राजगढ़ में सगी मां ने 12 साल की मासूम को 12 लाख में बेचा, गैंगरेप का शिकार हुई
समझें क्या है पूरा मामला...
- राजगढ़ में एक मां और सौतेले पिता ने अपनी ही मासूम बेटी को 12 लाख रुपए में बेच दिया।
- बच्ची का सौदा करने के बदले 8 लाख रुपए कैश और 4 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लिए गए थे।
- पैसे लेने के बाद बच्ची की शादी जबरन एक 26 साल के युवक से करा दी गई थी।
- शादी के बाद पीड़िता के पति, सौतेले पिता और एक अन्य आरोपी ने उसके साथ कई बार रेप किया।
- पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की मां समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मध्यप्रदेशके राजगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां रिश्तों को कलंकित करने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए।
एक मां और सौतेले पिता ने मिलकर अपनी ही 12 साल की मासूम बच्ची का सौदा कर दिया। आरोपियों ने बच्ची को 12 लाख रुपए में बेचा। इसके बाद एक बड़ी उम्र के लड़के से उसकी जबरन शादी करा दी।
इसके बाद मासूम को बंधक बनाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया।
पिता की मौत के बाद टूटा परिवार
कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह पूरी कहानी जनवरी 2025 से शुरू हुई थी। उस समय पीड़िता के सगे पिता की शराब पीने की वजह से मौत हो गई थी।
पिता की मौत के बाद पूरा परिवार बिखर गया और आर्थिक तंगी आ गई। इसके बाद बच्ची की मां ने गुना जिले के रहने वाले पवन उर्फ परमाल गुर्जर से दूसरी शादी कर ली थी।
12 साल की बच्ची और 26 साल का दूल्हा
दूसरी शादी करने के बाद आरोपी सौतेला पिता पवन बच्ची और उसकी मां को राजगढ़ लेकर आ गया। यहां आकर उसने मासूम बच्ची को अपनी कमाई का जरिया बना लिया।
पुलिस जांच में एक और हैरान कर देने वाली बात सामने आई। आरोपी ने 3 फरवरी 2025 को 12 साल की इस बच्ची की शादी जबरन 26 साल के युवक भोला उर्फ भोलाराम गुर्जर से करा दी थी।
यह कोई आम शादी नहीं थी बल्कि सीधे-सीधे इंसानों की खरीद-फरोख्त का मामला था। इस शादी के बदले सौतेले पिता और मां ने मिलकर 12 लाख रुपए लिए थे।
शादी की पहली रात से शुरू हुआ दरिंदगी का खेल
रुपए और जेवर लेकर बच्ची को सौंपने के बाद दरिंदगी का घिनौना खेल शुरू हुआ। शादी की पहली ही रात को कथित पति भोला उर्फ भोलाराम ने मासूम के साथ रेप किया।
हद तो तब हो गई जब रक्षक बने सौतेले पिता पवन उर्फ परमाल गुर्जर ने भी मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि परमाल ने भी अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ कई बार दुष्कर्म (गैंग रेप) किया।
मां ने की तीसरी शादी
जानकारी के अनुसार पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह डर की वजह से चुपचाप सब कुछ सहती रही। उसे लगातार डराया जाता था कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो अंजाम बुरा होगा।
इसी बीच मुख्य आरोपी सौतेला पिता पवन गुर्जर उसकी मां को छोड़कर कहीं भाग गया।
इसके बाद कलयुगी मां ने अपनी जिम्मेदारी समझने के बजाय राजस्थान के एक व्यक्ति से तीसरी शादी कर ली। राजस्थान जाने से पहले वह अपनी नाबालिग बेटी को राजगढ़ में रहने वाली शैतानबाई के घर छोड़ गई थी।
शैतानबाई के घर पर मासूम बच्ची से नौकरों की तरह घर का काम कराया जाता था। उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इसी दौरान आरोपी देवराज गुर्जर ने भी अकेला पाकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
काउंसलिंग में खुली पोल
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब राजगढ़ की कोतवाली थाना प्रभारी तक इस घटना की भनक पहुंची। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया है।
इसके बाद चाइल्ड लाइन और महिला काउंसलर्स की मदद से बच्ची की काउंसलिंग कराई गई। पुलिस ने बच्ची को पूरा भरोसा दिया कि अब उसे कुछ नहीं होगा। इसके बाद बच्ची ने रोते हुए अपनी पूरी आपबीती पुलिस के सामने उगल दी।
5 आरोपी सलाखों के पीछे
थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने बताया कि इस मामले में कुल 6 आरोपियों के खिलाफ नामजद FIR) दर्ज की गई है। पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी करके पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें बच्ची की सगी मां भी शामिल है।
हालांकि गुना जिले के लहरचा चक का रहने वाला मुख्य आरोपी पवन उर्फ परमाल गुर्जर अभी भी फरार है। पुलिस की टीमें उसे पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है।
अपराध में शामिल आरोपियों की भूमिका
| आरोपी का नाम | अपराध में भूमिका | वर्तमान स्थिति |
| पवन उर्फ परमाल गुर्जर | मुख्य साजिशकर्ता, मां से दूसरी शादी की बच्ची को बेचा और रेप किया। | फरार (10 हजार का इनाम घोषित) |
| भोला उर्फ भोलाराम गुर्जर | कथित पति, 12 लाख देकर बच्ची को खरीदा, बाल विवाह किया और रेप किया। | गिरफ्तार |
| देवराज गुर्जर | बच्ची को डराया-धमकाया और शैतानबाई के घर में ले जाकर कई बार रेप किया। | गिरफ्तार |
| शैतानबाई | बच्ची को अपने घर में बंधक बनाकर रखा, मारपीट की और जबरन घरेलू काम कराया। | गिरफ्तार |
| सागर गुर्जर | इस पूरे घिनौने अपराध की साजिश रचने और उसे अंजाम देने में मदद की। | गिरफ्तार |
| पीड़िता की सगी मां | अपनी ही बेटी को बेचने में सहमति दी और पैसों के लालच में सौदेबाजी का हिस्सा बनी। | गिरफ्तार |
ये खबरें भी पढ़िए...
एमपी न्यूज: जिस लड़की को मृत मानकर पिता-भाई को भेजा जेल, वो प्रेमी के साथ आई वापस
आईपीएस संजीव कंचन की बेटी के आत्महत्या मामले में मिला सुसाइड नोट, लिखा...
मध्यप्रदेश न्यूज: पति और बॉयफ्रेंड दोनों संग रहना चाहती है पत्नी, मना करने पर पति का फोड़ा सिर
सिस्टम से परेशान बुजुर्ग ने जन सुनवाई में खाया जहर, मौत से पहले कहा मैं तीन बार...
राजगढ़ न्यूज: एक ही मोहल्ले के 27 बच्चों को ब्लड कैंसर : सांसद रोडमल नागर का बड़ा खुलासा