तुम्हारी माई की...कागज पर सब कम्प्लीट है, तो पानी कहां जा रहा? खंडवा में अफसरों पर भड़के पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव

Aman Vaishnav | Sootr Creatives | Published:
खंडवा में जावर उद्वहन सिंचाई परियोजना में गड़बड़ी और खेतों तक पानी न पहुंचने के विरोध में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने दस्तावेज दिखाकर अफसरों से जवाब मांगा।
Former Union Minister Arun Yadav questions officials with documents during Congress protest over alleged irregularities in Khandwa Jawer Lift Irrigation Project
कल्पना कीजिए कि आपके घर के नल का बिल पूरा आ रहा है। साथ ही सरकारी कागजों में लिखा है कि आपके घर तक पानी की सप्लाई पूरी तरह चालू है। वहीं जब आप नल खोलते हैं तो एक बूंद भी नहीं टपकती है। ठीक ऐसा ही हाल इन दिनों मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के किसानों का हो रहा है।

करोड़ों की लागत वाली सिंचाई परियोजना सरकारी फाइलों में तो पूरी हो चुकी है मगर किसानों के खेत आज भी प्यासे हैं। इसी बात से नाराज होकर कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया है। इस प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव का बेहद आक्रामक रूप देखने को मिला। इस दौरान उन्होंने सबूतों के साथ अफसरों की क्लास लगा दी।



मंच पर बुलाकर अधिकारियों को दिखाए सबूत

दरअसल खंडवा में जावर उद्वहन सिंचाई परियोजना में कथित गड़बड़ी सामने आई है। साथ ही किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंचने के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। इस आंदोलन के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण यादव ने अधिकारियों को सबके सामने दस्तावेज दिखाकर घेर लिया। सभा में आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी आवाज बुलंद करने पहुंचे थे।



अरुण यादव ने अधिकारियों को सीधे मंच के पास बुलाया। इसके बाद उन्होंने तीखा सवाल किया कि सरकारी रिकॉर्ड में परियोजना के कई काम पूरे दर्ज हैं। इसके बावजूद किसानों को सिंचाई के लिए पानी क्यों नहीं मिल रहा है?



उन्होंने पूछा कि जब कागजों में सब कुछ कम्प्लीट लिखा है तो आखिर यह पानी जा कहां रहा है। इसी दौरान गुस्से और नाराजगी में उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए तुम्हारी माई की... शब्दों का इस्तेमाल भी किया। साथ ही उनसे सामने आकर किसानों के सवालों का जवाब देने को कहा।



दिल्ली और भोपाल से लाए दस्तावेजों से खुला राज

अरुण यादव ने मंच से बताया कि जावर उद्वहन सिंचाई परियोजना की शुरुआत साल 2016 में हुई थी। इतने साल बीत जाने के बाद भी किसानों को इसका पूरा फायदा नहीं मिल पाया है। उन्होंने दावा किया कि वे अपने साथ भोपाल और दिल्ली से इस प्रोजेक्ट के आधिकारिक दस्तावेज लेकर आए हैं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और पत्रकारों को एक एक कागज दिखाया। साथ ही बताया कि हर दस्तावेज पर काम पूरा होने की बात लिखी गई है।



दस्तावेजों के मुताबिक ये काम हो चुके पूरे

अरुण यादव ने सरकारी कागजों का हवाला देते हुए मंच से उन सभी कामों की लिस्ट पढ़कर सुनाई, जिन्हें फाइलों में कम्प्लीटेड बताया गया है...



  • पंप हाउस और मोटर: रिकॉर्ड के अनुसार पंप हाउस 1 और पंप हाउस 2 के साथ साथ मोटर-पंप का काम पूरा हो चुका है।
  • पाइपलाइन और वितरण प्रणाली: इंटरसेप्ट पाइप, 56 किलोमीटर लंबी राइजिंग मेन लाइन, 20 हेक्टेयर की 502 किलोमीटर और ढाई हेक्टेयर की 1132 किलोमीटर वितरण प्रणाली का काम पूरा दर्ज है।
  • अन्य तकनीकी निर्माण: दस्तावेजों में 1660 ओएक्स बॉक्स, दो क्वाड्रा, 34 किलोमीटर ट्रांसमिशन लाइन और इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन का काम भी कम्प्लीट लिखा गया है।
  • नहर निर्माण: कागजों में पूरी नहर को भी बनकर तैयार बताया गया है।

अरुण यादव ने इन आंकड़ों को सामने रखते हुए सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब जमीन से लेकर बिजली और नहर तक सब कुछ पूरा हो चुका है, तो फिर किसानों के खेतों तक पानी क्यों नहीं पहुंच रहा है।



अन्नदाता की मेहनत का हवाला और सरकार पर निशाना

अरुण यादव ने सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि देश का अन्नदाता कड़ी मेहनत से अन्न उगाकर देश की 125 करोड़ जनता का पेट भरता है। इसके बावजूद आज हालात ऐसे हैं कि किसानों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने अफसरों से नहर परियोजना की जमीनी हकीकत को लेकर कड़े सवाल किए हैं।



निर्माण में गड़बड़ी और एफआईआर की मांग

प्रदर्शन में शामिल अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी परियोजना के निर्माण कार्यों में भारी अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। नेताओं ने बताया कि काम की गुणवत्ता इतनी खराब है कि पाइपलाइन के जोड़ों पर नायलॉन की बोरियां लगाई गई हैं। इससे जगह जगह लीकेज की समस्या हो रही है। कई काम अभी भी अधूरे पड़े हैं।



कांग्रेस नेताओं ने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि निर्माण करने वाले ठेकेदार को बार बार समय दिया जा रहा है। इससे प्रोजेक्ट की लागत लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।



Tags:
  • पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव
  • उद्वहन सिंचाई परियोजना
  • कांग्रेस नेता अरुण यादव
  • सिंचाई परियोजना में गड़बड़ी
  • खंडवा
  • कांग्रेस नेता