जिंदा हूं मैं...श्मशान में चिता सजाकर शव लेने पहुंचे परिजन, तो ICU में सांसें लेता मिला मरीज

Aman Vaishnav | Sootr Creatives | Published:
खरगोन अस्पताल में पुलिस ने जिंदा मरीज को मृत बता दिया, जिससे श्मशान में चिता तक सज गई, लेकिन सुबह मरीज आईसीयू में सांसें लेता मिला।
Khargone police falsely declare an ICU patient dead leading to funeral pyre preparations before family finds him alive in hospital
सोचिए, जिस इंसान की मौत की खबर सुनकर रातभर घर में मातम मना हो। इतना ही नहीं दूर दराज के शहरों से रिश्तेदार रोते बिलखते अंतिम दर्शन के लिए पहुंच गए हों। श्मशान घाट में चिता सजाने के लिए लकड़ियां तक रख दी गई हों, अगर वह इंसान सुबह अस्पताल के बिस्तर पर जिंदा सांसें लेता मिल जाए तो कैसा लगेगा।

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से एक ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां जिला अस्पताल की पुलिस चौकी की एक लापरवाही ने पूरे परिवार को रातभर गहरे सदमे में डुबोए रखा।



क्या है पूरा घटनाक्रम ?

दरअसल यह पूरी घटना 22 नवंबर की शाम की है। खरगोन जिला अस्पताल के आईसीयू में 50 वर्षीय राजेंद्र चौहान भर्ती थे। वासुदेव समाज के अध्यक्ष चंदन चौहान ने बताया कि 22 नवंबर की शाम 4.40 बजे अस्पताल चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल ने उन्हें फोन किया। फोन पर पुलिसकर्मी ने राजेंद्र चौहान की मौत होने की जानकारी दी।



जब समाज के लोगों ने इस बात की दोबारा पुष्टि करनी चाही तो भी पुलिसकर्मी ने मौत की बात को पक्का बताया। पुलिस की तरफ से यह भी कहा गया कि शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखवा दिया गया है। परिजन सुबह 8 बजे आकर शव ले जाएं।



फोन के बाद शुरू हुई अंतिम संस्कार की तैयारी

जानकारी के अनुसार पुलिस की तरफ से एक नहीं बल्कि तीन बार मौत की सूचना दी गई थी। पुलिस के इस भरोसे के बाद समाज अध्यक्ष ने व्हाट्सएप ग्रुप में राजेंद्र चौहान के निधन का शोक संदेश भेज दिया। मौत की खबर फैलते ही दूसरे शहरों से रिश्तेदार रातों रात खरगोन पहुंच गए।



पूरे समाज में शोक की लहर दौड़ गई और रातभर मातम का माहौल रहा। सोमवार की सुबह मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार की सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं। चिता सजाने के लिए वहां लकड़ियां और कंडे तक जुटा लिए गए थे।



अस्पताल पहुंचे परिजन तो उड़ गए होश

सोमवार की सुबह करीब 8 बजे परिजन और समाज के लोग शव लेने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। इसके बाद सामने का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। जिस राजेंद्र चौहान की मौत की खबर पर रातभर आंसू बहाए गए थे वे असल में अस्पताल के आईसीयू वार्ड में जिंदा थे। उनकी सांसें चल रही थीं और डॉक्टर उनका इलाज कर रहे थे। यह देखकर परिवार और समाज के लोगों ने राहत की सांस तो ली। दूसरी ओर पुलिस की इस गैर जिम्मेदाराना हरकत पर उनका गुस्सा फूट पड़ा।



पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

वासुदेव समाज के लोगों का आरोप है कि जब यह बड़ी गलती सामने आई तो पुलिसकर्मियों ने अपनी जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की। इसके बजाय वे एक दूसरे पर बात टालते रहे। इस मामले से नाराज होकर वासुदेव समाज ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। समाज ने मांग की है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार तीन पुलिसकर्मियों पर सख्त कदम उठाया जाए।



ज्ञापन में इन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

  • हेड कांस्टेबल अ. वहाब खान को अस्पताल चौकी के काम से हटाया जाए।
  • जितेंद्र रावत और माधव सिंह को भी चौकी के दायित्व से मुक्त किया जाए।
  • इन तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय और दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
Tags:
  • खरगोन
  • खरगोन जिला अस्पताल
  • जिंदा मरीज को बताया मृत
  • Alive Patient Declared Dead
  • हेड कांस्टेबल वहाब खान