भोपाल में लोकतंत्र बचाओ रैली: सीएम मोहन यादव ने कहा- कांग्रेस ने अदालतों और जजों का अपमान किया

Amresh Kushwaha | Nov 04, 2026, 16:12 IST
भोपाल में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ रैली को संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।
Chief Minister Dr. Mohan Yadav addressing the Save Democracy, End Anarchy rally in Bhopal.
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार, 4 नवंबर को बीजेपी ने लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा निकाली। इस दौरान अटल पथ पर एक बड़ी सभा हुई। इसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। दोनों नेताओं ने आपातकाल, चुनाव आयोग, EVM और राहुल गांधी की राजनीति को लेकर कई सवाल उठाए हैं।

CM मोहन यादव बोले- कांग्रेस ने न्यायपालिका का अपमान किया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का अनादर करने और चुनाव आयोग को अपनी जेब की पुड़िया समझने वालों को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।



मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब भी अदालत ने कांग्रेस के खिलाफ कोई फैसला दिया, पार्टी ने न्यायपालिका और जजों का अपमान किया। उन्होंने कहा कि देश में लगाया गया आपातकाल इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।



पीएम मोदी करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करते हैं

सीएम मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी के नेतृत्व में लंबे समय तक देश की सत्ता संभाली है। उन्होंने कहा कि अब जनता कांग्रेस को सत्ता से दूर रख रही है, इसलिए उसके नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अनाप-शनाप नारे लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जनता के बीच रहने वाले नेता हैं और करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करते हैं।



नड्डा बोले- कांग्रेस ने 90 बार चुनी हुई सरकारें गिराईं

सभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस किस मुंह से लोकतंत्र बचाने की बात करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में 90 बार राज्यों की चुनी हुई सरकारों को गिराया है।



नड्डा ने देश में लगे आपातकाल (Emergency) का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वे खुद आपातकाल के भुक्तभोगी रहे हैं। कांग्रेस और इंडी गठबंधन मिलकर देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।



कांग्रेस को अगले 20-30 साल तक सत्ता नहीं मिलेगी

नड्डा ने कहा कि कांग्रेस समझ चुकी है कि अगले 20 से 30 साल तक उसे सत्ता में आने का मौका नहीं मिलने वाला है। इसलिए वह चुनाव हारने के बाद अपनी हार का जिम्मेदार चुनाव आयोग को ठहराती है।



उन्होंने राहुल गांधी की राजनीति को हिट एंड रन बताया है। नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक के चुनावों में वोट चोरी के आरोप लगाए थे। लेकिन जब चुनाव आयोग ने हलफनामे के साथ सबूत मांगे, तो पार्टी पीछे हट गई।



EVM पर सवाल उठाने के बजाय हार की वजह तलाशें राहुल गांधी

जेपी नड्डा ने EVM को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग (Election Commission) ने सभी दलों को EVM हैक करके दिखाने की खुली चुनौती दी थी। लेकिन कांग्रेस का कोई बड़ा नेता चुनौती स्वीकार करने नहीं आया।



नड्डा ने राहुल गांधी से कहा कि वे बार-बार EVM और बैलेट पेपर पर सवाल उठाने के बजाय अपनी पार्टी की हार के कारणों पर विचार करें।



FAQs

  1. भोपाल में लोकतंत्र बचाओ रैली कब हुई थी?
    भोपाल में लोकतंत्र बचाओ रैली 4 नवंबर को हुई थी।
  2. सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर क्या आरोप लगाए हैं?
    सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर न्यायपालिका का अपमान करने और चुनाव आयोग को अपनी जेब की पुड़िया समझने का आरोप लगाया है।
  3. बीजेपी ने कांग्रेस के खिलाफ किस प्रकार के आरोप लगाए हैं?
    बीजेपी ने कांग्रेस पर आपातकाल के दौरान सत्ता के दुरुपयोग, 90 बार चुनी हुई सरकारों को गिराने और चुनाव में हार के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराने के आरोप लगाए हैं।
Tags:
  • राजधानी भोपाल
  • लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ
  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
  • केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा
  • इंडी गठबंधन
  • राहुल गांधी
  • सीएम मोहन यादव
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  • पीएम मोदी
  • जवाहरलाल नेहरू