकर वसूली के लिए मुनादी करने और कुर्की कराने वाले निगमायुक्त आईएएस क्षितिज सिंघल और अपर आयुक्त आईएएस आकाश सिंह कोई सख्त कदम नहीं उठा सके।
जब भद पिटी तब जाकर ले पाए 27 लाख
द सूत्र ने इस मुद्दे को उठाया था कि औजला शो में इंटरटेनमेंट टैक्स नहीं भरा है। जबकि टिकट की दर तीन हजार से लेकर छह लाख 49 हजार रुपए तक है। आखिर निगम जागा और डिमांड जारी की।
इसके बावजूद आयोजन के दिन शनिवार, 21 मार्च को दोपहर तीन-चार बजे तक कोई राशि जमा नहीं करा पाए। आयोजकों ने केवल सात लाख दिए और जब निगम की भद पिटी तो फिर 20 लाख और जमा कराए गए। केवल 27 लाख रुपए ही निगम को मिल पाए। इसके बाद जैसा उम्मीद थी, पूरे भरे मैदान में औजला को शो हुआ।
सवा से डेढ़ करोड़ बन रहा टैक्स
इस शो की 20 हजार से ज्यादा टिकट बिकी हैं। औसत कीमत के हिसाब से कलेक्शन 12 से 15 करोड़ रुपए हुआ है। यानी 10 फीसदी के हिसाब से टैक्स सवा करोड़ से अधिक का बनता है। इसके बावजूद, केवल 27 लाख ही निगम को मिले हैं और नाक के नीचे ही एक करोड़ की टैक्स चोरी हुई है।
पहले भी विवादों में रहे आयोजन
नगर निगम अभी तक अपने टैक्स को वसूलने के लिए कोई सिस्टम ही डेवलप नहीं कर पाया है। हर बार विवाद होता है और आयोजक ठेंगा दिखाकर चले जाते हैं। मार्च 2025 में योयो हनी सिंह के आयोजन में भी 50 लाख की डिमांड के बदले केवल 7.75 लाख मिले थे।
बाद में विवाद हुआ, साउंड सिस्टम जब्त किया गया और केस हाईकोर्ट तक गया। वहीं दिसंबर 2024 में दिलजीत दोसांझ शो में 80 लाख का टैक्स मिला था। यह शो भी उसी स्तर का था और महंगी टिकट थी।
इस कंपनी के पास थी आयोजन की जिम्मेदारी
देश भर में हो रहे औजला के शो की जिम्मेदारी टीम इनोवेशन देख रही है। इस कंपनी ने इंदौर में आयोजन की जिम्मेदारी मास्टरमाइंड कंपनी को दी है। इसके प्रमुख सुनील सिंघल, जयदीप हैं।
ये खबर भी पढ़िए...
इंदौर में पंजाबी सिंगर करण औजला के आयोजकों ने नहीं भरा टैक्स, निगम की टीम मौके पर
एक बार फिर खाकी हुई बदनाम, गुना में एक करोड़ के बदले 20 लाख की डील, थाना प्रभारी समेत 5 सस्पेंड