कटनी में 12 करोड़ की ज्वेलरी चोरी: दीवार तोड़कर शोरूम में घुसे चोर, तिजोरी और काउंटर किए खाली
गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जब संचालक मोहन बजाज शोरूम खोलने पहुंचे, तब चोरी का पता चला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरियां खाली थीं।
सुबह 4 से 7 बजे के बीच हुई चोरी की आशंका
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अभिनव विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि चोरों ने 12 नवंबर की सुबह 4 से 7 बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया। चोर पीछे की दीवार तोड़कर शोरूम में दाखिल हुए और वहां रखे कीमती गहने समेटकर फरार हो गए।
दिवाली के चलते शोरूम में रखा था ज्यादा स्टॉक
शोरूम संचालक मोहन बजाज ने बताया कि दिवाली के कारण दुकान में सोने और हीरे की ज्वेलरी का अतिरिक्त Stock रखा गया था। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 12 करोड़ रुपए बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि शोरूम इसी साल जून में खोला गया था और यहां रखे सभी आभूषणों का Insurance भी कराया गया था।
लाल पहाड़ी से मिले गैस कटर और सिलेंडर
पुलिस को जांच के दौरान लाल पहाड़ी इलाके से एक ऑक्सीजन सिलेंडर, एक घरेलू गैस सिलेंडर, गैस कटर, पानी की खाली बोतलें, तीन पेचकस, पाना और कुछ कपड़े मिले हैं। पुलिस इन सामानों को जांच में शामिल कर रही है। वहीं, घटना के समय सुरक्षा में तैनात गार्ड भागवत तिवारी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस शोरूम के अंदर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग जांच रही है। इसके अलावा आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने मौके से जरूरी सबूत जुटाए हैं। जांच के दौरान पुलिस का स्निफर डॉग शोरूम से निकलकर लाल पहाड़ी की ओर गया। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जिन्हें कई दिशाओं में भेजा गया है।
दो साल पहले पास में उखाड़ ले गए थे एटीएम
बताया गया है कि करीब दो साल पहले इसी शोरूम से महज 200 मीटर की दूरी पर बदमाश एसबीआई की एटीएम मशीन उखाड़कर ले गए थे। अब उसी इलाके में करोड़ों रुपए की ज्वेलरी चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।