सात करोड़ के गहनों से सजे खजराना गणेश, राजमहल जैसा सजा इंदौर का मंदिर
इंदौर के विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में गणेश उत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। करीब 300 साल पुराने इस मंदिर में गणेश चतुर्थी के पहले दिन भगवान गणेश का राजसी स्वरूप भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
खजराना गणेश को करीब 7 करोड़ रुपए के सोने-चांदी, हीरे और नवरत्नों के आभूषणों से सजाया गया है। पूरे मंदिर को राजमहल की तरह सजाया गया है, जिसके लिए करीब 300 किलो विदेशी फूलों का इस्तेमाल किया गया है।
खजराना गणेश को क्रिकेटरों और बॉलीवुड सितारों की आस्था का केंद्र भी माना जाता है, इसलिए भक्त उन्हें प्यार से क्रिकेटरों का सुपर सिलेक्टर कहते हैं। मंदिर प्रशासन के मुताबिक गणेश उत्सव के पहले दिन 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
हर साल बढ़ रहा है प्रतिमा का आकार
खजराना गणेश मंदिर की सबसे खास मान्यता भगवान गणेश के हर साल बड़े होने को लेकर है। भक्तों का विश्वास है कि स्वयंभू गणेश प्रतिमा का आकार लगातार बढ़ता जा रहा है। मंदिर के पुजारी के मुताबिक भगवान गणेश को हर दिन करीब एक किलो घी के साथ सिंदूर का लेप लगाया जाता है, और इसी वजह से प्रतिमा का आकार बढ़ने की मान्यता है। करीब साढ़े चार फीट ऊंची इस प्रतिमा के हर साल लगभग एक इंच बढ़ने की बात भी कही जाती है।
क्रिकेटरों के सिलेक्टर हैं खजराना गणेश
खजराना गणेश मंदिर सिर्फ आम भक्तों की आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि क्रिकेटरों और बॉलीवुड सितारों की श्रद्धा का भी बड़ा स्थान है। कई क्रिकेटर खजराना गणेश के भक्त हैं। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और अभिनेत्री सारा अली खान भी यहां आस्था रखते हैं। यही वजह है कि खजराना गणेश को भक्त प्यार से क्रिकेटरों का सिलेक्टर भी कहते हैं।
मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों से भक्त यहां दर्शन करने आते हैं। मंदिर की प्राचीन मान्यताओं के मुताबिक खजराना गणेश के दर्शन करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी अटूट आस्था के चलते यह मंदिर देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। मंदिर परिसर में दुनिया की सबसे महंगी प्रसाद की दुकानों में शामिल एक दुकान भी मौजूद है, जो मंदिर के आकर्षण का एक और केंद्र है।
इन क्रिकेटरों की हुई थी टीम में वापसी
मान्यता के मुताबिक युजवेंद्र चहल, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना, मोहित शर्मा, पार्थिव पटेल और केएल राहुल, जब अपने करियर में भारतीय टीम में वापसी को लेकर संघर्ष कर रहे थे, तब उन्होंने खजराना गणेश मंदिर के दर्शन किए थे। इसके बाद उनकी भारतीय टीम में वापसी हुई, जिसकी वजह से इन्हें क्रिकेटरों का सुपर सिलेक्टर भी कहा जाने लगा।
यह मान्यता मुख्य रूप से साल 2009 से शुरू हुई थी, जब सुरेश रैना टीम से बाहर चल रहे थे और इंदौर में रणजी मैच के दौरान उन्होंने इस मंदिर में दर्शन किए थे, जिसके तुरंत बाद उनका भारतीय टीम में दोबारा चयन हो गया था। इनके अलावा मोहित शर्मा, पार्थिव पटेल और ईश्वर पांडे जैसे कई अन्य भारतीय क्रिकेटर भी बप्पा के दरबार में मत्था टेक चुके हैं, जिसके बाद इन सभी का सिलेक्शन हुआ था।
ये भी पढ़ें...
भारत ही नहीं, एशिया के इन देशों में भी होती है विघ्नहर्ता गणेश की विशेष पूजा
गणेश चतुर्थी के दिन इन मंत्रों के जाप से दूर होंगे जीवन के सारे कष्ट
आज बन रहा महासंयोग, एक ही दिन तीज, गणेश उत्सव और सोमवार का संगम
नहीं जानते होंगे हरतालिका तीज से जुड़ी ये कहानी, ऐसे शुरू हुई थी व्रत की परंपरा