जिस एमपी को अपनी धरोहरों पर नाज, वहीं सबसे ज्यादा चोरियां! देश की 29% ऐतिहासिक विरासत यहीं से गायब

Aman Vaishnav | Sootr Creatives | Published:
कल्पना कीजिए, रात के अंधेरे में चोर आते हैं और किसी ऐतिहासिक किले से साढ़े तीन टन वजनी एक पूरी की पूरी तोप गायब कर देते हैं। सुनने में यह किसी फिल्मी कहानी जैसा लगता है, लेकिन मध्य प्रदेश में यह हकीकत बन चुका है। एक तरफ मध्य प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति और प्राचीन मंदिरों के लिए पहचाना जाता है।

वहीं दूसरी ओर अब यहां धरोहरों की चोरी के सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं।



आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (Archaeological Survey of India-ASI) के ताजा आंकड़ों ने चौंकाने वाली तस्वीर सामने रखी है। रिपोर्ट के अनुसार देश के संरक्षित स्मारकों से प्राचीन वस्तुओं की चोरी के सबसे ज्यादा मामले मध्य प्रदेश में दर्ज किए गए हैं। इस मामले में एमपी ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों को भी पीछे छोड़ दिया है।



नरवर किले से 400 साल पुरानी तोप चोरी

जुलाई 2026 में शिवपुरी जिले के नरवर किले से 16वीं सदी की यानी करीब 400 साल पुरानी 3.5 टन वजनी तोप चोरी हो गई थी। हालांकि यह किला राज्य पुरातत्व विभाग के अधीन है, इसलिए इसे एएसआई की लिस्ट में शामिल नहीं किया गया है। पुलिस जांच में पता चला है कि चोर इस भारी-भरकम तोप को चुराकर राजस्थान ले गए हैं। दूसरी ओर इसका सुराग अभी तक नहीं मिल पाया है। इस घटना ने प्रदेश में दशकों से चल रहे हेरिटेज क्राइम की पोल फिर से खोल दी है।



​मध्य प्रदेश में धरोहरों की सबसे ज्यादा चोरी

देश की 29 प्रतिशत धरोहरें अकेले एमपी से गायब

एएसआई की रिपोर्ट बताती है कि साल 1960 से अब तक पूरे देश के संरक्षित स्मारकों से कुल 488 पुरावशेष चोरी हुए हैं। इनमें से अकेले 142 मामले यानी करीब 29.1 प्रतिशत चोरी मध्य प्रदेश से हुई है। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार 1970 के दशक के आखिर से गुना, ग्वालियर, मुरैना और रायसेन के स्मारकों को लगातार निशाना बनाया गया है। इस लिस्ट में भिंड, शिवपुरी, विदिशा, कटनी, खंडवा, सतना, दमोह और बड़वानी भी शामिल है।



देश के टॉप 10 राज्य जहां सबसे ज्यादा धरोहरें चोरी हुईं

  • मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) - 142
  • राजस्थान (Rajasthan) - 91
  • उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) - 86
  • उत्तराखंड (Uttarakhand) - 33
  • तमिलनाडु (Tamil Nadu) - 30
  • बिहार (Bihar) - 22
  • आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) - 18
  • कर्नाटक (Karnataka) - 15
  • महाराष्ट्र (Maharashtra) - 12
  • छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) - 8

1978 से शुरू हुआ चोरी का सिलसिला

मध्य प्रदेश में एएसआई स्मारकों से धरोहर चोरी की शुरुआत साल 1978 में हुई थी। तब बुरहानपुर के असीरगढ़ किले से एक प्राचीन शिवलिंग चोरी हुआ था। हैरानी की बात यह है कि 47 साल बीत जाने के बाद भी यह शिवलिंग बरामद नहीं की श्रेणी में ही पड़ा है। इसके अगले ही दशक में यह गिरोह प्रदेश के कई जिलों में फैल गया।



ASI की लिस्ट में सबसे ज्यादा नाम गुना जिले का दर्ज है। दूसरे जिलों में जहां एक या दो बार चोरी हुई। वहीं गुना में लगातार कई सालों तक एक ही स्मारक से बेशकीमती चीजें गायब होती रहीं।



गुना जिले में हुई बड़ी चोरियों का ब्योरा

1982: बड़ा मदरसा से नक्काशीदार पत्थर की पटिया चोरी हुई थी। हालांकि इसे बाद में बरामद कर लिया गया था।



1983: नॉर्दर्न ग्रुप ऑफ टेम्पल्स से मूर्तियों का पूरा संग्रह ही चोरी हो गया था। इसमें त्रिभंग मुद्रा में शिव, नंदी के साथ शिव, ललितासन में शिव और विष्णु की मूर्तियां शामिल थीं, जो आज तक नहीं मिली हैं।



1987-1990: इस दौरान शिव मंदिर से चार भुजा वाली मूर्ति, जैन मंदिर से गंगा-यमुना की मूर्तियां और नक्काशीदार महिला का सिर चोरी हुआ। इनका भी आज तक कोई पता नहीं चला है।



​धरोहर चोरी में MP देश में सबसे आगे​

प्रदेश के अन्य जिलों से क्या-क्या हुआ गायब?

