लक्ष्मण सिंह बोले- EVM डेमो देने की क्या जरूरत थी, अब पता चला 20 साल पहले रखा बंटाढार नाम आज भी क्यों चल रहा है

Jitendra Shrivastava | Jan 27, 2024, 17:20 IST
लक्ष्मण सिंह बोले- EVM डेमो देने की क्या जरूरत थी, अब पता चला 20 साल पहले रखा बंटाढार नाम आज भी क्यों चल रहा है
लक्ष्मण सिंह ने कुंभराज में राजीव चौक पर दिग्विजय के ईवीएम के डेमो पर कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन तो हम ही लेकर आए थे।

GUNA. गुना में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बारे में उनके छोटे भाई लक्ष्मण सिंह ने फिर बड़ा बयान दिया है। लक्ष्मण सिंह ने अपने बड़े भाई दिग्विजय सिंह को लेकर कहा कि BJP ने 20 साल पहले दिग्विजय सिंह का बंटाढार नाम रखा था। यह नाम आज भी क्यों चल रहा है? इसका आकलन करना जरूरी है।



इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन तो हम ही लेकर आए थे



लक्ष्मण सिंह ने कुंभराज में राजीव चौक पर अपने बड़े भाई दिग्विजय के ईवीएम के डेमो करने को लेकर कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन तो हम ही लेकर आए थे, सभी ईवीएम खराब नहीं होती है। ऐसा होता तो हम हिमाचल में कैसे जीतते, राजस्थान में कैसे जीते थे ? दिग्विजय पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनको ईवीएम का डेमो देने की क्या जरूरत थी। आपको बताएं कि दिग्विजय सिंह ने 3 दिन पहले भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें आईआईटीयन अतुल पटेल ने EVM और वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) में गड़बड़ी का डेमो दिया था।



मेरा वीडियो राहुल गांधी और कांग्रेस को जरूर भेजना



लक्ष्मण सिंह ने गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में कहा कि मुझे बड़ा बुरा लगता है कि बड़े भाई दिग्विजय सिंह का नाम मिस्टर बंटाढार रखा है। उन्होंने जनता की सेवा की, विकास किया, लेकिन बंटाढार नाम क्यों चल रहा है। बंटाढार नाम लेने से बीजेपी को क्यों वोट मिलते हैं। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि ऐसा इसलिए हो रहा है कि दलाल इनको छोड़ते नहीं हैं। दलालों को बिठाने का काम आप और हम सब मिलकर करेंगे। ये तय कर लें कि दलालों की सुनना है या कार्यकर्ताओं की। पदयात्रा में राहुल गांधी आएंगे। मेरा वीडियो राहुल गांधी और कांग्रेस को जरूर भेजना। वो तय कर लें कि कांग्रेस पार्टी दलालों से चलेगी या कार्यकर्ताओं से चलेगी या उन नेताओं से चलेगी, जो गुमराह हो चुके हैं और सत्ता के दलालों के कहने पर चल रहे हैं।



EVM खराब, तो हिमाचल में कैसे जीते



ईवीएम के पक्ष में उन्होंने कहा कि हम कई साल से कह रहे हैं कि ईवीएम खराब है। ईवीएम को लाया कौन? हम लाए। सारी ईवीएम खराब हैं, कौन मानेगा। कांग्रेस हिमाचल में कैसे जीत गई। पिछले चुनाव में राजस्थान में सरकार बनी। एमपी में हमारी ही सरकार बन गई थी, फिर गिर गई। तब ईवीएम पर क्यों नहीं सवाल उठा।



हम कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा रहे हैं



कुछ मशीनें खराब हो सकती हैं, लेकिन सभी मशीनें खराब हैं, सारा दोष ईवीएम पर लगाना ये गलत है। हम कुछ छिपा रहे हैं। यह कहकर कि ईवीएम खराब है आने वाले लोकसभा चुनाव में हम अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा रहे हैं। यह कहकर कि भैया ईवीएम ही खराब है, क्यों मेहनत करें, लोकसभा में कौन काम करेगा। लक्ष्मण सिंह ने आगे कहा कि क्या जरूरत थी डेमो देने की क्या EVM ने कहा था कि सांसद निधि यहां देना। क्यों ऐसी जगह दी गई, जहां कांग्रेस चुनाव हारी है।



Tags:
  • MP News
  • एमपी न्यूज
  • Digvijay Singh
  • Allegations against former MLA Laxman Singh
  • what was the need to give EVM demo
  • named Bantadhar 20 years ago
  • पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह
  • दिग्विजय सिंह पर लगाए आरोप
  • EVM डेमो देने की क्या जरूरत थी
  • 20 साल पहले बंटाढार नाम रखा