इन्वेंट्री रिकॉर्ड बताते हैं कि चोरों ने साधारण सजावटी सामान की जगह प्राचीन मूर्तियों और मंदिरों के वास्तु शिल्प को निशाना बनाया। चोरी हुई चीजों में शिव-विष्णु की मूर्तियां, जैन तीर्थंकर, बुद्ध की प्रतिमा, गंगा-यमुना की आकृतियां, यक्ष की मूर्ति, नक्काशीदार पैनल शामिल हैं। इनके अलावा चोरों ने पत्थर के स्लैब, पीतल के कलश-शिखर और पत्थर की जाली को भी निशाना बनाया।



ग्वालियर: यहां मोहम्मद गौस के मकबरे से पीतल के कलश चोरी हुए। मान सिंह महल और तेली का मंदिर से भी मूर्तियां चोरी हुई थी। हालांकि इनमें से कुछ मूर्तियां और जाली तो मिल गईं, लेकिन पीतल के कलश और गज व्याल की मूर्ति आज भी लापता हैं।



मुरैना: यहां के मंदिर परिसर से गणेश जी की मूर्ति और शिव मंदिर से दो महिला मूर्तियां चोरी हुईं थी। इनमें से एक भी वापस नहीं मिली।



रायसेन: शिव मंदिर से वक्रोदर यक्ष की मूर्ति गायब हुई जो अब तक नहीं मिली।



विदिशा: मालादेवी मंदिर से महिला के सिर की मूर्ति चोरी हुई थी। वहीं गदरमल मंदिर से चोरी हुई एक मूर्ति पुलिस ने बरामद कर ली थी।



खंडवा: यहां के महादेव और चौबीस अवतार मंदिर से पीतल के कई शिखर चोरी हुए थे। इनमें से ज्यादातर का कोई सुराग नहीं लगा है।



शिवपुरी: साल 1982 में सुरवाया से नृत्य करते पुरुष की मूर्ति चोरी हुई थी जो बाद में मिल गई थी। अब यहीं के नरवर किले से ऐतिहासिक तोप चोरी हुई है।



अमेरिका तक पहुंची एमपी की मूर्तियां

मध्य प्रदेश से चोरी हुई धरोहरों के तार अंतरराष्ट्रीय तस्करी के नेटवर्क से भी जुड़े रहे हैं। साल 2006 में कटनी से करीब 2200 साल पुरानी भरहुत यक्षी की प्रतिमा चोरी हुई थी। तस्कर इसे अमेरिका में लगभग 80 करोड़ रुपए में बेचने की तैयारी में थे।



साल 2011 में इस बेशकीमती प्रतिमा को आर्ट डीलर सुभाष कपूर के न्यूयॉर्क स्थित गोदाम से बरामद किया गया था। बाद में सुभाष कपूर को जर्मनी से गिरफ्तार किया गया और फिलहाल वह तमिलनाडु की तिरुचि केंद्रीय जेल में बंद है। इसके अलावा मध्य प्रदेश से चोरी हुई सेलेस्टियल डांसर (देवता) की प्राचीन प्रतिमा नवंबर 2024 में अमेरिका से भारत वापस लाई गई।



वहीं साल 2026 में अमेरिका से वापस लाई गई पुरावस्तुओं में शामिल नृत्य करते गणेश की प्रतिमा भी मध्य प्रदेश से ही चोरी हुई थी।



अब धरोहरों के दस्तावेजीकरण पर विभाग का सबसे ज्यादा जोर

चोरी की बढ़ती घटनाओं और पुरानी मूर्तियों की वापसी के लिए अब सरकारी स्तर पर काम तेज हो गया है। अगस्त 2026 में भोपाल में ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों की बैठक हुई थी। इस बैठक में धरोहरों की पहचान, उनके दस्तावेजीकरण और विदेश से वापसी के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर खास जोर दिया गया था। इसके बाद से एएसआई और मध्य प्रदेश पुरातत्व संचालनालय ने धरोहरों का पूरा रिकॉर्ड तैयार करने की मुहिम तेज कर दी है।



इस मामले पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक यदुवीर सिंह रावत ने अपना बयान दिया है। उनका कहना है कि चोरी की अधिकतर घटनाएं बहुत पुरानी हैं। अब स्मारकों में सुरक्षा इंतजाम बेहतर करने के साथ ही पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। विभाग का पूरा प्रयास है कि पुरावशेषों का दस्तावेजीकरण बेहतर तरीके से किया जाए। इससे चोरी होने की स्थिति में उन्हें ट्रैक करना और बरामद करना आसान हो सकेगा।



मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा धरोहरों की चोरी

FAQ



1. देश में एएसआई संरक्षित स्मारकों से सबसे ज्यादा धरोहरें किस राज्य से चोरी हुई हैं?



आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) की रिपोर्ट के अनुसार, देश में सबसे ज्यादा धरोहर चोरी के मामले मध्य प्रदेश में दर्ज हुए हैं। साल 1960 से अब तक देश से चोरी हुई कुल 488 प्राचीन वस्तुओं में से अकेले 142 धरोहरें (29.1 प्रतिशत) मध्य प्रदेश से चोरी हुई हैं। इस मामले में मध्य प्रदेश, राजस्थान (91) और उत्तर प्रदेश (86) से भी आगे है।

Tags:
  • आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया
  • Archaeological Survey of India
  • राज्य पुरातत्व विभाग
  • भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण
  • मध्य प्रदेश पुरातत्व संचालनालय
  • अंतरराष्ट्रीय तस्करी
  • मध्य प्रदेश
  • नरवर किले से 400 साल पुरानी तोप चोरी